
नारी डेस्क: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नीतू बिष्ट इन दिनों खबरों में बनी हुई है। वह तब विवादों में घिर गईं जब देवी काली के रूप में तैयार होकर बनाया गया उनका एक वीडियो वायरल हो गया। उनकी इस हरकत के बाद करणी सेना और अन्य संगठनों ने नीतू बिष्ट के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और पुलिस को शिकायती पत्र सौंपकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
खबरों के मुताबिक, स्थानीय पुलिस को एक शिकायत दी गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि इस तरह से देवी का रूप धारण करने से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। वायरल हो रहे वीडियो में इन्फ्लुएंसर नीतू बिष्ट मां काली का स्वरूप लेकर बाजार में घूमते हुए नजर आ रही है। इस दौरान वह कुछ छोटे बच्चों से भी बात करते हुए नजर आ रही हैं और उन्हें काली रूप देखकर न डरने की बात कर रही है। इतना ही नहीं नीतू ने माता काली के अवतार में मोमोज भी खाए।
करणी सेना और दूसरे संगठनों का कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों पर सोशल मीडिया सामग्री बनाते समय संवेदनशीलता बरतना जरूरी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वीडियो में मां काली के पवित्र स्वरूप को आपत्तिजनक ढंग से दिखाया गया है। संगठन ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य बताया और संबंधित कानूनों के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
नीतू बिष्ट एक भारतीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, यूट्यूबर, मॉडल और लाइफ़स्टाइल कंटेंट क्रिएटर हैं। इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर अपनी मौजूदगी बढ़ाने से पहले उन्हें शॉर्ट-फ़ॉर्म वीडियो से लोकप्रियता मिली। नीतू बिष्ट की शादी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर लखन अर्जुन रावत से हुई है। । कुछ ऑनलाइन अनुमानों के अनुसार उनकी संपत्ति 10 करोड़ रुपये से 15 करोड़ रुपये के बीच है, लेकिन ये आंकड़े केवल अनुमान हैं और इन्हें पक्की वित्तीय जानकारी नहीं माना जाना चाहिए।