31 OCTSATURDAY2026 6:50:49 PM
Nari

संजय गुप्ता के निधन का एक्टर संजय दत्त को लगा सदमा, अपने दोस्त से किया बड़ा वादा

  • Edited By vasudha,
  • Updated: 31 Oct, 2026 04:44 PM
संजय गुप्ता के निधन का एक्टर संजय दत्त को लगा सदमा, अपने दोस्त से किया बड़ा वादा

नारी डेस्क: अभिनेता संजय दत्त ने दिवंगत फिल्म निर्माता और अपने करीबी दोस्त संजय गुप्ता का 'कांटे 2' बनाने का अधूरा सपना पूरा करने का वादा किया है। अभिनेता ने कहा कि वे अपने करीबी दोस्त की याद में इस प्रोजेक्ट को साकार करने के लिए हर संभव कोशिश करेंगे। संजय दत्त ने  X पर संजय गुप्ता के निधन पर शोक व्यक्त किया और एक भावुक नोट साझा किया। इसमें उन्होंने अपनी बरसों पुरानी दोस्ती, साथ बिताए पलों और सिनेमा को लेकर हुई बातचीत को याद किया।

PunjabKesari
दिवंगत फिल्म निर्माता के साथ कुछ तस्वीरें साझा करते हुए संजय दत्त ने लिखा- "गुप्ट्स, मेरे भाई। मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि तुम अब हमारे बीच नहीं रहे। हमने साथ में बहुत कुछ साझा किया है - ढेरों यादें और दोस्ती के इतने सारे साल। तुम हमेशा मेरे परिवार की तरह रहे हो, और यह बात कभी नहीं बदलेगी। मैं तुम्हें, हमारी बातचीत को और साथ बिताए उन सभी पलों को बहुत याद करूंगा।" उन्होंने आगे कहा- "हमने हाल ही में 'कांटे 2' के बारे में बात की थी। तुम्हारे सपने 'कांटे 2' को मैं तुम्हारी याद में पूरा करूंगा। तुम्हारे इस सपने को सच करने के लिए मैं हर मुमकिन कोशिश करूंगा। तुमसे हमेशा प्यार रहेगा। तुम्हारे बिना जिंदगी अब वैसी नहीं रहेगी, भाई। ईश्वर तुम्हारी आत्मा को शांति दे।" 

PunjabKesari
अभिनेता द्वारा साझा की गई तस्वीरों में एक पुरानी तस्वीर भी है, जो किसी जश्न के दौरान की लग रही है। इसमें संजय दत्त, संजय गुप्ता को केक खिला रहे हैं और उनके बगल में अमिताभ बच्चन भी खड़े दिखाई दे रहे हैं। बता दें कि संजय दत्त और संजय गुप्ता का एक लंबा प्रोफेशनल रिश्ता रहा है। उन्होंने कई फिल्मों में साथ काम किया है, जिनमें 'आतिश: फील द फायर' (1994), 'कांटे' (2002), 'मुसाफिर' (2004) और 'जिंदा' (2006) जैसी फिल्में शामिल हैं। इनके बीच का यह जुड़ाव 'शूटआउट एट लोखंडवाला' (2007) तक भी रहा, जिसमें संजय दत्त फिल्म की स्टार कास्ट का हिस्सा थे। उनके सबसे यादगार सहयोगों में से एक है 2002 की एक्शन थ्रिलर फिल्म 'कांटे'। संजय गुप्ता द्वारा निर्देशित इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, सुनील शेट्टी, महेश मांजरेकर, लकी अली और कुमार गौरव के साथ संजय दत्त भी मुख्य भूमिकाओं में थे। संजय गुप्ता का 30 अक्टूबर को मुंबई स्थित उनके आवास पर 59 वर्ष की आयु में निधन हो गया। 

Related News