
नारी डेस्क: बॉलीवुड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का 75 साल की उम्र में निधन हो गया है। परिवार ने मंगलवार को उनके निधन की जानकारी साझा की। बताया गया कि कृष्णा मुखर्जी ने मंगलवार दोपहर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया, “बहुत भारी मन से हम यह साझा कर रहे हैं कि रानी मुखर्जी की मां श्रीमती कृष्णा मुखर्जी, 75, का आज दोपहर निधन हो गया।” परिवार ने इस मुश्किल समय में लोगों से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील भी की है। बयान में कहा गया कि परिवार इस दुख की घड़ी में मिल रहे प्यार, प्रार्थनाओं और समर्थन के लिए सभी का आभारी है और इस समय उन्हें प्राइवेसी की जरूरत है।
मां के बेहद करीब थीं रानी मुखर्जी
रानी मुखर्जी कई मौकों पर अपनी मां कृष्णा मुखर्जी के साथ अपने खास रिश्ते के बारे में बात कर चुकी हैं। रानी के लिए उनकी मां सिर्फ परिवार का हिस्सा नहीं थीं, बल्कि उनके लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत भी थीं। रानी ने साल 2023 में अपनी फिल्म ‘Mrs. Chatterjee vs Norway’ के प्रमोशन के दौरान भी अपनी मां का जिक्र किया था। इस फिल्म में उन्होंने एक बंगाली मां का किरदार निभाया था, जो अपने बच्चों को वापस पाने के लिए संघर्ष करती है।
मां से प्रेरित था रानी का किरदार
फिल्म के किरदार की तैयारी के दौरान रानी ने असली कहानी से जुड़े कई रेफरेंस देखे थे। हालांकि, उन्होंने बताया था कि किरदार के कई हिस्सों को उन्होंने अपनी मां से प्रेरणा लेकर निभाया। रानी ने कहा था कि वह एक एक्टर के तौर पर किरदार की अपनी व्याख्या करना चाहती थीं। वह वास्तविक महिला की नकल नहीं करना चाहती थीं, बल्कि अपनी समझ के मुताबिक किरदार को पर्दे पर उतारना चाहती थीं। उन्होंने यह भी बताया था कि फिल्म से जुड़े कुछ रिकॉर्डेड टेप्स से उन्हें जरूरी संदर्भ मिले, लेकिन किरदार का बाकी हिस्सा उनकी मां से काफी प्रभावित था। रानी ने अपनी मां को याद करते हुए बताया था कि वह उन्हें सबसे ज्यादा बंगाली महिलाओं जैसी लगती थीं। बच्चों को हाथ से खाना खिलाना, माथे पर टीका लगाना और परिवार का ख्याल रखना जैसी कई चीजों से रानी ने अपनी मां से प्रेरणा ली थी। उन्होंने कहा था कि अपनी मां से उन्हें ताकत और प्रेरणा मिली।
कृष्णा मुखर्जी खुद भी थीं कला से जुड़ी
कृष्णा मुखर्जी का संबंध भी फिल्म और संगीत की दुनिया से रहा। वह पूर्व प्लेबैक सिंगर थीं। उनकी शादी फिल्ममेकर राम मुखर्जी से हुई थी, जिन्होंने फिल्मालय स्टूडियो की स्थापना में अहम भूमिका निभाई थी। राम मुखर्जी का निधन साल 2017 में हुआ था। इसके बाद अब कृष्णा मुखर्जी के निधन से परिवार ने एक और करीबी सदस्य को खो दिया है।

फिलहाल परिवार इस मुश्किल समय से गुजर रहा है और उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे उनकी भावनाओं और निजता का सम्मान करें।