08 SEPTUESDAY2026 2:59:01 PM
Life Style

श्रद्धा कपूर संग स्क्रीन शेयर करेंगी अक्षरा सिंह, बोलीं- ‘मेरे लिए बहुत बड़ी बात है’

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 31 Aug, 2026 02:58 PM
श्रद्धा कपूर संग स्क्रीन शेयर करेंगी अक्षरा सिंह, बोलीं- ‘मेरे लिए बहुत बड़ी बात है’

नारी  डेस्क:  भोजपुरी एक्ट्रेस और सिंगर अक्षरा सिंह ने इस बार अपना जन्मदिन कुछ अलग और खास अंदाज में मनाया। उन्होंने दानापुर स्थित नारी गुंजन बिहार महादलित विकास मिशन स्पेशल स्कूल और हॉस्टल में महादलित बच्चियों के साथ अपना बर्थडे सेलिब्रेट किया। बच्चों के साथ केक काटने से लेकर गाने और संगीत का आनंद लेने तक, अक्षरा ने उनके साथ कई खुशनुमा पल बिताए। इस दौरान उन्होंने इंदिरा आईवीएफ का दौरा भी किया और कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।

बच्चों के साथ बिताया जन्मदिन का दिन

अक्षरा सिंह ने अपने जन्मदिन पर बच्चों के साथ समय बिताने को अपने लिए बेहद खास बताया। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह इंदिरा आईवीएफ के 11 साल पूरे होने के मौके पर वहां पहुंची थीं और उन्हें खुशी है कि इस खास अवसर पर, खासकर अपने जन्मदिन के दिन, उन्हें वहां बुलाया गया। अक्षरा ने बताया कि बच्चों के साथ वक्त बिताना उनके लिए सिर्फ जन्मदिन मनाने का एक तरीका नहीं था। उन्होंने उनके साथ गाना गाया, संगीत सुना और खूब मस्ती की। उनके मुताबिक, इन बच्चों के बीच बिताया समय उनके लिए काफी भावुक और यादगार रहा।

PunjabKesari

‘छोटी-छोटी खुशियों को जी रहे हैं बच्चे’

महादलित बच्चियों के साथ अपना जन्मदिन मनाने के अनुभव को याद करते हुए अक्षरा ने कहा कि वह उन बच्चों के साथ अपनी जिंदगी का एक हिस्सा जीने गई थीं। उन्होंने कहा कि इससे बड़ी खुशी उनके लिए शायद कुछ और नहीं हो सकती। अक्षरा के मुताबिक, हम अपनी जिंदगी में लगातार किसी न किसी परेशानी से जूझते रहते हैं, लेकिन इन बच्चों ने कम सुविधाओं के बावजूद खुश रहना और छोटी-छोटी खुशियों को जीना सीखा है। उनके साथ समय बिताकर उन्हें भी बहुत कुछ महसूस करने और सीखने का मौका मिला।

IVF को लेकर भी कही अपनी बात

इंदिरा आईवीएफ के मौके पर अक्षरा सिंह ने IVF को लेकर भी अपनी राय साझा की। उन्होंने कहा कि जो लोग लंबे समय से माता-पिता बनने का सपना देख रहे हैं और किसी वजह से निराश हैं, उनके लिए IVF उम्मीद की एक किरण हो सकता है। उन्होंने लोगों से विज्ञान और इससे जुड़ी तकनीकों को समझने की अपील करते हुए कहा कि आज दुनिया भर में IVF के जरिए कई लोगों के माता-पिता बनने के सपने पूरे हुए हैं। अक्षरा ने इसे उन महिलाओं और पुरुषों के लिए एक विकल्प बताया, जो लंबे समय से इस उम्मीद में हैं कि उनका परिवार पूरा हो सके।

ये भी पढ़ें:  नेपाल बाढ़ के बाद Manisha Koirala की बड़ी अपील, बोलीं- ‘हमें टूरिज्म की जरूरत है’

श्रद्धा कपूर संग स्क्रीन शेयर करना बताया बड़ी बात

अक्षरा सिंह जल्द ही फिल्म ‘ईठा’ में श्रद्धा कपूर के साथ नजर आएंगी। इस प्रोजेक्ट को लेकर वह काफी उत्साहित हैं। श्रद्धा के साथ काम करने के अनुभव को लेकर अक्षरा ने कहा कि वह इस मौके के लिए बेहद शुक्रगुजार हैं। उन्होंने निर्देशक लक्ष्मण उतेकर के साथ काम करने को भी अपने लिए बड़ी उपलब्धि बताया। अक्षरा ने श्रद्धा कपूर की तारीफ करते हुए कहा कि वह बेहद प्यारी हैं और एक अच्छी इंसान भी हैं। उन्हें श्रद्धा से काफी स्नेह मिला और उनके साथ स्क्रीन शेयर करना उनके लिए बहुत बड़ी बात है। अक्षरा ने इस फिल्म को अपने करियर के लिए एक खास मौका बताया। भोजपुरी इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के बाद हिंदी सिनेमा के इस बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना उनके लिए एक नया अनुभव है।

बिहार में फिल्म सिटी बनने के ऐलान से खुश अक्षरा

बिहार में फिल्म सिटी बनाए जाने के ऐलान पर भी अक्षरा सिंह ने खुशी जताई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह बिहार के कलाकारों के लिए बहुत बड़ी बात है। अक्षरा ने कहा कि लंबे समय से यह इच्छा रही है कि बिहार में भी कलाकारों को अपने राज्य में शूटिंग करने और काम करने के बेहतर मौके मिलें। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में कई बार शूटिंग हुई है, लेकिन बिहार में इस तरह की सुविधाओं की कमी महसूस होती थी। अब फिल्म सिटी के ऐलान से उन्हें उम्मीद है कि यह कमी भी पूरी होगी और स्थानीय कलाकारों को अपने ही राज्य में ज्यादा अवसर मिलेंगे।

PunjabKesari

‘बिहार की बेटी हूं, प्यार और आशीर्वाद बनाए रखें’

अक्षरा ने अपने आने वाले प्रोजेक्ट को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द एक हीरो के साथ उनकी नई फिल्म आने वाली है, हालांकि उन्होंने अभी प्रोजेक्ट से जुड़ी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की। अपने फैंस के लिए अक्षरा ने कहा कि वह खुद को बिहार की बेटी मानती हैं और यहां के लोगों से उन्हें हमेशा प्यार मिला है। उन्होंने कहा कि आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें बिहार के लोगों के प्यार और समर्थन का बड़ा योगदान है।

अक्षरा ने अपने प्रशंसकों से इसी तरह अपना प्यार और आशीर्वाद बनाए रखने की अपील की, ताकि वह आगे भी लगातार काम करती रहें और अपने सफर में और आगे बढ़ सकें।  

 

Related News