22 MAYFRIDAY2026 10:21:45 PM
Life Style

कान्स में छाया पाकिस्तानी एक्ट्रेस सनम सईद का देसी ग्लैमर, 2354 घंटों में बनी पीकॉक ड्रेस ने खींचा सबका ध्यान

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 17 May, 2026 03:13 PM

नारी डेस्क:  फ्रांस के खूबसूरत फ्रेंच रिवेरा में चल रहे 79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में इस बार सिर्फ बॉलीवुड और हॉलीवुड सितारों की ही नहीं, बल्कि एक पाकिस्तानी एक्ट्रेस की भी खूब चर्चा हो रही है। ‘ज़िंदगी गुलजार है’ फेम एक्ट्रेस सनम सईद ने अपने कान्स डेब्यू से ऐसा जलवा बिखेरा कि सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें तेजी से वायरल हो गईं। 41 साल की सनम ने रेड कार्पेट पर ऐसा देसी और रॉयल अंदाज दिखाया, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

पीकॉक इंस्पायर्ड लुक में दिखीं बेहद खूबसूरत

सनम सईद ने कान्स फिल्म फेस्टिवल के लिए डिजाइनर हुसैन रेहार की खास कस्टम-मेड ड्रेस पहनी थी। इस आउटफिट को सफेद मोर यानी व्हाइट पीकॉक से इंस्पायर होकर तैयार किया गया था। पूरे लुक में सफेद रंग की फ्लोई सिल्हूट और सिल्वर शिमर का खूबसूरत मेल देखने को मिला, जिसने उनके अंदाज को बेहद रॉयल और एथेरियल टच दिया। जैसे ही सनम रेड कार्पेट पर पहुंचीं, उनका यह अनोखा लुक कैमरों का फेवरेट बन गया। सोशल मीडिया पर भी लोग उनके देसी स्टाइल और एलिगेंस की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

पाकिस्तान की ‘ट्रेजडी क्वीन’ को दिया ट्रिब्यूट

सनम का यह लुक सिर्फ फैशन तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके पीछे एक खास कहानी भी छिपी थी। दरअसल, उन्होंने अपने इस आउटफिट के जरिए पाकिस्तान की दिग्गज अभिनेत्री शमीम आरा को ट्रिब्यूट दिया। शमीम आरा को पाकिस्तान की ‘ट्रेजडी क्वीन’ कहा जाता है, ठीक वैसे ही जैसे बॉलीवुड में मीना कुमारी को यह पहचान मिली थी। सनम ने अपने लुक में पुराने दौर की शाही नजाकत और मॉडर्न फैशन का खूबसूरत मिश्रण पेश किया, जिसने उनके डेब्यू को और भी खास बना दिया।

2354 घंटों में तैयार हुई खास ड्रेस

डिजाइनर के ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज पर दी गई जानकारी के मुताबिक, इस शानदार आउटफिट को तैयार करने में करीब 50 कारीगरों ने काम किया। इस ड्रेस को बनाने में कुल 2,354 घंटे लगे, जो इसकी बारीक कारीगरी को साफ दर्शाता है। पूरे आउटफिट पर सिल्वर एम्बेलिशमेंट के जरिए सफेद मोर के पैटर्न उभारे गए थे। नेकलाइन से लेकर बॉर्डर तक हर डिटेलिंग को बेहद फाइन तरीके से डिजाइन किया गया, जो रेड कार्पेट की रोशनी में और भी ज्यादा निखरकर सामने आई।

ड्रेस की डिजाइनिंग ने बढ़ाई शाही खूबसूरती

सनम की ड्रेस को हाई-नेक हॉल्टर स्टाइल में डिजाइन किया गया था, जबकि बैक पर डीप नेक डिटेल दी गई थी। आउटफिट के अपर पोर्शन पर बारीक मिरर वर्क, मुकेश एम्ब्रॉयडरी और जरदोजी कढ़ाई की गई थी, जिसने इसे बेहद रिच और एलिगेंट लुक दिया। ड्रेस के निचले हिस्से में फ्लेयर्ड लेयर्स और 3डी फ्लोरल डिटेलिंग की गई थी, जिससे पूरा आउटफिट काफी ड्रामेटिक और यूनिक नजर आया। इसके साथ उन्होंने हैवी प्लीट्स वाला गरारा स्टाइल बॉटम पहना था, जिसका सिल्वर बॉर्डर पूरे लुक को और खास बना रहा था।

ये भी पढ़ें: 62 की उम्र में बनी दुनिया की सबसे 'सुंदर महिला', कान्स में चमचमाते गाउन में लूटी लाइमलाइट

क्या होती है मुकेश एम्ब्रॉयडरी?

सनम की ड्रेस में इस्तेमाल हुई मुकेश एम्ब्रॉयडरी भी लोगों का ध्यान खींच रही है। यह लखनऊ की पारंपरिक कढ़ाई कला मानी जाती है, जिसमें कपड़े पर छोटे-छोटे मेटलिक धागों या फॉइल पीस को हाथों से लगाया जाता है। इससे आउटफिट में हल्की चमक और शिमर इफेक्ट आता है। यह कारीगरी खासतौर पर सिल्क, जॉर्जेट और नेट जैसे फ्लोई फैब्रिक पर बेहद खूबसूरत लगती है।

जरदोजी वर्क ने दिया रॉयल टच

ड्रेस में की गई जरदोजी कढ़ाई ने इसे और भी शाही बना दिया। जरदोजी भारत और पाकिस्तान की बेहद पुरानी और रॉयल एम्ब्रॉयडरी कला मानी जाती है, जिसमें गोल्डन या सिल्वर धागों, स्टोन्स, मोतियों और सीक्विन्स से हाथों से बारीक काम किया जाता है। इस तरह की कढ़ाई आमतौर पर ब्राइडल और हाई-फैशन आउटफिट्स में इस्तेमाल की जाती है क्योंकि इसे तैयार करने में काफी समय और मेहनत लगती है।

गजरा और देसी स्टाइल ने जीता दिल

सनम सईद ने अपने पूरे लुक को बेहद खूबसूरती से स्टाइल किया। हॉल्टर नेक आउटफिट होने की वजह से उन्होंने नेकलेस नहीं पहना और सिर्फ स्टेटमेंट ईयर कफ्स के जरिए लुक को एलिगेंट रखा। उन्होंने बालों को फ्रंट से स्लीक लुक दिया, जबकि पीछे गूंथी हुई चोटी में लगा गजरा उनके देसी अंदाज को और निखार रहा था। सिल्वर हील्स के साथ उन्होंने अपने कान्स डेब्यू लुक को पूरा किया।

कान्स में मिला खास सम्मान

सनम सईद को कान्स फिल्म फेस्टिवल के दौरान यूएस स्टूडियोज द्वारा शुरू किए गए कार्यक्रम में “South Asian Women Excellence in Cinema and Arts” सम्मान से भी नवाजा गया। यही वजह है कि उनका यह डेब्यू सिर्फ फैशन मोमेंट नहीं, बल्कि उनके करियर का एक खास और यादगार पड़ाव बन गया।
  

Related News