
नारी डेस्क: सड़क हादसे ने एक और चमकते सितारे की जान ले ली। तलंगाना के हैदराबाद में एक सड़क दुर्घटना में तेलुगू अभिनेता भरत कांत और एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। उनकी कार एक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। भरत कांत के साथ उनके दोस्त जी. साई त्रिलोक, जो कि पेशे से सिनेमेटोग्राफर और यूट्यूब आर्टिस्ट थे उनकी भी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना देर रात हुई। यह घटना तब हुई जब एक्टर की कार ORR पर एग्जिट नंबर 12 पर एक ट्रक से टकरा गई। यह दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। 31 साल के भरत कांत और उनके दोस्त की मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि दोनों ने शनिवार रात को अपनी यात्रा शुरू की थी। करीब तड़के 3:20 बजे, उन्होंने पेद्दाम्बरपेट से ORR पर एंट्री ली और शमशाबाद की ओर जा रहे थे।

पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए घटना की जांच जारी रखे हुए है। भरत कांत के सबसे उल्लेखनीय कार्यों में 2021 की फिल्म 'ग्रामम' और 2024 की फिल्म 'टेनेंट' शामिल हैं, जिनमें उन्होंने मुख्य भूमिका निभाई थी। वह 'गीतांजलि' और 'पार्वती परमेश्वरलू' जैसी वेब सीरीज़ में भी नज़र आए थे। इतनी कम उम्र में उन्होंने दुनिया का अलविदा कह दिया जिससे फैंस बेहद सदमे में हैं।