18 OCTSUNDAY2026 9:23:54 PM
Life Style

दिनदहाड़े गोली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू को गोली मारकर ली गई जान

  • Edited By Monika,
  • Updated: 04 Oct, 2026 01:33 PM
दिनदहाड़े गोली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू को गोली मारकर ली गई जान

नारी डेस्क : पंजाबी मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अमृतसर में मशहूर मेकअप आर्टिस्ट और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर मैड संधू की दिनदहाड़े गोली मारकर जान ली गई है। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम वह अपनी गाड़ी धुलवाने के लिए जा रहे थे, तभी बाइक सवार दो हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी। हमले में उन्हें दो गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बाइक सवार हमलावरों ने किया हमला

यह घटना अमृतसर के लोहारका रोड इलाके में शनिवार शाम करीब 6 बजे हुई। पुलिस के मुताबिक, बाइक पर आए दो अज्ञात हमलावरों ने मैड संधू को निशाना बनाया और फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गए। गोली लगने के बाद संधू सड़क पर खून से लथपथ हालत में मिले। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

PunjabKesari

अज्ञात हमलावरों के खिलाफ FIR दर्ज

DSP प्रभजोत सिंह विर्क ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि मैड संधू को दो गोलियां लगी थीं, जिसके चलते उनकी मौत हुई। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी हैं। घटनास्थल से गोली के दो खाली खोखे भी बरामद किए गए हैं।

यें भी पढ़ें : नहीं रहे दिग्गज फिल्ममेकर, 94 की उम्र में हुआ निधन

क्या गोल्डी ढिल्लों ने ली हत्या की जिम्मेदारी?

हत्या के बाद सोशल मीडिया पर यूके में बैठे गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नाम से एक कथित पोस्ट सामने आया, जिसमें हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। हालांकि, इस पोस्ट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने भी अब तक गोल्डी ढिल्लों की इस हत्या में संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ऐसे में इस दावे को फिलहाल केवल एक कथित सोशल मीडिया पोस्ट के तौर पर ही देखा जा रहा है।

PunjabKesari

कौन थे मैड संधू?

मैड संधू का असली नाम मधुसूदन बताया जाता है। वह पेशे से मेकअप आर्टिस्ट, स्टाइलिस्ट और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर थे। पंजाबी मनोरंजन जगत में भी उन्होंने काम किया था। सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी फैन फॉलोइंग थी और वह पॉडकास्ट व डिजिटल कार्यक्रमों में अक्सर नजर आते थे। मैड संधू मेकअप और पंजाबी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के अलावा जेंडर से जुड़े मुद्दों पर भी खुलकर अपनी राय रखते थे। सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोलिंग और होमोफोबिक कमेंट्स का सामना भी करना पड़ता था, लेकिन इसके बावजूद वह अपनी पहचान और विचारों को लेकर मुखर रहे।

यें भी पढ़ें : ब्रेस्ट कैंसर के छिपे संकेत: सिर्फ गांठ नहीं, इन शुरुआती लक्षणों को भी न करें नजरअंदाज

फैशन इंडस्ट्री से शुरू किया था करियर

मैड संधू ने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत फैशन इंडस्ट्री से की थी। मेकअप आर्टिस्ट और डिजिटल क्रिएटर के रूप में पहचान बनाने से पहले उन्होंने पंजाब और मुंबई में फिल्मों के लिए स्टाइलिस्ट और असिस्टेंट कॉस्ट्यूम डिजाइनर के तौर पर भी काम किया था। धीरे-धीरे उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बनाई और पंजाबी मनोरंजन जगत में एक जाना-पहचाना नाम बन गए।

Related News