नारी डेस्क: ‘बिग बॉस 20’ का ग्रैंड प्रीमियर होते ही घर के अंदर ड्रामा शुरू हो गया है। 6 सितंबर को सलमान खान ने शो के नए सीजन के 16 कंटेस्टेंट्स से दर्शकों को रूबरू कराया और इसके बाद सभी ने बिग बॉस के घर में कदम रखा। अब शो का पहला प्रोमो सामने आया है, जिसमें कंटेस्टेंट्स के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर तनाव साफ नजर आ रहा है। इस बार शुरुआत से ही माही विज अपने बॉसी अंदाज की वजह से चर्चा में आ गई हैं। प्रोमो में वह घर के दूसरे सदस्यों को अलग-अलग काम बताती नजर आ रही हैं। उनका यही रवैया कुछ कंटेस्टेंट्स को खटकने लगा है। इसी को लेकर बादशाह की एक्स-वाइफ और शो की कंटेस्टेंट ईशा रिखी भी माही पर तंज कसती दिखाई दीं।
चाय बनाने को लेकर माही और अरिश्फा में हुई बहस
लेटेस्ट प्रोमो में सुबह का माहौल दिखाया गया है। माही विज किचन में पहुंचती हैं और वहां मौजूद लड़कियों से चाय बनाने के लिए कहती हैं। वह कहती हैं कि जब वे लड़कियां हैं तो उन्हें चाय बनानी तो आती ही होगी। माही की इस बात पर ईशा रिखी तुरंत पलटकर सवाल करती हैं, “तुम क्या हो?” इसके बाद माही सोशल मीडिया स्टार अरिश्फा खान से चाय बनाने के लिए कहती हैं और उन्हें चाय उबालने को बोलती हैं। अरिश्फा को माही का यह तरीका पसंद नहीं आता। वह दूसरे कंटेस्टेंट्स से कहती हैं कि माही उन्हें चाय बनाने का ऑर्डर दे रही हैं। इसके बाद माही फिर किचन में आती हैं और अरिश्फा से कहती हैं कि उन्होंने पहले दूध उबालने के लिए कहा था। इस पर अरिश्फा भी अपना आपा खो देती हैं। वह साफ कहती हैं कि वह पहले ही माही को बता चुकी हैं कि उन्हें चाय बनानी नहीं आती। दोनों के बीच इस बात को लेकर तनाव बढ़ता हुआ नजर आता है।
ईशा रिखी ने माही पर कसा तंज
प्रोमो का सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला हिस्सा ईशा रिखी का बयान है। वह माही के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहती हैं कि घर में आने के बाद से ही माही लगातार दूसरों से अपने काम करवाने में लगी हुई हैं। ईशा कहती हैं कि माही कभी किसी से अपने कपड़े उठाने को कहती हैं, कभी कुछ बनाने के लिए बोलती हैं और अब चाय बनाने का काम भी दूसरों को बता रही हैं। इसी दौरान वह तंज कसते हुए कहती हैं, “शुक्र है इन्होंने ये नहीं बोला कि मेरे अंडरगार्मेंट्स भी धो दो।” ईशा की यह बात सुनकर घर में मौजूद बाकी कंटेस्टेंट्स का रिएक्शन भी देखने लायक है। साफ है कि माही के काम करवाने के अंदाज को लेकर घर में अभी से मतभेद शुरू हो चुके हैं।
अरिश्फा को भी माही से आई ‘ऑफ वाइब’
माही और अरिश्फा के बीच हुई बहस के बाद अरिश्फा खान, अमन गांधी से उनके बारे में बात करती नजर आती हैं। वह कहती हैं कि उन्हें माही से ‘ऑफ वाइब’ आ रही है। अमन गांधी भी अरिश्फा की बात से सहमत नजर आते हैं। यानी शो की शुरुआत में ही माही का रवैया घर के कुछ सदस्यों को पसंद नहीं आ रहा है। आने वाले एपिसोड्स में यह नाराजगी किस तरह आगे बढ़ती है, यह देखना दिलचस्प होगा।
बैग उठाने को लेकर अमन गांधी से भी हुई नोकझोंक
माही विज की एक और झलक प्रोमो में देखने को मिलती है, जब वह टीवी एक्टर अमन गांधी से अपने बैग उठाने में मदद मांगती हैं। अमन मदद करने के लिए तैयार तो होते हैं, लेकिन कहते हैं कि पहले माही को उनसे ‘प्लीज’ कहना होगा। माही को अमन की यह शर्त पसंद नहीं आती। इसी बीच आसिफ खान माही की मदद करने के लिए आगे आ जाते हैं। इसके बाद माही अमन से नाराजगी जताते हुए कहती हैं, “प्लीज बोलूं मैं तेरेको...” और वहां से चली जाती हैं। यह छोटी सी बहस भी घर में माही के व्यवहार को लेकर चर्चा की वजह बन जाती है।
सोशल मीडिया पर भी ट्रोल हो रहीं माही
शो का प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी माही विज के रवैये को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ दर्शक उनके बॉसी अंदाज की आलोचना कर रहे हैं। वहीं, कई लोगों ने लड़कियों को चाय बनाने से जोड़कर कही गई उनकी टिप्पणी को लेकर भी सवाल उठाए हैं और इसे सेक्सिस्ट यानी लिंग-भेद वाली टिप्पणी बताया है। हालांकि, यह अभी शो की शुरुआत है और प्रोमो में दिखाई गई झलक के आधार पर ही दर्शक अपनी राय बना रहे हैं। अब घर के अंदर माही का गेम किस दिशा में जाता है, यह आने वाले एपिसोड्स में ही पता चलेगा।
ये कंटेस्टेंट्स भी बने Bigg Boss 20 का हिस्सा
‘बिग बॉस 20’ में इस बार अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े कंटेस्टेंट्स को शामिल किया गया है। शो में कनिका मान, आसिफ खान, काज़ी अहमद तौकीर, ईशा रिखी, आम्रपाली दुबे, रोहेद खान, एमसी मैरी कॉम, तन्मय सिंह, अरिश्फा खान, कुशल तंवर, अमन गांधी, उदिति सिंह, रीति तिवारी और माही विज समेत कई चेहरे नजर आ रहे हैं। शो में एथलीट, फिल्म और टीवी से जुड़े कलाकारों के साथ-साथ क्रिएटर्स को भी जगह दी गई है। ऐसे में इस सीजन में अलग-अलग बैकग्राउंड से आए कंटेस्टेंट्स के बीच टकराव और नई दोस्तियां देखने को मिल सकती हैं।
कब और कहां देख सकते हैं शो
‘बिग बॉस 20’ का प्रसारण रोजाना किया जा रहा है। शो रात 9 बजे JioHotstar पर स्ट्रीम होगा, जबकि रात 10:30 बजे Colors TV पर टेलीकास्ट किया जाएगा। शुरुआती प्रोमो में ही जिस तरह माही विज और दूसरे कंटेस्टेंट्स के बीच तकरार देखने को मिल रही है, उससे इतना तो साफ है कि बिग बॉस के घर में आने वाले दिनों में ड्रामा और बहस का सिलसिला तेज होने वाला है।