24 APRWEDNESDAY2024 6:53:43 AM
Nari

साइंस के दुनिया में भारत की इन 8 महिलाओं ने बनाई अनोखी पहचान

  • Edited By Sunita Rajput,
  • Updated: 28 Feb, 2020 07:19 PM
साइंस के दुनिया में भारत की इन 8 महिलाओं ने बनाई अनोखी पहचान

देश में 28 फरवरी का दिन विज्ञान दिवस यानि नेशनल साइंस डे के रुप में मनाया जाता है। इस दिन प्रसिद्ध भारतीय वैज्ञानिक सीवी रमन ने ‘रमन प्रभाव’ का आविष्कार किया था। जिसके लिए उन्हें नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। हर साल इस दिन विज्ञान के क्षेत्र में योगदान देने वाले वैज्ञानिकों को राष्‍ट्रपति द्वारा सम्‍मानित किया जाता है।

इस बार राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2020 के लिए “Women In Science” थीम रखी गई है। इसका मकसद विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं के योगदान की सरहना करना है। ऐसी कई महिला वैज्ञानिक हैं जो विभिन्न संस्थानों में नेतृत्व की भूमिका संभालकर देश का मान बढ़ा रही हैं। तो चलिए जानते हैं कौन हैं ये महिलाएं....

रितु करिधल

PunjabKesari

रितु इसरो में एक वरिष्ठ वैज्ञानिक के तौर पर काम कर रही हैं। वह चंद्रयान -2 की मिशन डायरेक्टर भी रही हैं। साथ ही वह मार्स ऑर्बिटर मिशन की डिप्टी ऑपरेशन डायरेक्टर भी रही। लेकिन रितु करिधल चंद्रयान-2 की शुरुआत करने वाली महिला के रूप में पहचानी जाती हैं। उन्हें भारत के मंगल मिशन को डिजाइन करने के लिए भी काफी सराहना मिली थी। इसरो में 22 साल से कांम कर रही रितु को साल 2007 में यंग साइंटिस्ट अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।

नंदिनी हरिनाथ

PunjabKesari

बेंगलुरु में इसरो सैटेलाइट सेंटर की रॉकेट वैज्ञानिक नंदिनी ने 20 साल पहले यहां नौकरी शुरू की थी। इस दौरान वह 14 मिशन पर काम कर चुकीं हैं। वह मंगलयान मिशन के लिए डिप्टी ऑपरेशन डायरेक्टर भी थी। 

डॉ. गगनदीप कांग

PunjabKesari

गगनदीप रॉयल सोसायटी ऑफ लंदन और अमेरिकन एकेडमी ऑफ माइक्रोबॉयोलॉजी की फेलो बनने वाली पहली भारतीय महिला है। वह ट्रांसलेशनल हेल्थ साइंस एंड टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट की एक्सेक्यूटिव डायरेक्टर हैं। देश में डायरिया रोकने के लिए भारतीय बच्चों के लिए रोटावायरस वैक्सीन विकसित करने का श्रेय डॉ. गगनदीप कांग को जाता है। अब वह टाइफाइड निगरानी नेटवर्क और हैजा के लिए एक रोडमैप तैयार कर रही हैं। 

डॉ. टेसी थॉमस

PunjabKesari

डिफेंस रिसर्च एंड डिवैलपमेंट ऑर्गनाइजेशन में वैमानिकी प्रणाली की डायरेक्टर जनरल डॉ. टेसी थॉमस ने लंबी दूरी की मिसाइल प्रणालियों के लिए गाइडेड योजना तैयार की है, जिसका उपयोग सभी अग्नि मिसाइलों में किया जाता है। उन्हें साल 2001 में अग्नि आत्मनिर्भरता पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने अग्नि-4 की प्रोजेक्ट डायरेक्टर के रूप में काफी पहचान बनाई। वह अग्नि-5 मिसाइल प्रणाली प्रोजेक्ट डायरेक्टर भी थीं।   

डॉ. चंद्रिमा शाह

PunjabKesari

डॉ. चंद्रिमा शाह भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी की पहली महिला अध्यक्ष है। वह राष्ट्रीय इम्यूनोलोजी संस्थान, दिल्ली में प्रोफेसर ऑफ एमिनेंस हैं। उन्होंने 80 से अधिक शोध पत्र भी लिखे, साथ ही उन्होंने भ्रूण प्रत्यारोपण (Embryo transplant) पर भी काफी काम किया है।

डॉ. अनुराधा टी.के

PunjabKesari

इसरो सैटेलाइट सेंटर में जियोसैट प्रोग्राम डायरेक्टर डॉ. अनुराधा टी.के उपग्रहों की निगरानी का काम करती हैं। उन्होंने इसरो संचार उपग्रह जीसैट-12 को विकसित करने और लांच करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अनुराधा ने सितंबर 2012 में जीसैट -10 के लॉन्च का नेतृत्व किया। इसरो में उन्होंने प्रोजेक्ट डायरेक्टर के रूप में जीसैट-9, जीसैट-17 और जीसैट-18 संचार उपग्रहों के प्रक्षेपण की सफलता में योगदान दिया।

डॉ. रंजना अग्रवाल

PunjabKesari

काउंसील आॅफ साइंटिस्ट एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च-राष्ट्रीय विज्ञान, टेक्नोलॉजी और विकास अध्ययन संस्थान, नई दिल्ली की डायरेक्टर डॉ. रंजना अग्रवाल ने कैंब्रिज विश्वविद्यालय से इरिथ्रोमाइसिन बायोसिन्थेसिस पर दो साल रिसर्च की। उन्होंने कैंब्रिज में कॉमनवेल्थ फेलो, ट्रिनिटी कॉलेज डबलिन, आयरलैंड और यूनिवर्सिटी ऑफ ट्रिस्टे इटली में काम किया। हरियाणा सरकार की तरफ से उन्हें कैंसर का उपचार करने के नए तरीके विकसित करने के लिए रिसर्च ग्रांट दी गई है। डॉ. रंजना ग्रामीण महिलाओं के कौशल विकास की दिशा में भी योगदान दे रही हैं।

डॉ. एन. कालीसल्ल्वी

PunjabKesari

काउंसील आॅफ साइंटिस्ट एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च और सेंट्रल इलेक्ट्रो कैमिक्ल रिसर्च इंस्टीट्यूट की डायरेक्टर डॉ. एन. कालीसल्ल्वी इस पदभार को संभालने वाली पहली महिला हैं। डॉ. कालीसल्ल्वी अब तक 125 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत कर चुकी हैं। उन्हें कोरिया के ब्रेन पूल फेलोशिप और मोस्ट इंस्पायरिंग वुमन साइंटिस्ट अवार्ड से नवाजा जा चुका है।

ये हैं वो महिलाएं जिन्होंने विज्ञान में के क्षेत्र में अपनी एक खास पहचान बनाई है।

Related News