04 JULSATURDAY2026 2:41:45 AM
Nari

मानसून में है शादी? दुल्हन के लिए बेहद काम आएंगे ये ब्यूटी और स्टाइल टिप्स- शहनाज़ हुसैन

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 01 Jul, 2026 04:28 PM
मानसून में है शादी? दुल्हन के लिए बेहद काम आएंगे ये ब्यूटी और स्टाइल टिप्स- शहनाज़ हुसैन

नारी डेस्क:  गर्मियों के बाद आने वाला मानसून अपने साथ हरियाली, ठंडी हवाएं और रिमझिम बारिश लेकर आता है। इसी मौसम में शादी का सीजन भी शुरू हो जाता है। अगर आपकी शादी मानसून में होने वाली है, तो यह मौसम जितना रोमांटिक है, उतना ही चुनौतीपूर्ण भी हो सकता है। बरसात को अक्सर "प्यार का मौसम" कहा जाता है। हल्की बारिश, ठंडी फिजाएं और हरियाली शादी के माहौल को और भी खूबसूरत बना देती हैं। लेकिन इस मौसम में नमी, उमस और बारिश जैसी परिस्थितियां तैयारियों पर असर डाल सकती हैं। यदि कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखा जाए, तो मानसून वेडिंग को यादगार बनाया जा सकता है।

शादी से पहले त्वचा और बालों की करें खास देखभाल

शादी के दिन खूबसूरत दिखना केवल मेकअप या महंगे लहंगे पर निर्भर नहीं करता। इसके लिए कई सप्ताह पहले से त्वचा और बालों की सही देखभाल शुरू करनी चाहिए। खासकर जिनकी त्वचा तैलीय या मिश्रित (कॉम्बिनेशन) है, उन्हें मानसून में अतिरिक्त देखभाल की जरूरत होती है। उमस के कारण चेहरा जल्दी ऑयली दिखने लगता है और धूल-मिट्टी त्वचा पर आसानी से चिपक जाती है। इसलिए नियमित क्लीनिंग, टोनिंग और हल्के ऑयल-फ्री मॉइस्चराइज़र का इस्तेमाल करें।

PunjabKesari

मानसून में वॉटरप्रूफ मेकअप है सबसे बेहतर

बारिश और नमी के कारण सामान्य मेकअप जल्दी खराब हो सकता है। इसलिए हमेशा वॉटरप्रूफ मेकअप प्रोडक्ट्स का ही इस्तेमाल करें। शादी से एक सप्ताह पहले मेकअप ट्रायल जरूर करवाएं। इससे आपको यह समझने में आसानी होगी कि कौन-सा मेकअप लंबे समय तक टिकेगा और मौसम के अनुसार बेहतर रहेगा। मेकअप से पहले चेहरे को अच्छे क्लेंज़र से साफ करें और हल्का ऑयल-फ्री मॉइस्चराइज़र लगाएं। इसके बाद ट्रांसलूसेंट पाउडर का इस्तेमाल करें, जो अतिरिक्त तेल और नमी को सोखकर मेकअप को लंबे समय तक टिकाए रखने में मदद करता है। ब्लश, ब्रॉन्ज़र और आईशैडो के लिए पाउडर-बेस्ड प्रोडक्ट्स चुनें। ये क्रीम बेस्ड प्रोडक्ट्स की तुलना में ज्यादा देर तक टिकते हैं।

काजल और बिंदी का रखें विशेष ध्यान

मानसून में साधारण काजल फैल सकता है, जिससे आंखों के आसपास कालापन नजर आने लगता है। इसलिए केवल वॉटरप्रूफ काजल और आईलाइनर का ही इस्तेमाल करें। इसी तरह लिक्विड बिंदी की जगह वॉटरप्रूफ बिंदी या स्टोन, कुंदन अथवा स्टिकर बिंदी चुनें। ये नमी में भी खराब नहीं होतीं और लंबे समय तक अपनी जगह बनी रहती हैं।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें: डॉक्टरों ने कहा था 'बचना मुश्किल': कीमो छोड़ा जंगल में बिताई रातें, 10 महीने में कैंसर हुआ गायब!

फुटवियर का चुनाव सोच-समझकर करें

अगर शादी का आयोजन खुले लॉन या गार्डन में है, तो फुटवियर का चयन बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है। बरसात में ऊंची हील पहनने से फिसलने या कीचड़ में धंसने की संभावना रहती है। ऐसे में आरामदायक और अच्छी ग्रिप वाले फुटवियर चुनें। स्टाइलिश पंजाबी जूती या फ्लैट एथनिक फुटवियर इस मौसम के लिए बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। ये न केवल खूबसूरत लगते हैं, बल्कि लंबे समय तक आराम भी देते हैं।

मानसून के लिए सही वेडिंग आउटफिट चुनें

इस मौसम में ऐसे कपड़ों का चुनाव करें जो हल्के, आरामदायक और जल्दी सूखने वाले हों। ऑर्गेंजा, शिफॉन, जॉर्जेट, क्रेप, साटन और हल्की सिल्क जैसे फैब्रिक मानसून वेडिंग के लिए बेहतर माने जाते हैं। बहुत भारी जरी, मखमल या अत्यधिक कढ़ाई वाले परिधानों से बचें, क्योंकि बारिश में इनके खराब होने की संभावना रहती है। यदि लहंगा पहन रही हैं, तो उसकी लंबाई थोड़ी कम रखें ताकि उसका बॉर्डर गंदा न हो। दुपट्टा भी हल्का रखें, जिससे उसे संभालना आसान रहे। सजावट के लिए हीरे, मोती या क्रिस्टल जैसी कढ़ाई वाले डिजाइन बेहतर रहते हैं। ये नमी में भी अपनी चमक बनाए रखते हैं।

मानसून में कौन-सी हेयरस्टाइल रहेगी बेहतर?

बरसात में बाल जल्दी फ्रिज़ी हो जाते हैं। ऐसे में खुले बाल लंबे समय तक व्यवस्थित नहीं रह पाते। इस मौसम में बन (जूड़ा), लो बन, चोटी या पोनीटेल जैसी हेयरस्टाइल ज्यादा सुविधाजनक और आकर्षक लगती हैं। हल्की हेयर एक्सेसरीज़ का इस्तेमाल करें, ताकि हेयरस्टाइल प्राकृतिक और एलिगेंट दिखाई दे।
सही हेयरस्टाइल आपके पूरे ब्राइडल लुक को निखार सकती है। कई बार साधारण लहंगा भी खूबसूरत हेयरस्टाइल के साथ बेहद आकर्षक नजर आता है।

PunjabKesari

मानसून वेडिंग अपनी अलग ही खूबसूरती और रोमांस लेकर आती है। अगर मौसम के अनुसार मेकअप, आउटफिट, फुटवियर और हेयरस्टाइल का सही चुनाव किया जाए, तो न केवल आपका लुक शानदार रहेगा बल्कि आप पूरे समारोह का आनंद भी बिना किसी परेशानी के उठा सकेंगी।

 शहनाज़ हुसैन
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सौंदर्य विशेषज्ञ, जिन्हें 'हर्बल क्वीन' के नाम से भी जाना जाता है।

 

 

Related News