
नारी डेस्क : तमन्ना भाटिया इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'द वन' को लेकर चर्चा में हैं। 16 सितंबर को फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान तमन्ना ने फिल्म के गाने 'छठी मैया' और इसकी शूटिंग से जुड़ा अपना अनुभव शेयर किया। एक्ट्रेस ने बताया कि छठ पूजा से जुड़े सीक्वेंस की शूटिंग करते वक्त वह अचानक भावुक हो गई थीं और उनकी आंखों में आंसू आ गए थे।
'मुझे इस त्योहार के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी'
फिल्म का गाना 'छठी मैया' पहले ही रिलीज हो चुका है। इसमें छठ पूजा और बिहार की संस्कृति की खूबसूरत झलक देखने को मिलती है। गाने के बारे में बात करते हुए तमन्ना ने बताया कि वह मुंबई में पली-बढ़ी हैं और उन्हें छठ पूजा के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने जुहू बीच पर छठ पूजा के दौरान लोगों की बड़ी भीड़ जरूर देखी थी, लेकिन इस त्योहार से जुड़ी परंपराओं और मान्यताओं के बारे में वह ज्यादा नहीं जानती थीं। शूटिंग के दौरान उन्हें छठ पूजा और इससे जुड़े कठिन व्रत के बारे में करीब से समझने का मौका मिला।

36 घंटे के निर्जला व्रत के बारे में जानकर हुईं हैरान
तमन्ना ने बताया कि छठ पूजा में श्रद्धालु कठिन व्रत रखते हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान कई लोग करीब 36 घंटे तक बिना पानी के व्रत रखते हैं और पूरी श्रद्धा के साथ सूर्य देव की पूजा करते हैं। इस परंपरा को करीब से जानना उनके लिए एक अलग अनुभव था।
डूबते सूरज को सम्मान देने वाला सीन देखकर भर आईं आंखें
तमन्ना ने बिहार की संस्कृति के उस पहलू का भी जिक्र किया, जिसने उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि आमतौर पर लोग उगते सूरज को नमन करते हैं, लेकिन छठ पूजा में डूबते सूरज को भी उतना ही सम्मान दिया जाता है। एक्ट्रेस ने बताया कि जब वह इसी सीन की शूटिंग कर रही थीं, तब अचानक उनकी आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने कहा कि उन्हें खुद नहीं पता था कि वह उस पल इतनी भावुक क्यों हो गईं। तमन्ना के मुताबिक, एक कलाकार सिर्फ एक माध्यम की तरह होता है और कई बार उससे परे कोई शक्ति उसे कुछ खास महसूस कराती है। उनके लिए फिल्मों का असली मकसद भी यही है कि वह दर्शकों को कुछ महसूस करा सकें।

'जब किसी को छठ मनाते देखूंगी तो ये गाना याद आएगा'
तमन्ना ने कहा कि वह 'छठी मैया' का हिस्सा बनकर खुद को आभारी महसूस करती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले सालों में जब वह किसी को छठ पूजा करते हुए देखेंगी, तो इस गाने की याद जरूर आएगी। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया स्टारर 'द वन' का निर्देशन 'पंचायत' फेम दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। फिल्म को शोभा कपूर और एकता कपूर की बालाजी मोशन पिक्चर्स प्रोड्यूस कर रही है। फिल्म में सुनील ग्रोवर, श्वेता तिवारी और अनूप सोनी भी नजर आएंगे। 'द वन' 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।