
नारी डेस्क : टीवी के पॉपुलर एक्टर Arjun Bijlani को लेकर हाल ही में कार एक्सीडेंट की खबर सामने आई थी, जिसके बाद उनके फैंस काफी परेशान हो गए थे। अब एक्टर ने खुद सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर अपनी हेल्थ का अपडेट दिया है और बताया है कि वह बिल्कुल ठीक हैं।
अर्जुन बिजलानी ने दिया हेल्थ अपडेट
अर्जुन बिजलानी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए फैंस को बताया कि वह पूरी तरह ठीक हैं। उन्होंने उन दोस्तों, परिवार के लोगों और फैंस का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने एक्सीडेंट की खबर सुनने के बाद उन्हें फोन कर हालचाल पूछा। एक्टर ने बताया कि हादसा बहुत छोटा था और उन्हें किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई है। उनकी इस जानकारी के बाद फैंस ने राहत की सांस ली।

कार को लेकर भी कही ये बात
अर्जुन ने अपने वीडियो में यह भी बताया कि हादसे में उनकी कार को नुकसान पहुंचा है और अब उसे ठीक कराना पड़ेगा। हालांकि, उन्होंने फैंस को चिंता न करने की बात कहते हुए बताया कि उनके पास कार का इंश्योरेंस है। यानी एक्सीडेंट के बाद फिलहाल एक्टर की सेहत को लेकर किसी तरह की गंभीर चिंता की बात सामने नहीं आई है। उनकी टीम ने भी पुष्टि की थी कि अर्जुन और उनके साथ कार में मौजूद लोग सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
20 अगस्त को हुआ था हादसा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अर्जुन बिजलानी 20 अगस्त को मुंबई में अपनी अपकमिंग नेटफ्लिक्स सीरीज ‘चुंबक’ के प्रमोशनल इवेंट से लौट रहे थे, तभी उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे के बाद उनके फैंस और टीवी इंडस्ट्री के लोगों में चिंता बढ़ गई थी, लेकिन बाद में उनकी टीम ने एक्टर के सुरक्षित होने की जानकारी दी।
नेटफ्लिक्स डेब्यू को लेकर चर्चा में हैं अर्जुन
अर्जुन बिजलानी इन दिनों अपनी अपकमिंग सीरीज ‘चुंबक’ को लेकर भी सुर्खियों में हैं। यह एक फैमिली कॉमेडी सीरीज है, जिसे आतिश कपाड़िया ने बनाया है। सीरीज में अर्जुन के साथ नीना गुप्ता, देवेन भोजानी, हेली शाह, मानसी पारेख, सुमीत व्यास और अन्य कलाकार नजर आएंगे। फिलहाल अर्जुन के हेल्थ अपडेट के बाद उनके फैंस ने राहत की सांस ली है। एक्टर ने भी सभी की चिंता और प्यार के लिए शुक्रिया अदा किया है।