18 OCTSUNDAY2026 8:10:03 PM
Nari

दिवाली तक चीनी की कीमतों में मिल सकती है राहत, 10 लाख टन शुल्क मुक्त आयात से घटेंगे दाम

  • Edited By Monika,
  • Updated: 25 Aug, 2026 03:34 PM
दिवाली तक चीनी की कीमतों में मिल सकती है राहत, 10 लाख टन शुल्क मुक्त आयात से घटेंगे दाम

नारी डेस्क : देश में चीनी की कीमतें लगातार बढ़ने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई राज्यों में चीनी के खुदरा दाम करीब 65 से 81 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। ऐसे में लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है। सरकार के शुल्क मुक्त चीनी आयात के फैसले के बाद आने वाले दिनों में बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ने और दिवाली के आसपास कीमतों में नरमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

सरकार ने 10 लाख टन चीनी आयात की दी मंजूरी

चीनी की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए केंद्र सरकार ने करीब 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति दी है। करीब एक दशक बाद भारत ने इतनी बड़ी मात्रा में चीनी आयात करने का फैसला किया है। इस आयात में ब्राजील भारत के लिए प्रमुख स्रोत बन सकता है। उद्योग संगठनों के मुताबिक, मौजूदा परिस्थितियों में ब्राजील से ही इतनी बड़ी मात्रा में चीनी आयात करना संभव है।

PunjabKesari

15 अक्टूबर तक चीनी लाने वालों को प्राथमिकता

सरकार ने शुल्क मुक्त आयात के लिए आवेदन की प्रक्रिया 21 से 28 अगस्त के बीच रखी है। ऐसे आयातकों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो 15 अक्टूबर तक चीनी भारत लाने की प्रतिबद्धता देंगे। हालांकि, ब्राजील से समुद्री रास्ते के जरिए चीनी भारत पहुंचने में करीब 37 से 45 दिन लग सकते हैं। इसके बाद बंदरगाह से चीनी को रिफाइनरी या मिल तक पहुंचाने में भी अतिरिक्त समय लगेगा। ऐसे में आयातित चीनी की बड़ी खेप अक्टूबर के आसपास बाजार में उपलब्ध होने की संभावना है।

दिवाली के आसपास मिल सकती है राहत

आयातित चीनी के भारत पहुंचने में लगने वाले समय को देखते हुए माना जा रहा है कि दिवाली के आसपास चीनी की कीमतों में नरमी देखने को मिल सकती है। हालांकि, कीमतों में वास्तविक गिरावट आयातित चीनी की उपलब्धता और बाजार की मांग पर निर्भर करेगी।

यें भी पढ़ें : फिजिकल रिलेशन के दौरान 40% महिलाओं को होती है ये परेशानी, जानें इसके संकेत

थाईलैंड से बड़े पैमाने पर आयात मुश्किल

ब्राजील के अलावा थाईलैंड से भी चीनी आयात की संभावना रहती है, लेकिन इस समय वहां उत्पादन में कमी बताई जा रही है। ऐसे में भारत के लिए थाईलैंड से बड़े पैमाने पर चीनी खरीदना मुश्किल हो सकता है। मॉरीशस, फ्रांस, जर्मनी, पोलैंड और अमेरिका जैसे देशों से भी सीमित मात्रा में चीनी आयात की संभावना है, लेकिन इन देशों से 10 लाख टन जैसी बड़ी खेप आने की संभावना फिलहाल कम मानी जा रही है।

PunjabKesari

देश में चीनी की किल्लत नहीं: ISMA

चीनी उद्योग संगठन इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) ने कहा है कि देश में चीनी की कोई वास्तविक किल्लत नहीं है और आने वाले दिनों में खुदरा कीमतों में कमी आने की उम्मीद है। संगठन के अनुसार, हाल में कीमतें बढ़ने के पीछे कई वजहें हैं। इनमें कीमतें और बढ़ने की आशंका के चलते कारोबारियों और थोक उपभोक्ताओं की खरीदारी के साथ-साथ खराब मौसम के कारण उत्पादन में आई कमी भी शामिल है। ISMA ने यह भी स्पष्ट किया कि कृत्रिम किल्लत पैदा करने या मिल स्तर पर कीमतें बढ़ाने के पीछे चीनी मिलों की भूमिका नहीं है।

यें भी पढ़ें : पेड़ पर उगने वाली ‘जलेबी’! सिर्फ 2 महीने बाजार में दिखती है, सेहत के लिए वरदान

क्या दिवाली तक सस्ती होगी चीनी?

सरकार के शुल्क मुक्त आयात के फैसले से बाजार में आपूर्ति बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, ब्राजील से चीनी आने में समय लगने के कारण इसका असर तुरंत दिखाई देने की संभावना कम है। अक्टूबर में आयातित चीनी की उपलब्धता बढ़ने के बाद दिवाली के आसपास कीमतों पर दबाव कम हो सकता है, लेकिन अंतिम कीमतें बाजार की मांग, आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय कीमतों पर निर्भर करेंगी।

Related News