
नारी डेस्क: राधिका मर्चेंट ने हाल ही में 'इंडियाज़ इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइट नेशंस' (IIMUN) के हेडक्वार्टर में बातचीत के दौरान शादी में बराबरी और महिलाओं के लिए आर्थिक आज़ादी के महत्व पर बात की। मुकेश अंबानी की छोटी बहू ने इस बात पर जोर दिया कि आपसी सम्मान ही बराबरी की साझेदारी की नींव है और महिलाओं के लिए अपने फैसले खुद लेने और असल में सशक्त बनने के लिए आर्थिक आजादी बहुत ज़रूरी है।

नी के साथ अपनी शादी के बारे में बात करते हुए, राधिका ने बताया कि रिश्ते में दोनों पार्टनर बराबर का योगदान देते हैं, भले ही उन्हें अलग-अलग स्थितियों में समझौते करने पड़ें। उन्होंने कहा, "मेरी शादी में भी हम दोनों हर मामले में बराबर हैं। कुछ जगहें ऐसी हैं जहां अनंत झुकते हैं, और कुछ जगहें ऐसी हैं जहां मैं झुकती हूँ। लेकिन कुल मिलाकर अगर हम एक-दूसरे का सम्मान करते हुए साथ चलते हैं, तो मुझे लगता है कि हम बराबर हैं।" उन्होंने इस बारे में भी खुलकर बात की कि महिलाओं के लिए आर्थिक रूप से स्वतंत्र होना क्यों जरूरी है, चाहे उनकी पृष्ठभूमि या हालात कैसे भी हों।

युवा महिलाओं को राधिका ने सलाह देते हुए कहा- "इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप किसकी बेटी हैं, किसकी पत्नी बनती हैं या अपनी जिंदगी में कितनी आरामदायक स्थिति में हैं। अपने फैसले ख़ुद लेने के लिए आपके पास आर्थिक आज़ादी होनी चाहिए।" आर्थिक निर्भरता के जोखिमों पर जोर देते हुए राधिका ने कहा, "अपनी जिंदगी में कभी भी किसी ऐसी चीज से न बंधें जिससे बाहर निकलने का आपके पास कोई विकल्प न हो। यह स्थिति बहुत खतरनाक हो सकती है।" उनके अनुसार, जेंडर इक्वालिटी (लैंगिक समानता) हासिल करने के लिए महिलाओं के आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के मौके बनाना ज़रूरी है।

राधिका ने कहा- "अगर हम महिलाओं को आर्थिक आजादी नहीं देते हैं, तो हम अपने समाज में कभी भी पूरी समानता हासिल नहीं कर पाएंगे।" उनकी बातों को कई लोगों ने सराहा है। इससे यह बात उभरकर सामने आई है कि ज़्यादा बराबरी वाले रिश्ते और समाज बनाने के लिए आर्थिक आजादी, अपनी मर्ज़ी से फ़ैसले लेने की आज़ादी और आपसी सम्मान कितने अहम हैं। राधिका मर्चेंट, मर्चेंट परिवार से ताल्लुक रखती हैं और विरेन व शैला मर्चेंट की बेटी हैं। उन्होंने मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी से शादी की है। वह एक ट्रेंड इंडियन क्लासिकल डांसर हैं और बिज़नेस सेक्टर में भी सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। वह एनकोर हेल्थकेयर (Encore Healthcare) के बोर्ड ऑफ़ डायरेक्टर्स में शामिल हैं, जहां वह कंपनी के कामकाज और विकास की देखरेख में अपने माता-पिता के साथ काम करती हैं।