
नारी डेस्क: दुनिया के महान फुटबॉल खिलाड़ियों में शामिल क्रिस्टियानो रोनाल्डो अक्सर अपने खेल और रिकॉर्ड्स को लेकर सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन इस बार वह अपनी शानदार परफॉर्मेंस नहीं बल्कि अपनी दरियादिली की वजह से चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर रोनाल्डो से जुड़ी एक कहानी तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने बचपन में मदद करने वाली एक महिला को ऐसा तोहफा दिया, जिसे देखकर लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
बचपन में पैसों की कमी से जूझ रहे थे रोनाल्डो
रोनाल्डो ने कई मौकों पर अपने संघर्ष भरे बचपन का जिक्र किया है। उन्होंने बताया था कि जब वह करीब 10-12 साल के थे, तब उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी। कई बार उनके पास खाना खरीदने तक के पैसे नहीं होते थे। इसी दौरान उनके घर के पास मौजूद एक मैकडॉनल्ड्स रेस्टोरेंट में काम करने वाली कुछ महिलाओं ने उनकी मदद की थी। रोनाल्डो ने बताया था कि वह कभी-कभी वहां जाकर पूछते थे कि क्या कोई बचा हुआ बर्गर मिल सकता है।
महिला ने भूखे रोनाल्डो को दिए थे बर्गर
रोनाल्डो के मुताबिक, उस समय एक महिला ने उन्हें खाना दिया और बाद में भी कई बार उनकी मदद करती रहीं। उनके लिए यह छोटी-सी मदद उस मुश्किल दौर में बहुत बड़ी बात थी। फुटबॉलर ने कहा था कि उस समय मिले प्यार और सहयोग को वह कभी नहीं भूल पाए। उनके मन में हमेशा यह बात रही कि जब उन्हें मौका मिलेगा, तो वह उस मदद का एहसान जरूर चुकाएंगे।
सालों बाद महिला को ढूंढकर दिया खास तोहफा
समय बीतने के बाद रोनाल्डो ने उस महिला को खोजने की कोशिश की। काफी तलाश के बाद जब वह महिला उन्हें मिल गईं, तो उन्होंने उन्हें सम्मान देने के लिए एक खास कदम उठाया। खबरों के मुताबिक, रोनाल्डो ने उस महिला को एक रेस्टोरेंट गिफ्ट किया। इस मुलाकात के दौरान दोनों भावुक हो गए। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में महिला रोनाल्डो से गले मिलकर रोती हुई नजर आ रही हैं।
फैंस ने जमकर की रोनाल्डो की तारीफ
रोनाल्डो के इस कदम के बाद सोशल मीडिया पर फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों ने कहा कि यही वजह है कि दुनिया भर में लोग उन्हें सिर्फ एक शानदार खिलाड़ी नहीं, बल्कि एक अच्छे इंसान के तौर पर भी पसंद करते हैं। एक यूजर ने लिखा कि रोनाल्डो की महानता सिर्फ मैदान पर नहीं दिखती, बल्कि उनकी सोच और लोगों के प्रति सम्मान में भी नजर आती है। वहीं कई अन्य फैंस ने भी उनके इस कदम को दिल छू लेने वाला बताया।
सफलता के बाद भी नहीं भूले पुराने दिन रोनाल्डो की यह कहानी एक बार फिर दिखाती है कि कामयाबी हासिल करने के बाद भी उन्होंने अपने संघर्ष के दिनों और उन लोगों को नहीं भुलाया, जिन्होंने मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया था। यही वजह है कि उनकी यह दरियादिली फैंस के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
नोट: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल दावों के आधार पर ली गई है। हम इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं करते हैं।