नारी डेस्क: जियो प्लेटफॉर्म्स IPO लिस्टिंग समारोह के दौरान, जब अनंत अंबानी और ईशा अंबानी ने सभा को संबोधित किया, तो रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी भावुक हो गए और अपनी आंखों से आंसू पोंछे। जियो प्लेटफॉर्म्स IPO लिस्टिंग समारोह में बोलते हुए, अगली पीढ़ी के अधिकारियों ने कंपनी के सफर, अपने परिवार के मूल विजन और समाज के बड़े हिस्से तक जियो की पहुंच पर चर्चा की।
रिलायंस रिटेल वेंचर्स की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ईशा अंबानी ने हाल ही में परिवार के बीच हुई एक निजी बातचीत का जिक्र किया, जिसमें समूह के पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के इतिहास पर बात हुई थी। उन्होंने कहा- "कुछ शाम पहले, डिनर टेबल पर, मेरे पिता श्री मुकेश अंबानी 1977 के अपने दिनों को याद कर रहे थे। तब वे 20 साल के थे और रिलायंस के पहले पब्लिक ऑफरिंग पर काम कर रहे थे। मेरे दादाजी, श्री धीरूभाई अंबानी ने रिलायंस को आम लोगों तक पहुँचाने का फैसला किया था।" एक दशक के भीतर डिजिटल यूनिट द्वारा हासिल किए गए वित्तीय स्तर के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, "इस साल, जियो ने लगभग 15.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर का रेवेन्यू और लगभग 8 बिलियन अमेरिकी डॉलर की वास्तविक कमाई की है। दुनिया भर में बहुत कम कंपनियों ने ऐसा किया है। और वह भी सिर्फ 10 सालों में"।
ईशा ने आगे कहा- हर आंकड़े के पीछे एक ग्राहक है और हर ग्राहक ने जियो को अपना बनाया। आपने इसका स्वागत किया।" उन्होंने इस प्लेटफॉर्म को तैयार करने में अपने भाई और रिलायंस जियो के चेयरमैन, आकाश अंबानी की कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता का भी जिक्र किया। " उन्होंने कहा- आकाश, पिछले 13 सालों के इस सफर में, मुझे नहीं लगता कि तुम एक भी रात आधी रात से पहले घर आए हो। तुम्हारी बहन होने पर मुझे बहुत गर्व है," । इस कार्यक्रम में बोलते हुए, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी ने इस लिस्टिंग को संस्थागत आभार और जन-कर्तव्य के नजरिए से पेश किया।
अनंत अंबानी ने अपने भाषण में कहा- "मैं आज के सबसे महत्वपूर्ण शब्द - 'आभार' - से अपनी बात शुरू करना चाहता हूं। उन लाखों लोगों का आभार, जिन्होंने जियो पर भरोसा किया और आज के इस दिन को मुमकिन बनाया"। उन्होंने कहा- "एक्सचेंज में बजने वाली घंटी मेरे लिए मंदिर की घंटी जैसी है, क्योंकि मेरे लिए व्यापार एक पूजा है और हर पूजा प्रसाद के साथ पूरी होती है। प्रसाद हमेशा बांटा जाता है। आज, जियो को पूरे भारत के साथ बांटा जा रहा है," । भाई-बहनों के बीच नेतृत्व के बंटवारे और उनकी एकता के बारे में बात करते हुए, अनंत ने कहा- "आज, ईशा दीदी, आकाश भाई और मैं आपके सामने तीन शरीरों के रूप में, लेकिन एक आत्मा और इन सपनों को पूरा करने के एक ही संकल्प के साथ खड़े हैं।" उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए बताया कि समूह की कार्य-संस्कृति की जड़ें पिछली पीढ़ियों से जुड़ी हैं। रिलायंस नए सपने देखता रहेगा, लेकिन इसकी जड़ें वही रहेंगी। मेरे दादाजी का सपना, मेरी दादीजी का आशीर्वाद, मेरे पिताजी का मार्गदर्शन, और मेरी मां से मिले विनम्रता और परवाह के संस्कार,"।