11 NOVWEDNESDAY2026 2:47:24 PM
Nari

'हे प्रभु, मेरी आंखों की रोशनी लौटा दो', 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' गाने वाले गायक का इलाज शुरू

  • Edited By Prachi Sharma,
  • Updated: 04 Nov, 2026 01:32 PM
'हे प्रभु, मेरी आंखों की रोशनी लौटा दो', 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' गाने वाले गायक का इलाज शुरू

नारी डेस्क: अपनी आवाज से लोगों के दिलों तक पहुंचने वाले लोक गायक सुनील लोधी इन दिनों आंखों के इलाज को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म 'हनुमान अंश' के भजन 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' से खास पहचान बनाने वाले सुनील दृष्टिबाधित हैं। अब उनके चाहने वालों के लिए राहत की खबर है कि उनकी आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सागर में उनकी स्वास्थ्य और आंखों की जांच कराई गई। सुनील ने खुद सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो साझा कर यह जानकारी दी। साथ ही उन्होंने भगवान से अपनी जिंदगी में दोबारा रोशनी लौटाने की भावुक प्रार्थना भी की है।

सुनील लोधी ने अस्पताल से शेयर की तस्वीरें, भगवान से मांगी दुआ

सुनील लोधी ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर आंखों के अस्पताल से कुछ तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों के जरिए उन्होंने बताया कि उनके इलाज की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस मौके पर उन्होंने भगवान का शुक्रिया अदा करते हुए एक भावुक संदेश भी लिखा। सुनील ने अपनी पोस्ट में कहा कि जीवन में कई मुश्किलें आईं, लेकिन हर बार ईश्वर ने उन्हें हिम्मत और सहारा दिया। अब उन्हें उम्मीद है कि इलाज के जरिए उनकी जिंदगी में फिर से रोशनी आ सकती है। उन्होंने लिखा, 'हे ईश्वर! आपने हर कठिनाई में मुझे अपार सहारा और हौसला दिया है। आज मेरी आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आप सभी की दुआओं और आशीर्वाद ने मेरे मन में एक नई उम्मीद जगाई है। मेरी बस यही प्रार्थना है कि भगवान मेरी जिंदगी में रोशनी लौटा दें और मैं इस खूबसूरत दुनिया को अपनी आंखों से देख सकूं।' गायक ने अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों से भी उनके लिए दुआ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों का प्यार, आशीर्वाद और प्रार्थनाएं ही उनकी सबसे बड़ी ताकत हैं। सुनील की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर कई लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

अस्पताल पहुंचे सुनील, आज आने वाली है जांच की रिपोर्ट

सुनील ने बुधवार को भी इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया। इसमें वह आंखों के अस्पताल में नजर आए। वीडियो के जरिए उन्होंने अपने इलाज से जुड़ा नया अपडेट दिया और बताया कि उनकी जांच की रिपोर्ट आज मिलने वाली है। रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी आंखों की स्थिति और आगे के इलाज को लेकर अधिक जानकारी मिल सकेगी। उनके इस वीडियो के बाद प्रशंसकों में उम्मीद जगी है। लोग कमेंट्स के जरिए उनके लिए दुआएं भेज रहे हैं। सुनील की कहानी इसलिए भी लोगों को प्रेरित करती है, क्योंकि दृष्टिबाधित होने के बावजूद उन्होंने कभी अपने संगीत के शौक और हुनर को पीछे नहीं छोड़ा। अपनी आवाज के दम पर उन्होंने श्रोताओं के बीच एक अलग पहचान बनाई है।

ये भी पढ़ें:  पंचकूला स्कूल में बच्ची पर हमला करने वाले 8 साल के छात्र की मानसिक जांच रिपोर्ट आई सामने

सीएम मोहन यादव के निर्देश पर सागर में हुई जांच

सुनील लोधी के इलाज को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से भी पहल किए जाने की जानकारी सामने आई है। 'बुंदेली दुनिया' नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की गई पोस्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री के निर्देश पर सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में सुनील की स्वास्थ्य जांच और आंखों की विस्तृत जांच कराई गई। पोस्ट में बताया गया कि मुख्यमंत्री की इच्छा और निर्देश के अनुसार उनका मेडिकल चेकअप कराया गया। इसके बाद सुनील ने कलेक्टर दिलीप कुमार यादव से उनके कार्यालय में मुलाकात भी की। पोस्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री के निर्देश और कलेक्टर की पहल के बाद उनके उपचार की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।

'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' भजन से मिली पहचान

सुनील लोधी को इस साल रिलीज हुई फिल्म 'हनुमान अंश' के भजन 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' से काफी लोकप्रियता मिली। इस भक्ति गीत में उनकी आवाज को दर्शकों ने खूब पसंद किया। गाने के जरिए वह बड़ी संख्या में नए श्रोताओं तक पहुंचे और उनकी गायकी की सराहना हुई।

अब उनके इलाज की खबर सामने आने के बाद संगीत प्रेमी और प्रशंसक यही दुआ कर रहे हैं कि सुनील को जल्द अच्छी खबर मिले। हालांकि, उनकी आंखों की रोशनी कितनी वापस आ पाएगी, इस बारे में जांच रिपोर्ट और डॉक्टरों की सलाह के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल सुनील और उनके चाहने वालों की उम्मीदें इलाज पर टिकी हैं।
 

Related News