
नारी डेस्क: अगर आप गर्मियों में खुद को फ्रेश, हाइड्रेटेड और एनर्जेटिक रखना चाहते हैं, तो घर पर बना यह नेचुरल डिटॉक्स ड्रिंक आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है। खीरा, पुदीना, चुकंदर और चिया सीड्स से बना यह ड्रिंक न सिर्फ शरीर को ठंडक देता है, बल्कि अंदर से साफ करने में भी मदद करता है। खास बात यह है कि इसे बनाना बेहद आसान है और इसमें इस्तेमाल होने वाली सारी चीजें आसानी से घर में मिल जाती हैं। चालिए आपको बताते हैं गर्मियों में शरीर को ठंडक देने वाला हेल्दी डिटॉक्स ड्रिंक कैसे बनाएं
आवश्यक सामग्री
खीरा – 50 ग्राम
पुदीना पत्तियां – 2 बड़े चम्मच
संतरे के टुकड़े – 2 बड़े चम्मच
नींबू के स्लाइस – 4
अदरक – 1 बड़ा चम्मच
चुकंदर – 2 बड़े चम्मच
भीगे हुए चिया सीड्स – 2 छोटे चम्मच
पानी – 800 मिलीलीटर
बनाने की आसान विधि
सबसे पहले एक बड़े जार या जग में खीरा, पुदीना, संतरा, नींबू, अदरक और चुकंदर डाल दें। अब इसमें भीगे हुए चिया सीड्स और पानी मिलाएं। सभी चीजों को हल्के से मिक्स कर लें, ताकि इनके पोषक तत्व पानी में अच्छे से घुल सकें। इसके बाद इस मिश्रण को ढककर पूरी रात के लिए छोड़ दें। रातभर में इन सभी इंग्रीडिएंट्स का फ्लेवर पानी में अच्छी तरह उतर जाएगा। सुबह उठकर इस ड्रिंक को छान लें और एक गिलास में निकाल लें। चाहें तो इसे ठंडा करके या बर्फ डालकर भी सर्व कर सकते हैं।
क्यों है यह ड्रिंक फायदेमंद
यह डिटॉक्स ड्रिंक कई हेल्थ बेनिफिट्स से भरपूर है। खीरा और पुदीना शरीर को ठंडक देते हैं, वहीं अदरक पाचन को बेहतर बनाता है। चुकंदर शरीर में खून की मात्रा बढ़ाने में मदद करता है और चिया सीड्स फाइबर और एनर्जी का अच्छा स्रोत होते हैं। नींबू और संतरा इसमें विटामिन C जोड़ते हैं, जिससे इम्यूनिटी भी मजबूत होती है।
कब और कैसे पिएं
इस ड्रिंक को आप सुबह खाली पेट या दिन में कभी भी पी सकते हैं। गर्मी के दिनों में यह शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ आपको तरोताजा महसूस कराएगा।

एक आसान आदत, बड़ा फायदा
अगर आप रोजाना इस तरह के नेचुरल ड्रिंक को अपनी दिनचर्या में शामिल करते हैं, तो यह आपकी सेहत पर अच्छा असर डाल सकता है। बिना किसी केमिकल या प्रिजर्वेटिव के बना यह ड्रिंक शरीर के लिए पूरी तरह से सुरक्षित और फायदेमंद है। गर्मी के मौसम में इसे जरूर ट्राई करें ।