
नारी डेस्क: बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘अल्फा’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में वह हाल ही में अपनी को-स्टार शरवरी वाघ के साथ कॉमेडियन समय रैना के लोकप्रिय शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ सीजन 2 में पहुंचीं। शो के दौरान दर्शकों को हंसी और मनोरंजन से भरपूर माहौल देखने को मिला, जहां समय रैना ने अपने अंदाज में आलिया भट्ट को रोस्ट किया।
‘मुझे यहां आकर थोड़ा पछतावा हो रहा है’
शो में बातचीत की शुरुआत करते हुए समय रैना ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा कि आलिया भट्ट उनके शो में मौजूद हैं। इस पर आलिया ने भी हंसते हुए जवाब दिया, “मुझे अभी थोड़ा पछतावा हो रहा है कि मैं यहां आई हूं।” आलिया की इस बात को सुनते ही समय ने तुरंत चुटकी लेते हुए कहा, “मुझे भी ‘जिगरा’ देखकर पछतावा हुआ था।” समय का यह जवाब सुनकर स्टूडियो में मौजूद लोग हंस पड़े और खुद आलिया भी अपनी हंसी नहीं रोक सकीं।
आलिया ने भी दिया मजेदार जवाब
हालांकि आलिया भट्ट ने समय के मजाक को बेहद स्पोर्टिंग तरीके से लिया। उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “कम से कम तुमने फिल्म तो देखी। मेरी फिल्म में योगदान देने के लिए धन्यवाद।” दोनों के बीच हुई यह मजेदार नोकझोंक दर्शकों को काफी पसंद आई और सोशल मीडिया पर भी इस बातचीत की चर्चा होने लगी।
रणबीर कपूर को लेकर भी की मजाकिया टिप्पणी
समय रैना यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि आलिया भट्ट के बगल में बैठकर वह काफी नर्वस महसूस कर रहे हैं। जब आलिया ने इसका कारण पूछा तो समय ने कहा, “क्योंकि मैं आपका बहुत बड़ा फैन हूं... आपके हसबैंड का।” समय की यह बात सुनकर सेट पर मौजूद सभी लोग हंस पड़े। शो के दौरान दोनों के बीच हुई यह हल्की-फुल्की बातचीत एपिसोड का सबसे चर्चित हिस्सा बन गई।
‘कॉकटेल 2’ की बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत
इस बीच बॉक्स ऑफिस पर शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म ‘कॉकटेल 2’ भी शानदार प्रदर्शन कर रही है। 19 जून को रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म ने रिलीज के पहले दिन 13.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। वहीं दूसरे दिन इसके कारोबार में और बढ़ोतरी देखने को मिली और फिल्म ने 16.35 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की। इसके साथ ही दो दिनों में फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 29.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
‘पेद्दी’ की कमाई का सिलसिला जारी
राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है। रिलीज के 17वें दिन फिल्म ने 1.95 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल कमाई 231.45 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। वहीं वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो ‘पेद्दी’ ने दुनियाभर में 326.86 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। लगातार तीसरे सप्ताह में भी फिल्म का प्रदर्शन संतोषजनक बना हुआ है और दर्शकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है।