03 MAYFRIDAY2024 1:23:54 AM
Nari

स्कूल ना जाने से लेकर साल में दो बार जन्मदिन मनाने तक, ये है महारानी  एलिजाबेथ से जुड़ी दिलचस्प बातें

  • Edited By vasudha,
  • Updated: 09 Sep, 2022 10:22 AM
स्कूल ना जाने से लेकर साल में दो बार जन्मदिन मनाने तक, ये है महारानी  एलिजाबेथ से जुड़ी दिलचस्प बातें

ब्रिटेन की सबसे लंबे समय तक राज करने वाली शाही शख्सियत एलिजाबेथ, जिन्होंने इस साल सिंहासन पर 70 साल पूरे किए, ब्रिटिश इतिहास में सबसे उम्रदराज और सबसे लंबे समय तक राज करने वाली महारानी हैं। सितंबर 2015 में उन्होंने अपनी परदादी महारानी विक्टोरिया को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 63 साल और सात महीने तक शासन किया। 2016 में, एलिजाबेथ थाईलैंड के राजा भूमिबोल अदुल्यादेज के निधन के बाद दुनिया में सबसे लंबे समय तक राज करने वाली महारानी भी बनीं। एलिजाबेथ और विक्टोरिया के अलावा, ब्रिटिश इतिहास में केवल चार अन्य सम्राटों ने 50 साल या उससे अधिक समय तक शासन किया है: जॉर्ज तृतीय (59 वर्ष), हेनरी तृतीय (56 वर्ष), एडवर्ड तृतीय (50 वर्ष) और स्कॉटलैंड के जेम्स षष्ठम (58 वर्ष)। चलिए जानते हैं महारानी के जीवन से जुड़ी अहम बातें। 

PunjabKesari

घर पर शिक्षा

अपने समय और पहले के कई राजघरानों की तरह, एलिजाबेथ कभी भी पब्लिक स्कूल नहीं गईं और कभी भी अन्य छात्रों के संपर्क में नहीं आईं। इसके बजाय, उन्होंने अपनी छोटी बहन मार्गरेट के साथ घर पर ही शिक्षा-दीक्षा ली। उन्हें पढ़ाने वालों में उनके पिता और ईटन कॉलेज के एक वरिष्ठ शिक्षक के साथ कई फ्रांसीसी गुरु शामिल थे। कैंटरबरी के आर्कबिशप ने उन्हें धर्म का पाठ पढ़ाया था। एलिजाबेथ की स्कूली शिक्षा में घुड़सवारी, तैराकी, नृत्य और संगीत का अध्ययन भी शामिल था।

PunjabKesari
दूसरों की नकल उतारने में माहिर

एलिजाबेथ ने हमेशा अपनी एक गंभीर छवि पेश की और लोगों ने उनके सपाट चेहरे और उनकी भावशून्यता पर गौर किया, लेकिन जो लोग उन्हें जानते थे, वे उनके एक चुलबुले, शरारती और निजी पलों में नकल उतारने की कला से परिचित थे। महारानी के घरेलू पादरी बिशप माइकल मान ने एक बार कहा था कि ‘‘नकल करने की कला महारानी की सबसे मजेदार चीजों में से एक है।’’

PunjabKesari
शाही करदाता

वह भले ही महारानी थीं, लेकिन उन्होंने 1992 से करों का भुगतान भी किया। जब 1992 में महारानी के सप्ताहांत निवास विंडसर कैसल में आग लग गई तो जनता ने मरम्मत के लिए लाखों पाउंड के खर्च के खिलाफ विद्रोह कर दिया। लेकिन वह स्वेच्छा से अपनी व्यक्तिगत आय पर कर का भुगतान करने के लिए सहमत हो गईं।

PunjabKesari
लिटल लिलिबेट

महारानी को उनकी मां, नानी और नानी के सम्मान में एलिजाबेथ एलेक्जेंड्रा मेरी विंडसर ऑफ यॉर्क नाम दिया गया था। लेकिन बचपन में उन्हें प्यार से उनका परिवार लिटल लिलिबेट कहता था - ऐसा इसलिए कहा जाता है, क्योंकि वह ‘‘एलिजाबेथ’’ का ठीक से उच्चारण नहीं कर पाती थीं। अपनी दादी क्वीन मैरी को लिखे एक पत्र में युवा राजकुमारी ने लिखा: ‘‘प्रिय दादी। प्यारी सी जर्सी के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। हमें आपके साथ सैंड्रिंघम में रहना अच्छा लगा। मैंने कल सुबह सामने वाला दांत खो दिया। आपकी प्यारी लिलिबेट।’’प्रिंस हैरी और मेगन (डचेस ऑफ ससेक्स) ने अपनी बेटी का नाम लिलिबेट डायना रखा, जिसके बाद यह उपनाम अधिक मशहूर हो गया।

PunjabKesari
जन्मदिन

एलिजाबेथ का जन्म 21 अप्रैल 1926 को हुआ था, लेकिन कभी-कभी जनता के लिए भ्रमित कर देने वाला होता था कि कब जश्न मनाया जाए। उनके ‘‘आधिकारिक जन्मदिन’’ के लिए कोई सार्वभौमिक रूप से निर्धारित दिन नहीं था - यह जून में पहला, दूसरा या तीसरा शनिवार होता था और सरकार द्वारा तय किया जाता था। ऑस्ट्रेलिया में उनका जन्मदिन जून के दूसरे सोमवार को मनाया जाता था, जबकि कनाडा में महारानी विक्टोरिया के जन्मदिन 24 मई को या उससे पहले सोमवार को एलिजाबेथ का जन्मदिन मनाया जाता था। केवल महारानी और उनके करीबी लोगों ने निजी समारोहों में उनका वास्तविक जन्मदिन मनाया।

PunjabKesari
कुत्तों से प्यार

यह सर्वविदित था कि एलिजाबेथ कुत्तों से बेहद प्यार करती थीं - राजकुमारी डायना ने कथित तौर पर कुत्तों को महारानी के साथ ‘‘चलती कालीन’’ कहा था, क्योंकि वह हर जगह उनके साथ होते थे।

PunjabKesari

एक बेहद प्यारी लड़की

महारानी अनिवार्य रूप से पॉप गीतों का विषय बन गईं। बीटल्स ने उन्हें ‘‘हर मेजेस्टी’’ गीत के साथ अमर कर दिया और उन्हें एक ‘‘बेहद प्यारी लड़की’’ बताया। पॉल मेकार्टनी द्वारा गाया और 1969 में रिकॉर्ड किया गया यह गीत ‘‘एबी रोड’’ एल्बम के अंत में दिखाई दिया था।
 

Related News