नारी डेस्क: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन सिर्फ फिल्मों के ही नहीं, बल्कि प्रॉपर्टी निवेश के मामले में भी बड़े खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। दशकों से फिल्म इंडस्ट्री पर राज कर रहे बिग बी ने अपने करियर के दौरान न केवल नाम और शोहरत कमाई, बल्कि देश के कई बड़े शहरों में करोड़ों की संपत्तियां भी बनाई हैं। मुंबई के आलीशान बंगलों से लेकर अयोध्या, लखनऊ, अलीबाग और गुजरात तक उनकी जमीनें फैली हुई हैं। आइए जानते हैं अमिताभ बच्चन के विशाल रियल एस्टेट पोर्टफोलियो के बारे में।
मुंबई में हैं कई आलीशान बंगले
अमिताभ बच्चन का सबसे चर्चित और प्रतिष्ठित घर 'जलसा' है, जहां वह अपने परिवार के साथ रहते हैं। जुहू स्थित यह बंगला मुंबई के सबसे मशहूर सेलिब्रिटी घरों में शामिल है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी कीमत 100 से 120 करोड़ रुपये के बीच बताई जाती है। करीब 10,125 वर्ग फुट में फैला यह बंगला अमिताभ बच्चन की पहचान बन चुका है। इसके अलावा उनके पास 'प्रतीक्षा' नाम का बंगला भी है, जो कभी उनका मुख्य निवास हुआ करता था। बाद में उन्होंने इसे अपनी बेटी श्वेता बच्चन नंदा को गिफ्ट कर दिया। इसके साथ ही 'जनक' और 'वत्स' नाम के दो अन्य बंगले भी उनके पास हैं। 'जनक' का उपयोग वे अपने ऑफिस के तौर पर करते हैं, जबकि 'वत्स' को लीज पर दिया गया है।

पुणे में खेती के लिए खरीदी थी जमीन
रिपोर्ट्स के अनुसार अमिताभ बच्चन ने साल 2000 में पुणे के पावना इलाके में कृषि भूमि खरीदी थी। यहां उनके पास खेती-बाड़ी के लिए कई भूखंड हैं। समय के साथ इन जमीनों की कीमत में भी बड़ा इजाफा हुआ है और आज इनकी कीमत करोड़ों रुपये में आंकी जाती है।
अलीबाग में भी किया है बड़ा निवेश
मुंबई के पास स्थित अलीबाग सेलिब्रिटीज का पसंदीदा निवेश केंद्र माना जाता है और अमिताभ बच्चन भी इससे अछूते नहीं रहे। बताया जाता है कि उन्होंने यहां लगभग 10 करोड़ रुपये में एक बड़ा प्लॉट खरीदा था। इसके अलावा उनके पास अलीबाग में कई अन्य प्रॉपर्टीज भी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने 10,000 वर्ग फुट का एक प्लॉट खरीदने के बाद करीब 6.6 करोड़ रुपये में तीन और प्लॉट्स भी खरीदे थे। आज अलीबाग में उनकी संपत्तियों की कीमत काफी बढ़ चुकी है।
ये भी पढ़ें: ‘मैं बहुत डरी हुई थी…’ Cocktail 2 में ग्लैमरस Look को लेकर Rashmika ने कही दिल की बात
लखनऊ में 58 बीघा जमीन के मालिक हैं बिग बी
उत्तर प्रदेश से गहरा नाता रखने वाले अमिताभ बच्चन के पास लखनऊ में भी बड़ी मात्रा में कृषि भूमि मौजूद है। रिपोर्ट्स के अनुसार लखनऊ के काकोरी क्षेत्र के मुजफ्फरनगर गांव में उनके पास करीब 58 बीघा जमीन है। बताया जाता है कि उन्होंने 25 बीघा जमीन बाद में खरीदी थी, जबकि 33 बीघा जमीन पहले से उनके नाम पर थी। लखनऊ एक्सप्रेसवे के नजदीक स्थित होने के कारण इन जमीनों की कीमत लगातार बढ़ रही है।
अयोध्या में लगातार बढ़ा रहे हैं निवेश
राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में रियल एस्टेट का बाजार तेजी से बढ़ा है और अमिताभ बच्चन ने भी यहां कई बड़े निवेश किए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने 2024 में 'द सरयू' प्रोजेक्ट में लगभग 10,000 वर्ग फुट जमीन खरीदी थी। इसके बाद 2025 में करीब 25,000 वर्ग फुट का एक और प्लॉट खरीदा गया। वहीं 2026 में उन्होंने अयोध्या में एक और बड़ी जमीन खरीदकर अपने निवेश को और मजबूत किया। अयोध्या में किए गए इन निवेशों की कुल कीमत कई दर्जन करोड़ रुपये बताई जाती है।

गुजरात में भी है करोड़ों की जमीन
अमिताभ बच्चन की संपत्ति सिर्फ महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है। गुजरात के गांधीनगर में भी उनके पास बड़ी जमीन मौजूद है। बताया जाता है कि उन्होंने साल 2011 में लगभग 5.72 एकड़ जमीन खरीदी थी। उस समय इसकी कीमत करीब 7 करोड़ रुपये थी, लेकिन गिफ्ट सिटी के आसपास तेजी से हुए विकास के कारण अब इसकी अनुमानित कीमत 200 करोड़ रुपये से अधिक बताई जाती है।
फिल्मों से कमाई, प्रॉपर्टी में समझदारी से निवेश
अमिताभ बच्चन ने अपने लंबे फिल्मी करियर में जो कमाई की, उसका बड़ा हिस्सा उन्होंने रियल एस्टेट में निवेश किया। यही वजह है कि आज उनके पास देश के कई प्रमुख शहरों में करोड़ों-अरबों रुपये की संपत्तियां हैं। उनकी यह निवेश रणनीति उन्हें बॉलीवुड के सबसे सफल और समझदार निवेशकों में भी शामिल करती है।
आज भी कायम है महानायक का जलवा
80 वर्ष की उम्र पार करने के बाद भी अमिताभ बच्चन फिल्मों, टीवी शोज और विज्ञापनों में सक्रिय हैं। अभिनय के साथ-साथ उनकी प्रॉपर्टी और निवेश भी लगातार चर्चा में बने रहते हैं। यही कारण है कि उन्हें सिर्फ सिनेमा का महानायक ही नहीं, बल्कि एक सफल निवेशक के रूप में भी देखा जाता है।