11 NOVWEDNESDAY2026 4:13:36 PM
Nari

पंचकूला स्कूल में बच्ची पर हमला करने वाले 8 साल के छात्र की मानसिक जांच रिपोर्ट आई सामने

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 04 Nov, 2026 10:20 AM
पंचकूला स्कूल में बच्ची पर हमला करने वाले 8 साल के छात्र की मानसिक जांच रिपोर्ट आई सामने

नारी डेस्क:   हरियाणा के पंचकूला के एक सरकारी स्कूल में छह साल की बच्ची पर ईंट से हमला करने के मामले में नया अपडेट सामने आया है। घटना को अंजाम देने वाले 8 साल के छात्र की मानसिक और व्यवहार संबंधी जांच रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं पाई गई है और उसे इलाज की जरूरत है। अब इस रिपोर्ट के आधार पर जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (JJ Board) तय करेगा कि बच्चे को उसके माता-पिता के साथ घर भेजना उचित होगा या उसे फिलहाल जुवेनाइल होम में रखा जाएगा।

तीन डॉक्टरों के पैनल ने किया मानसिक आकलन

जानकारी के मुताबिक, चंडीगढ़ के GMSH-32 में बच्चे का मेंटल मैपिंग टेस्ट कराया गया था। सोमवार को हुए इस परीक्षण में तीन डॉक्टरों के पैनल ने उसकी मानसिक स्थिति और व्यवहार का आकलन किया। जांच के दौरान बच्चे की समझ, तर्क करने की क्षमता, व्यवहार और मानसिक स्थिति को परखा गया। डॉक्टरों के पैनल ने अपनी रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी है। रिपोर्ट में बच्चे को उपचार की जरूरत बताई गई है। पुलिस बुधवार को यह रिपोर्ट जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश करेगी। बच्चे को भी बोर्ड के समक्ष लाया जाएगा। इसके बाद बोर्ड रिपोर्ट और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे का फैसला करेगा।

ये भी पढ़ें:  रात में पैर की नस क्यों खिंचने लगती है? जानिए कारण

माता-पिता के साथ रहेगा या जुवेनाइल होम में?

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि बच्चे को आगे कहां रखा जाएगा। जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड यह तय करेगा कि उसे माता-पिता के पास घर भेजना सुरक्षित और उचित होगा या फिलहाल जुवेनाइल होम में रखना जरूरी है। बच्चे की मानसिक स्थिति और इलाज की जरूरत को देखते हुए बोर्ड आगे के निर्देश दे सकता है। इस बीच पुलिस ने मामले की जांच के लिए एडीसी की अध्यक्षता में एक कमेटी भी गठित की है। यह कमेटी घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगी। इसमें स्कूल प्रबंधन, बच्चे के माता-पिता, शिक्षकों और छात्र से जुड़े तथ्यों को शामिल किया जाएगा। जांच के बाद कमेटी अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

यह घटना 28 अक्टूबर को पंचकूला के एक सरकारी स्कूल में हुई थी। स्कूल में KG में पढ़ने वाली छह साल की बच्ची पर तीसरी कक्षा के एक छात्र ने ईंट से हमला कर दिया था। हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे इलाज के लिए चंडीगढ़ स्थित PGI में भर्ती कराया गया था। घटना के दो दिन बाद यानी 30 अक्टूबर को मामला सामने आया। इसके बाद 31 अक्टूबर को पुलिस ने स्कूल की प्रिंसिपल, दो महिला शिक्षिकाओं और चौकीदार के खिलाफ केस दर्ज किया था।

फिलहाल घायल बच्ची की हालत में सुधार बताया जा रहा है और वह खतरे से बाहर है। वहीं, आरोपी छात्र की मानसिक जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद अब सभी की नजरें जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के फैसले पर टिकी हैं।
 

Related News