नारी डेस्क: फैशन की दुनिया में भारत की महिलाओं ने खूब नाम रोशन किया है। सिर्फ फैशन और स्टाइलिश दिखने में ही नहीं बल्कि दूसरों को दिखाने में भी। लंदन फैशन वीक में भारत की बेटी ने अपने अनोखी और खास कलेक्शन “The Web” शोकेस की। ये कलैक्शन सिर्फ एक फैशन ही नहीं बल्कि उनके अंदर छिपे ढेरों ऐसे एहसास थे जिसे उन्होंने अपनी खास कलैक्शन द वैब के जरिए पेश कर दिया। जी हां हम बात कर रहे हैं। भारत के पंजाब राज्य में लुधियाना की रहने वाली वैशाली सागर की जो लंदन फैशन वीक में अपने अनोखे फैशन और अंदाज से सब का दिल जीतती आई हैं। पिछले सात सालों से रैंप पर अपना जलवा बिखेरने वाली वैशाली इस बार भी अपनी कलैक्शन प्रीजेंड की जो सिर्फ कपड़ों के डिजाइन तक ही सीमित नहीं थी बल्कि इसमें उनकी भावनाओं का जाल बिछा था। वो भावनाएं जो महिलाओंं की पहचान, शक्ति और सहनशीलता जैसे कई एहसासों से जुड़ी हैं जिसे शब्दों में बयां करना आसान नहीं होता।

फैशन कलैक्शन The Web बन गया एहसासों की कहानी
वैशाली अपना लेबल Vz Perfection by Vaishali से फेम पा रही हैं। इस बार उनकी कलैक्शन द वैब की शुरुआत उस समय हुई जब वह खुद अपनी भावनाओं के साथ ठहर नहीं पा रही थी। मेनोपॉज पीरियड्स के दौरान महिलाएं , मूड स्विंग्स, कभी तनाव तो कभी थकान, जैसे कई उतार-चढ़ाव महसूस करती हैं, वो ही भावनाएं वैशाली को भी घेरे थी। वह अपने ही विचारों में कई बार ऐसी उलझ जाती कि खुद उनके लिए ही इन सब से बाहर आना मुश्किल हो जाता था। एक रंग और एक कॉन्सेप्ट से शुरुआत करने के बावजूद उनका मन किसी एक दिशा में टिक नहीं पा रहा था। इसी बीच परिवार के ऐसे सदस्य जो उनके बहुत करीबी थे, को खोने का दुख भी वैशाली अपने अंदर समाया हुआ था। वह रोजमर्रा के ये बदलाव और भावनात्मक उतार-चढ़ाव से जूझ रही थीं। इस दौरान उन्हें ऐसा लग रहा था मानों वह एक साथ कई नुकसान झेल रही हैं। शरीर औ मन, कई तरह के बदलाव को महसूस कर रहा था, ऐसा लग रहा था मानो जिदंगी किसी धुंध में चली गई है लेकिन इसी धुंध से निकली एक नई रोशनी 'The Web' बनकर उनकी कलैक्शन में नजर आई, ऐसा जाल हर महिला की जिंदगी में फैलता है जिसे वो अपनी शक्ति अपनी सहनशीलता से पार भी करती है ।

रंगों में छिपी कई भावनाएं बयां करती है The Web कलैक्शन
डिजाइनर वैशाली ने कई तरह के रंगों का इस्तेमाल अपनी कलैक्शन में किया और हर रंग अपनी ही एक भावना ब्यां करता है हॉट पिंक को नारी शक्ति और आत्मविश्वास, येलो को पॉजिटिविटी और एनर्जी वहीं आईवरी को शांति और बेलेंस से जोड़कर पेश किया गया है। इसी के साथ हाथ से बने मेटेलिक वेब डिज़ाइन्स इस बात का प्रतीक हैं कि चाहे हालात कितने भी उलझे हो, इंसान अपनी मजबूत अपनी सहनशीलता से उन विचारों से उभर सकता है। इस कलैक्शन में इस्तेमाल किए ड्रेगन फ्लाई ट्रांसफॉरमेशन , लव मोटिफ्स शांति और मैथिस्ट व रोज क्वार्ट्ज जैसे पत्थर हीलिंग के प्रतीक माने गए हैं।

ट्रडीशन और मॉडर्न का खूबसूरत फ्यूजन , हर ड्रेस की एक कहानी
वैशाली के डिजाइन्स की ये खासियत हमेशा से ही रही है कि इसमें ब्रिटिश टेलरिंग और भारतीय हस्तकला का अनोखा संगम देखने को मिलता है। इस बार भी उन्होंने फ्लोई सैटिन और स्ट्रक्चर्ड सिल्हूट्स को मिलाकर एक ऐसा कॉम्बिनेशन तैयार किया जो देखने में जितना खूबसूरत है, उतना ही गहरा भी। उनके तैयार किए गए हर आउटफिट को इतिहास की पावरफुल महिला क्लियोपेट्रा से लेकर प्रिंसेस डायना तक के नाम से जोड़ा गया है। डिजाइनर ने अपने फैशन शो रे माध्यम में उन महिलाओं को श्रद्धांजलि भी दी है , जिन्होंने अपने दम पर दुनिया में पहचान बनाई।

40 के बाद खुद को पहचानने का वक्त: वैशाली
'The Web' सिर्फ कपड़ों की कलेक्शन नहीं, बल्कि 40 की उम्र की महिलाओं का जश्न भी है। वैशाली का मानना है कि यह वो उम्र है जब महिला को अब हर किसी को खुश करने की जरूरत नहीं होती। उसे पता होता है कि उसे कहां होना है और कहां नहीं। यह बदलाव खोने का नहीं, बल्कि खुद को पाने का संकेत है। वैशाली के लिए फैशन सिर्फ सजने-संवरने का तरीका नहीं, बल्कि अपने अस्तित्व को व्यक्त करने का माध्यम है। “The Web” उन महिलाओं के लिए है जो गहराई से महसूस करती हैं, हर मुश्किल के बाद फिर खड़ी होती हैं और अपनी ताकत को गर्व के साथ जीती हैं।

'The Web' हमें यह सिखाता है कि जिंदगी में ताकत और नर्मी, दुख और विकास, सहारा और आज़ादी ये सब एक साथ मौजूद हो सकते हैं और शायद यही जिंदगी की सबसे खूबसूरत सच्चाई है।