18 OCTSUNDAY2026 9:23:52 PM
Life Style

'Devi Shakti' इवेंट में छाया अंबानी परिवार, नीता अंबानी से राधिका-श्लोका तक दिखा शाही अंदाज

  • Edited By Monika,
  • Updated: 11 Oct, 2026 03:26 PM
'Devi Shakti' इवेंट में छाया अंबानी परिवार, नीता अंबानी से राधिका-श्लोका तक दिखा शाही अंदाज

नारी डेस्क : नवरात्रि से पहले अंबानी परिवार का ट्रेडिशनल अंदाज देखने को मिला। Swadesh Eros स्टोर की पहली वर्षगांठ के मौके पर आयोजित 'देवी शक्ति' इवेंट में पूरा अंबानी परिवार एक साथ नजर आया। इस खास समारोह में मुकेश अंबानी, नीता अंबानी, आकाश अंबानी, श्लोका मेहता, अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट ने अपने खूबसूरत एथनिक लुक से सबका ध्यान खींचा। जहां नीता अंबानी की लाल बनारसी साड़ी ने महफिल में चार चांद लगा दिए, वहीं दोनों बहुओं श्लोका और राधिका का स्टाइल भी चर्चा में रहा। इस खास कार्यक्रम में स्वदेश की टीम और देश के पारंपरिक शिल्पकारों के साथ माता रानी की पूजा-अर्चना की गई। समारोह में बॉलीवुड की कई जानी-मानी हस्तियां भी शामिल हुईं। हालांकि, अंबानी परिवार के पारंपरिक और शाही लुक ने खास तौर पर सुर्खियां बटोरीं। आइए, देखते हैं इस इवेंट में परिवार के हर सदस्य का खास अंदाज।

लाल बनारसी साड़ी में छाईं नीता अंबानी

नीता अंबानी अपने शानदार फैशन सेंस और पारंपरिक परिधानों को खास अंदाज में कैरी करने के लिए जानी जाती हैं। 'देवी शक्ति' इवेंट में भी उनका रॉयल लुक देखने को मिला। उन्होंने स्वदेश कलेक्शन से लाल रंग की खूबसूरत बनारसी साड़ी पहनी, जिस पर सुनहरी जरी का बारीक काम किया गया था। साड़ी का पारंपरिक डिजाइन और शानदार रंग उनके लुक को बेहद आकर्षक बना रहा था। अपने लुक को और खास बनाने के लिए नीता अंबानी ने पन्ने और मोतियों से सजा हैवी नेकलेस पहना। इसके साथ मैचिंग ईयररिंग्स और कंगनों ने उनके लुक में रॉयल टच जोड़ा। वहीं, बालों में सजे गजरे ने उनके पारंपरिक अंदाज को और निखार दिया।

राधिका मर्चेंट की साड़ी में दिखा मॉडर्न टच

राधिका मर्चेंट ने इस इवेंट में अपने मॉडर्न और ग्रेसफुल अंदाज से सबका ध्यान खींचा। उन्होंने एंटीक गोल्ड शेड की ऑफ-शोल्डर कॉर्सेट स्टाइल ड्रेप्ड साड़ी पहनी, जिस पर बारीक मेटैलिक एम्ब्रॉयडरी की गई थी। उनका यह आउटफिट पारंपरिक साड़ी को मॉडर्न अंदाज में पेश करता नजर आया। राधिका ने अपने लुक को एंटीक चोकर नेकलेस और मैचिंग गोल्डन पोटली बैग के साथ पूरा किया। उनका स्टाइलिश आउटफिट और सधी हुई एक्सेसरीज उनके लुक को खास बना रही थीं।

यें भी पढ़ें : मैजेंटा बनारसी साड़ी और वेलवेट जैकेट ब्लाउज में छाईं Nita Ambani, रॉयल अंदाज ने जीता दिल

श्लोका मेहता के कलरफुल लुक ने खींचा ध्यान

नीता अंबानी की बड़ी बहू श्लोका मेहता भी अपने खूबसूरत ट्रेडिशनल लुक में नजर आईं। उन्होंने नारंगी, गुलाबी, फिरोजी और नीले रंगों से सजा अनारकली सेट पहना। इस आउटफिट पर ज्यामितीय डिजाइन के साथ पारंपरिक बांधनी पैटर्न भी देखने को मिले, जो उनके लुक को रंगीन और आकर्षक बना रहे थे। श्लोका ने अपने आउटफिट के साथ हैवी एमराल्ड चोकर नेकलेस और मैचिंग झुमके पहने। पीछे बंधे बालों और खूबसूरत ज्वेलरी ने उनके एथनिक लुक को और निखार दिया।

नेवी ब्लू जैकेट में दिखे अनंत अंबानी

अनंत अंबानी भी इस खास मौके पर अपने शाही अंदाज में नजर आए। उन्होंने नेवी ब्लू रंग की जैकेट पहनी, जिस पर सुनहरे धागों से हाथी, हिरण और फ्लोरल डिजाइन की बारीक कारीगरी की गई थी। जैकेट के साथ उन्होंने लूज सिल्क पायजामा पहना, जो उनके पारंपरिक लुक को खास बना रहा था। इस दौरान अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट ने साथ में पैपराजी को कई पोज दिए। दोनों की तस्वीरों में उनकी शानदार आउटफिट स्टाइलिंग भी देखने को मिली।

यें भी पढ़ें : ट्रीटमेंट के बाद भी दोबारा क्यों लौट आता है कैंसर, बड़ी वजह जान लें

आकाश अंबानी का लुक रहा सिंपल और क्लासी

आकाश अंबानी ने इस कार्यक्रम के लिए सादगी भरा लेकिन स्टाइलिश ट्रेडिशनल लुक चुना। उन्होंने सिल्क कुर्ते के साथ मैचिंग नेहरू जैकेट पहनी और इसे सफेद पायजामे के साथ पेयर किया। उनका यह क्लासिक कॉम्बिनेशन पारंपरिक फैशन को पसंद करने वालों के लिए एक अच्छा स्टाइल इंस्पिरेशन है।

ब्लैक बंदगला सूट में नजर आए मुकेश अंबानी

मुकेश अंबानी ने भी इस इवेंट के लिए सोबर और क्लासी लुक चुना। वह ब्लैक बंदगला सूट और मैचिंग ट्राउजर में नजर आए। उनके कोट की जेब में लगा हल्के गुलाबी रंग का पॉकेट स्क्वायर पूरे लुक में एक अलग टच जोड़ रहा था। 'देवी शक्ति' इवेंट में अंबानी परिवार के हर सदस्य का अंदाज अलग नजर आया। नीता अंबानी की लाल बनारसी साड़ी से लेकर राधिका मर्चेंट के मॉडर्न ड्रेप्ड आउटफिट और श्लोका मेहता के रंगीन अनारकली सेट तक, हर लुक में पारंपरिक फैशन और व्यक्तिगत स्टाइल का खूबसूरत मेल देखने को मिला।

Related News