
नारी डेस्क : साउथ सुपरस्टार यश की अपकमिंग फिल्म ‘Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups’ के प्री-रिलीज इवेंट में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। हैदराबाद की मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान साउंड और लाइटिंग सेटअप का एक हिस्सा भीड़ की तरफ गिर गया। हादसे में दो छात्र घायल हो गए, जिसके बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
साउंड सेटअप गिरने से घायल हुए छात्र
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इवेंट में यश को देखने के लिए बड़ी संख्या में छात्र और फैंस पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग साउंड सिस्टम के आसपास बने स्ट्रक्चर पर चढ़ गए। इसी दौरान साउंड बॉक्स और लाइटिंग से जुड़ा सेटअप अचानक नीचे गिर गया और इसकी चपेट में आने से दो छात्र घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस और आयोजकों ने तुरंत स्थिति संभाली और घायल छात्रों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। रिपोर्ट्स में एक छात्रा के कुछ समय के लिए बेहोश होने की बात भी सामने आई है।

यश ने बीच में रोक दी अपनी स्पीच
हादसे के वक्त यश स्टेज पर मौजूद थे और ऑडियंस को संबोधित कर रहे थे। जैसे ही उन्हें घटना का पता चला, उन्होंने तुरंत अपनी स्पीच रोक दी और स्टेज से ही घायलों का हाल पूछा। यश ने लोगों से सावधान रहने की अपील करते हुए आयोजकों और अधिकारियों से छात्रों की स्थिति देखने को कहा। उन्होंने भीड़ से यह भी पूछा कि क्या सभी लोग सुरक्षित हैं। स्थिति नियंत्रण में आने और आयोजकों से जानकारी मिलने के बाद यश ने दोबारा अपनी स्पीच शुरू की।
भारी भीड़ के बीच हुआ हादसा
‘Toxic’ के प्री-रिलीज इवेंट में यश को देखने के लिए हजारों की संख्या में फैंस और छात्र पहुंचे थे। भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बनी हुई थी। कुछ लोगों के स्ट्रक्चर पर चढ़ने के वीडियो भी सामने आए हैं। हालांकि, घटना के बाद पुलिस और आयोजकों ने स्थिति को संभाल लिया और घायल छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। यश की फिल्म ‘Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। इसमें यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।
फिल्म 26 अगस्त 2026 को कन्नड़, हिंदी, तेलुगु, तमिल, मलयालम और अंग्रेजी भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।