13 SEPSUNDAY2026 12:20:32 PM
Nari

PM का खास BRICS डिनर, विदेशी मेहमानों के लिए परोसा गया 100% शाकाहारी व्यंजन

  • Edited By Monika,
  • Updated: 13 Sep, 2026 12:33 PM
PM का खास BRICS डिनर, विदेशी मेहमानों के लिए परोसा गया 100% शाकाहारी व्यंजन

नारी डेस्क : भारत की मेहमाननवाजी और खान-पान की झलक उस वक्त देखने को मिली, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के पहले दिन नई दिल्ली के भारत मंडपम में BRICS नेताओं और अन्य विशिष्ट अतिथियों के सम्मान में गाला डिनर का आयोजन किया। डिनर का मेन्यू खास तौर पर भारतीय स्वाद और अलग-अलग राज्यों की पाक परंपराओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था। शुरुआत से लेकर डेजर्ट तक, मेहमानों को भारतीय व्यंजनों का ऐसा कॉम्बिनेशन परोसा गया, जिसमें पारंपरिक स्वाद के साथ मॉडर्न प्रेजेंटेशन भी नजर आया।

स्टार्टर में खंडवी और खुंब गलौटी ने बढ़ाया स्वाद

गाला डिनर की शुरुआत Khandvi Mille-Feuille और Khumb Galouti जैसे खास स्टार्टर से हुई। खंडवी मिले-फॉय में बेसन से तैयार स्टीम्ड खंडवी को सरसों, नारियल और करी पत्ते के तड़के के साथ पेश किया गया। इसके साथ केसर आम, माइक्रोग्रीन्स और योगर्ट ड्रेसिंग का कॉम्बिनेशन दिया गया। वहीं, खुंब गलौटी में पैन-ग्रिल्ड मशरूम कबाब को मिंट पर्ल्स और शीरमल ब्रेड के साथ परोसा गया। इस डिश के जरिए पारंपरिक गलौटी कबाब की शैली को शाकाहारी अंदाज में पेश किया गया।

मेन कोर्स में दिखी भारत के अलग-अलग हिस्सों की झलक

मुख्य भोजन में कई भारतीय स्वादों को एक ही मेन्यू में शामिल किया गया। इसमें पनीर लबाबदार, गुच्छी मार्मिक, कैरट बीन पोरियाल, ठक्काली बेले सारू, मिलेट पुलाव, बीटरूट रायता और अलग-अलग तरह की भारतीय रोटियां शामिल थीं। गुच्छी मार्मिक में हिमालयी गुच्छी यानी मोरेल मशरूम और एस्पेरेगस को केसर, किशमिश और ममरा बादाम के साथ तैयार किया गया था। वहीं कैरट बीन पोरियाल दक्षिण भारतीय स्वाद से प्रेरित डिश थी, जिसमें गाजर और बीन्स को मसालों और नारियल के साथ तैयार किया गया। मेन्यू में ठक्काली बेले सारू भी शामिल था, जो अरहर दाल, टमाटर और करी पत्ते से तैयार हल्का दक्षिण भारतीय शोरबा है। इसके अलावा मिलेट पुलाव में बाजरे को बासमती चावल और मसालों के साथ शामिल किया गया, जिससे मेन्यू में भारतीय मिलेट्स की खास जगह दिखाई दी।

डेजर्ट में पुरानी दिल्ली की मिठास

डिनर का मीठा हिस्सा भी खास रहा। मेहमानों को Old Delhi Fruit Cream with Jalebi परोसी गई, जिसमें मौसमी फलों और हल्की व्हिप्ड क्रीम के साथ कुरकुरी जलेबी का कॉम्बिनेशन था। इसके अलावा Shahtoot Phirni भी डेजर्ट मेन्यू का हिस्सा रही। दूध और चावल से धीमी आंच पर तैयार की गई इस फिरनी को मीठे शहतूत और गोल्ड लीफ से सजाया गया था। यानी डिनर के अंत में भी भारतीय मिठास और क्षेत्रीय स्वाद को खास अंदाज में पेश किया गया।

सिर्फ खाना नहीं, भारतीय संस्कृति की झलक भी

BRICS गाला डिनर सिर्फ एक औपचारिक भोज नहीं था, बल्कि भारत की पाक और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के सामने पेश करने का भी एक मौका रहा। डिनर के दौरान BRICS Symphony नाम से विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति भी हुई, जिसमें भारत और BRICS देशों की परंपराओं को संगीत के जरिए सामने रखा गया। भारत इस साल BRICS की अध्यक्षता कर रहा है और 18वां BRICS Summit 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है। ऐसे में गाला डिनर के मेन्यू में भारतीय क्षेत्रीय व्यंजनों, मिलेट्स और पारंपरिक मिठाइयों को जगह देना भारत की सांस्कृतिक मेहमाननवाजी को भी दर्शाता है।

Related News