01 NOVSUNDAY2026 2:36:53 AM
Nari

श्रद्धा कपूर के लिए आसान नहीं था लावणी डांस, ‘ईठा’ की शूटिंग में हुईं घायल

  • Edited By Monika,
  • Updated: 31 Oct, 2026 11:31 AM
श्रद्धा कपूर के लिए आसान नहीं था लावणी डांस, ‘ईठा’ की शूटिंग में हुईं घायल

नारी डेस्क : बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर जल्द ही अपनी आगामी फिल्म ‘ईठा’ में एक बिल्कुल नए अंदाज में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में वह महाराष्ट्र की मशहूर लोक कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर का किरदार निभा रही हैं। फिल्म में श्रद्धा एक लावणी डांसर के रूप में दिखाई देंगी। हाल ही में मुंबई के दादर स्थित प्लाजा सिनेमा में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया गया, जहां एक्ट्रेस ने अपनी शूटिंग और किरदार की तैयारी से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए। इस दौरान उन्होंने बताया कि लावणी सीखना उनके लिए बिल्कुल आसान नहीं था। डांस की प्रैक्टिस के दौरान उनकी मांसपेशियों में चोट तक लग गई थी, जिसके चलते शूटिंग रोकनी पड़ी।

डांस करते समय श्रद्धा कपूर को लगी चोट

ट्रेलर लॉन्च के दौरान श्रद्धा कपूर ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के समय डांस करते हुए उनके साथ एक हादसा हो गया था। इस दौरान उनकी मांसपेशियों में खिंचाव आ गया और उन्हें कुछ समय के लिए शूटिंग रोकनी पड़ी। एक्ट्रेस ने बताया कि इस मुश्किल समय में पूरी टीम ने उनका काफी ध्यान रखा और उन्हें दोबारा काम पर लौटने में मदद की। श्रद्धा के मुताबिक, लावणी को सही तरीके से समझने और उसके पारंपरिक अंदाज को पर्दे पर उतारने के लिए उन्हें काफी मेहनत और अभ्यास करना पड़ा।

PunjabKesari

लावणी सीखने के लिए की एक हफ्ते की वर्कशॉप

फिल्म के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने भी बताया कि लावणी को पर्दे पर वास्तविक अंदाज में दिखाने के लिए खास तैयारी की गई थी। इसके लिए मशहूर लावणी डांसर शकुंतला नागरकर को टीम के साथ जोड़ा गया। उनके मार्गदर्शन में कलाकारों और पूरी टीम ने एक हफ्ते की विशेष वर्कशॉप की, ताकि महाराष्ट्र की इस पारंपरिक लोक कला की बारीकियों को समझा जा सके।

यें भी पढ़ें : कम उम्र में भी हो सकता है Brain Aneurysm, जानें इसके लक्षण

सिर्फ विठाबाई की कहानी नहीं है फिल्म ‘ईठा’

फिल्म के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने स्पष्ट किया कि ‘ईठा’ पूरी तरह से विठाबाई की जिंदगी पर आधारित बायोपिक नहीं है। फिल्म की कहानी कुछ घटनाओं से प्रेरित है, जिनका जिक्र ‘तमाशा: विठाबाईच्या आयुष्याचे’ नाम की किताब में मिलता है। वहीं श्रद्धा कपूर ने कहा कि यह फिल्म सिर्फ एक कलाकार की कहानी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें तमाशा और लावणी से जुड़े हजारों कलाकारों के जीवन, मेहनत और संघर्ष को भी दिखाया जाएगा।

PunjabKesari

कौन थीं विठाबाई, जिनसे प्रेरित है फिल्म?

विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर महाराष्ट्र की मशहूर तमाशा और लावणी कलाकार थीं। उनका जन्म 1935 में महाराष्ट्र के पंढरपुर में हुआ था। उनका परिवार लोक कला से जुड़ा हुआ था और उन्होंने बेहद कम उम्र में ही मंच पर प्रस्तुति देना शुरू कर दिया था। अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर उन्होंने महाराष्ट्र की लोक कला में खास पहचान बनाई। हालांकि, उनका सफर सिर्फ उपलब्धियों से भरा नहीं था, बल्कि निजी जिंदगी में भी उन्हें कई मुश्किलों और संघर्षों का सामना करना पड़ा।

यें भी पढ़ें : इन Blood Group वालों को सबसे ज्यादा काटते हैं मच्छर! जानिए क्या कहती है रिसर्च

फिल्म में नजर आएंगे कई बड़े कलाकार

‘ईठा’ का निर्माण दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा ने किया है। फिल्म Maddock Films और Kathputli Creations के बैनर तले बनी है। लक्ष्मण उतेकर इससे पहले भी Maddock Films के साथ ‘लुका छुपी’, ‘मिमी’, ‘जरा हटके जरा बचके’ और ‘छावा’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। वहीं, श्रद्धा कपूर भी ‘स्त्री’ फ्रेंचाइजी के बाद एक बार फिर इस प्रोडक्शन हाउस के साथ जुड़ी हैं। फिल्म में श्रद्धा के अलावा रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, नाना पाटेकर, सिद्धार्थ जाधव, अनंत जोशी, अक्षरा सिंह और उल्का गुप्ता भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत मशहूर संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल ने तैयार किया है। ‘ईठा’ 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Related News