25 JANSUNDAY2026 2:32:40 PM
Nari

होटल फुल, सड़कें जाम, सड़क पर फंसे लोग… सैलानियों के लिए मनाली बना मुसीबत

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 25 Jan, 2026 12:00 PM
होटल फुल, सड़कें जाम, सड़क पर फंसे लोग… सैलानियों के लिए मनाली बना मुसीबत

 नारी डेस्क: हिमाचल प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थल मनाली में भारी भीड़ और बर्फबारी के कारण हालात काफी बिगड़ गए हैं। कोठी से मनाली तक करीब 8 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है। होटल पूरी तरह से भरे हुए हैं और सैकड़ों पर्यटक घंटों तक सड़कों पर फंसे हुए हैं। प्रशासन ने सभी यात्रियों से सतर्क रहने और बिना जरूरी काम के यात्रा न करने की अपील की है।

सैलानियों के लिए मनाली बनी चुनौती

मनाली इस समय सैलानियों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है। लंबे वीकेंड और ताजा बर्फबारी के कारण हजारों पर्यटक यहां एक साथ पहुंच गए हैं। ट्रैफिक जाम की वजह से कई लोगों को 6 से 8 घंटे तक अपनी गाड़ियों में ही इंतजार करना पड़ा। ठंड की वजह से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई लोग रात के समय भी सड़क पर ही फंसे रहे।

होटल फुल, पर्यटक परेशान

मनाली के लगभग सभी होटल 100 प्रतिशत फुल हो चुके हैं। देर रात पहुंचने वाले पर्यटक अब कमरे नहीं पा रहे हैं। मजबूरी में कई लोग अपनी गाड़ियों में ही रात बिताने को मजबूर हैं।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by NDTV (@ndtv)

प्रशासन और पुलिस की तैयारी

भारी भीड़ और बर्फबारी के कारण वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें ट्रैफिक को धीरे-धीरे सामान्य करने में लगी हैं। लेकिन लगातार बढ़ती भीड़ और मुश्किल मौसम की वजह से राहत कार्यों में भी दिक्कतें आ रही हैं।

बर्फबारी ने रोकी सड़कों की रफ्तार

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बर्फबारी की संभावना जताई है। प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि मौसम अपडेट देखकर ही मनाली की यात्रा की योजना बनाएं और बिना जरूरी काम के यात्रा न करें।

हिमाचल में कई सड़कें बंद

बर्फबारी का असर सिर्फ मनाली तक सीमित नहीं है। हिमाचल प्रदेश में कुल 685 सड़कें बंद हैं। इनमें से

लाहौल-स्पीति: 292 सड़कें बंद

चंबा: 132 सड़कें बंद

मंडी: 126 सड़कें बंद

कुल्लू: 79 सड़कें बंद

कई जगहों पर ब्लैक आइस जमने की वजह से वाहनों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है।   

 

Related News