नारी डेस्क: अनुभवी एक्शन डायरेक्टर शाम कौशल 8 अगस्त को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपने 46 साल पूरे होने पर भावुक हो गए। अपनी शुरुआती मुश्किलों, पंजाब से मुंबई आने के बाद रोजी-रोटी के लिए किए गए संघर्ष और मुश्किल दिनों में साथ देने वाले लोगों को याद करते हुए, शाम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो में अपने दिल की बात कही। बॉलीवुड स्टार विक्की कौशल के पिता ने याद किया कि 8 अगस्त 1980 को वे आधिकारिक तौर पर 'मूवी स्टंट आर्टिस्ट्स एसोसिएशन' के सदस्य बने थे, जिससे फिल्म इंडस्ट्री में उनके सफर की शुरुआत हुई।
शाम ने कहा- "मैं हर दिन हर पल भगवान का शुक्रिया अदा करता हूं। लेकिन आज का दिन खास है 46 साल पहले इसी दिन - 8 अगस्त 1980 को - मुझे 'मूवी स्टंट्स यूनियन' का सदस्य बनने का मौका मिला था। उसी दिन मैं इस खूबसूरत फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा बना था।" अनुभवी एक्शन डायरेक्टर ने बताया कि एक्टिंग या फिल्म बनाना कभी भी उनके शुरुआती प्लान का हिस्सा नहीं था। उन्होंने बताया- "मैं पंजाब के अपने गांव से फिल्म इंडस्ट्री में शामिल होने के लिए नहीं आया था। मैं नौकरी की तलाश में आया था। मुझे नौकरी मिली भी, लेकिन मैं उसे जारी नहीं रख सका क्योंकि मुझमें हीन भावना (inferiority complex) बहुत ज़्यादा थी। फिर, कुछ दोस्तों की वजह से और भगवान की मर्जी से, मैं इस फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा बन गया।"
मुंबई में टिके रहने में मदद करने वाले लोगों को याद करते हुए, शाम ने उन दोस्तों का आभार जताया जिन्होंने आर्थिक रूप से उनकी मदद की, जब वे यूनियन की मेंबरशिप फीस भी नहीं भर पा रहे थे। उन्होंने कहा- "उस समय, फिल्म इंडस्ट्री का सदस्य बनने के लिए मुझे 1,000 रुपये देने थे, और मेरे पास उतने पैसे नहीं थे। मैं उन दोस्तों का बहुत आभारी हूं जिन्होंने मुझे 100 या 200 रुपये उधार दिए ताकि मैं मेंबरशिप फीस भर सकूं।" उन्होंने यह भी याद किया कि जब उनके पास लगभग कुछ भी नहीं था, तब उन्हें खाना और रहने की जगह मिली थी। उन्होंने कहा- "मैं उन होटल मालिकों का आभारी हूं जिन्होंने मुझे मुफ़्त में खाना खिलाया और उन दोस्तों का भी जिन्होंने मेरे कमरे का किराया भरने में मेरी मदद की।"
शाम ने स्टंट इंडस्ट्री के लोगों का भी शुक्रिया अदा किया जिन्होंने उन्हें सीखने और आगे बढ़ने के मौके दिए। उन्होंने कहा- "मैं मूवी स्टंट यूनियन' के सभी स्टंटमैन, स्टंट डायरेक्टर और एक्शन डायरेक्टर का शुक्रगुजार हूं जिन्होंने मुझे काम सिखाया और मौके दिए। उन्हीं की वजह से मैं अपनी रोज़ी-रोटी कमा पाया और अपने परिवार का भरण-पोषण कर सका।" इतने सालों में, शाम कौशल ने हिंदी सिनेमा के सबसे सम्मानित एक्शन डायरेक्टरों में से एक के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कई बेहतरीन फ़िल्मों के लिए एक्शन सीन कोरियोग्राफ़ किए हैं, जिनमें 'ब्लैक फ्राइडे', 'कृष', 'कमीने', 'बजरंगी भाईजान', 'पद्मावत', 'संजू', 'गैंग्स ऑफ़ वासेपुर', 'दंगल', 'पीके', 'टाइगर जिंदा है', 'सिंबा', 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक', 'ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन – शिवा', 'डंकी' और 'एनिमल' जैसी कई फ़िल्में शामिल हैं।