नारी डेस्क: 92 देशों के 50,000 लोगों पर किए गए एक अध्ययन से पता चला है कि मानसिक स्वास्थ्य केवल भविष्य की कोई अनिश्चित चिंता नहीं है, बल्कि यह 'अभी और इसी समय' एक गंभीर समस्या बनी हुई है। यह स्थिति खासकर युवाओं में देखी गई है, जबकि पिछली पीढ़ियों के लोगों का मानसिक स्वास्थ्य अपेक्षाकृत बेहतर था। 'सोशल इंडिकेटर्स रिसर्च' जर्नल में प्रकाशित इस ऑनलाइन सर्वे से पता चला है कि वैश्विक स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य स्कोर में गिरावट का मुख्य कारण युवा वर्ग की प्रतिक्रियाएं हैं।
यह भी पढ़ें: दिवाली पर घर के कुबेर कॉर्नर में रख दें बस एक चीज, लग जाएग धन का अंबार !
बुजुर्गों से ज्यादा परेशान हैं युवा
युवाओं में खुशहाली के लिए जरूरी बुनियादी चीजें जैसे कि ऊर्जा (वाइटैलिटी), भावनात्मक स्थिरता और विपरीत परिस्थितियों से उबरने की क्षमता (रेजिलिएंस) की कमी देखी गई है। हालांकि 261 शोधकर्ताओं की टीम को बुजुर्गों के मामले में सकारात्मक संकेत मिले हैं। साथ ही सभी उम्र के लोगों के बीच अपने रिश्तों और जीवन के अर्थ को लेकर भी सकारात्मक रुझान देखने को मिले हैं। ये नतीजे नीति-निर्माताओं के लिए एक चेतावनी हैं कि युवाओं और आर्थिक तंगी से जूझ रहे लोगों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए ठोस समाधान की जरूरत है। यह सिर्फ भविष्य की कोई अनिश्चित चिंता नहीं है, बल्कि अभी की एक गंभीर समस्या है।
संतुष्टि के स्तर को मापा गया
सर्वे में शामिल लोगों से मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े 10 सवाल पूछे गए। इनमें क्षमता, आशावाद, आत्म-सम्मान, सकारात्मक भावनाएं, जुड़ाव और ऊर्जा (वाइटैलिटी) जैसे कई पहलुओं को शामिल किया गया था। इसके अलावा, तनाव, डिप्रेशन और एंग्जायटी (चिंता) जैसी आम मानसिक समस्याओं और जीवन से कुल संतुष्टि के स्तर को भी मापा गया। शोधकर्ताओं ने उम्र, लिंग, आर्थिक स्थिति, रोजगार आदि से जुड़ी जनसांख्यिकीय जानकारी भी जुटाई। मानसिक स्वास्थ्य के जिन पहलुओं में सबसे अच्छे परिणाम (स्कोर) मिले, वे हैं - रिश्ते, जीवन का अर्थ, क्षमता, जुड़ाव और आत्म-सम्मान।
यह भी पढ़ें: धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान कृष्ण को बताया 'तीन जगह से टेढ़ा' , विवाद के बाद बोले- जोश-जोश में कह दी ये बात
बाहर की घटनाएं दिमाग पर डालती हैं गहरा असर
शोधकर्ताओं के अनुसार, इन नतीजों से पता चलता है कि लोग खुद का मूल्यांकन तो सकारात्मक रूप से करते हैं, लेकिन वे उन बाहरी कारकों को लेकर नकारात्मक हैं जो उनके कल्याण (well-being) को कम कर रहे हैं। दूसरे शब्दों में, हो सकता है कि वे अपनी व्यक्तिगत परिस्थितियों और अनुभवों को लेकर सकारात्मक महसूस करते हों, लेकिन उनके नियंत्रण से बाहर की घटनाएं (जैसे राजनीतिक और आर्थिक अस्थिरता) उन्हें काफी नुकसान (डर, तनाव, बर्नआउट) पहुंचा रही हैं। लेखकों ने लिखा, "...कई चिंताजनक रुझान भी सामने आए हैं, खासकर युवाओं के मामले में खराब परिणाम और कामकाजी लोगों के मामले में औसत परिणाम।" उन्होंने कहा- "कुल मिलाकर, हमने पाया कि कई देशों में सकारात्मक मानसिक स्वास्थ्य का स्तर चिंताजनक रूप से कम है - हालांकि यह कोई हैरानी की बात नहीं है। साथ ही, हमने कुछ ऐसे आर्थिक, सामाजिक और अन्य संकेतकों की पहचान की है, जिन पर ध्यान देकर नीति-निर्माता लोगों के कल्याण में सुधार ला सकते हैं।"