
नारी डेस्क: टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ इस समय अपनी जिंदगी के बेहद मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। एक्ट्रेस कैंसर का इलाज करा रही हैं और इस दौरान उन्हें कमजोरी, उल्टी और लगातार थकान जैसी कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच बीमारी के दौरान उनका वजन बढ़ा तो सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। अब दीपिका ने अपने यूट्यूब व्लॉग के जरिए ऐसे लोगों को जवाब दिया है। उन्होंने साफ कहा कि बीमारी के दौरान उनका पूरा ध्यान अपनी सेहत पर था और उस समय वजन कम करना उनकी प्राथमिकता नहीं थी। दीपिका ने यह भी कहा कि वह कोई 'सुपरवुमन' नहीं हैं।
वजन बढ़ने पर लोगों ने किया ट्रोल
दीपिका ने अपने व्लॉग में बताया कि कैंसर के इलाज के दौरान उनका वजन काफी बढ़ गया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें अपने वजन को लेकर कई तरह के कमेंट्स का सामना करना पड़ा। एक्ट्रेस ने बताया कि वह इन कमेंट्स को पढ़ती थीं, लेकिन उस वक्त उनकी शारीरिक और मानसिक हालत ऐसी नहीं थी कि वह वजन कम करने के बारे में सोच सकें। उनके लिए उस समय सबसे जरूरी अपनी बीमारी का इलाज और खुद को संभालना था।

'मैं कोई सुपरवुमन नहीं हूं'
ट्रोलर्स को जवाब देते हुए दीपिका ने कहा, "मैं कोई सुपरवुमन नहीं हूं। जिस दिन मेरी तबीयत ज्यादा खराब होती है, मैं भी बिस्तर पर पड़ी रहती हूं क्योंकि शरीर में हिम्मत नहीं होती।" उन्होंने आगे बताया कि जब उनकी तबीयत थोड़ी बेहतर होती है, तब वह खुद को संवारने और थोड़ा अच्छा दिखने की कोशिश करती हैं। उनके मुताबिक, ऐसा करना सिर्फ दिखावे के लिए नहीं, बल्कि खुद को अंदर से बेहतर महसूस कराने के लिए भी जरूरी है।
बीमारी में खुद का ख्याल रखना भी जरूरी
दीपिका ने यह भी बताया कि जब कोई इंसान किसी बड़ी बीमारी या जिंदगी की मुश्किल परिस्थिति से गुजरता है, तो खुद को सकारात्मक बनाए रखना आसान नहीं होता। ऐसे समय में छोटी-छोटी चीजें भी काफी मायने रखती हैं। इसी वजह से दीपिका अब अपनी मेंटल हेल्थ के साथ-साथ अपने बालों और लुक्स का भी थोड़ा ध्यान रख रही हैं। उनके लिए यह खुद से प्यार करने और मुश्किल समय में खुद को मोटिवेट रखने का एक तरीका है।
बेवजह की बातों को नजरअंदाज करने की दी सलाह
दीपिका ने अपने फैंस से यह भी कहा कि हर किसी की बात को दिल पर लेने की जरूरत नहीं है। जो लोग हमारी जिंदगी में कोई मायने नहीं रखते, उनकी बातों की वजह से खुद को परेशान करना सही नहीं है। एक्ट्रेस का मानना है कि ऐसे समय में इंसान को खुद पर और अपनी फैमिली की खुशी पर ध्यान देना चाहिए। सोशल मीडिया पर लोग क्या कह रहे हैं, उससे ज्यादा जरूरी यह है कि हम खुद मानसिक रूप से मजबूत रहें।

परिवार का मिल रहा पूरा साथ
कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझने के बावजूद दीपिका का हौसला और पॉजिटिव नजरिया उनके फैंस को काफी पसंद आ रहा है। इस मुश्किल वक्त में उनका परिवार लगातार उनके साथ खड़ा है। दीपिका अपनी जिंदगी से जुड़ी कई बातें और रोजमर्रा के अनुभव अपने यूट्यूब व्लॉग्स के जरिए फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं। उनके फैंस भी इस मुश्किल दौर में उन्हें लगातार हिम्मत दे रहे हैं। बीमारी के बीच दीपिका की एक बात साफ है अभी उनके लिए वजन या लोगों की राय से कहीं ज्यादा जरूरी उनकी सेहत, परिवार और खुद को मानसिक रूप से मजबूत रखना है।