
नारी डेस्क: बॉलीवुड एक्टर सलमान खान ने रविवार को 'बिग बॉस 20' के कंटेस्टेंट का घर में स्वागत किया। एक्ट्रेस ईशा रिखी से बातचीत के दौरान उन्होंने उन्हें सलाह दी कि वे अपने अतीत को पीछे छोड़ दें और 'बिग बॉस' हाउस के अंदर अपने एक्स-हसबैंड, सिंगर और रैपर बादशाह का ज़िक्र न करें। सलमान ने ईशा से कहा, "दुखी मत होइए। ब्रेकअप किसके नहीं होते? मेरे ही मामले को देख लीजिए ।

सलमान ने आगे कहा- "किसी को भी आपको दुख पहुँचाने का श्रेय नहीं मिलना चाहिए। सामने वाला व्यक्ति तो बहुत पहले ही आगे बढ़ चुका है।" उन्होंने ईशा से कहा कि वे घर के अंदर इस मुद्दे को न उठाएं और न ही बादशाह का ज़िक्र करें। सलमान ने कहा-"मैं 'बिग बॉस 20' में ईशा रिखी को देखना चाहता हूं, न कि बादशाह की एक्स-वाइफ को।" ईशा ने भी अपनी अलग पहचान बनाने और लोगों को यह बताने की इच्छा जताई कि वे असल में कौन हैं, न कि सिर्फ़ अपने पुराने रिश्ते की वजह से जानी जाएं। जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दें कि ईशा और बादशाह ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक जॉइंट पोस्ट के ज़रिए अपने अलग होने की घोषणा की थी।

दोनों ने अपने-अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक बयान जारी किया, जिसमें लिखा था- "मैंने और ईशा रिखी ने आपसी सहमति से अलग होने और अपनी-अपनी राह पर आगे बढ़ने का फ़ैसला किया है। यह फ़ैसला आपसी सम्मान के साथ लिया गया है और हम सभी से अनुरोध करते हैं कि इस समय हमारी प्राइवेसी का सम्मान करें।" ईशा और बादशाह ने कथित तौर पर लगभग चार साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद मार्च 2026 में एक निजी समारोह में शादी की थी।

'बिग बॉस 20' हाउस में कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री करने से पहले, ईशा ने एक इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की थी, जिसमें कहा गया था, "मेरी शादी को लेकर कई अफ़वाहें फैल रही हैं। कुछ जगहों पर आ रही खबरों को सुनना और पढ़ना चौंकाने वाला है। मैं मीडिया के कुछ वर्गों से अनुरोध करती हूं कि वे मेरी शादी या अलग होने के बारे में कोई अफ़वाह न फैलाएं। मैं आम जनता से भी आग्रह करती हूं कि वे जो कुछ भी पढ़ें या सुनें, उस पर तब तक विश्वास न करें जब तक कि जानकारी सीधे मुझसे या मेरे ऑफ़िशियल सोशल मीडिया हैंडल से न मिले। धन्यवाद।"