
नारी डेस्क: राजस्थान के अलवर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पर कक्षा 11 में पढ़ने वाली 15 साल की एक छात्रा को अगवा कर उसके साथ गैंगरेप किया गया है। तीन दरिंदों ने स्कूल जाते समय उसे उठाया और तीनों ने मिलकर नाबालिग को हवस का शिकार बनाया। लड़की चीखतीं-चिल्लाती रही, लेकिन दरिंदे को उस पर जरा भी तरस नहीं आया। इतना ही नहीं दरिंदों ने किशोरी की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बनाए और उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी को इस घटना के बारे में बताया, तो उसके भाई को जान से मार दिया जाएगा।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, पीड़िता रोज की तरह सुबह करीब 8 बजे अपने घर से स्कूल के लिए पैदल निकली थी। इसी दौरान रास्ते में एक बोलेरो गाड़ी में सवार दो युवकों ने उसे जबरन गाड़ी में खींच लिया। हैवानों ने चलती गाड़ी में उसके हाथ-पैर बांधे और फिर उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी। इसके बाद उन्होंने एक और युवक को गाड़ी में बैठा लिया। जिसके बाद तीनों उसे एक अज्ञात स्थान पर ले गए और उसे कमरे में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया।
बारी-बारी किया रेप
दरिंदों ने पीड़िता से बारी-बारी रेप किया। वो रोती बिलखती रही और छोड़ देने की गुहार लगाती रही। इस दौरान उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बनाए और उसे वायरल करने की धमकी दी और जान से मारने की भी धमकी दी। इसके बाद आरोपी उसे फिर से गाड़ी में बैठाकर आंखों पर पट्टी बांधकर उसी स्थान के पास छोड़ गए, जहां से उसे अगवा किया गया था। इधर, स्कूल के अन्य बच्चों ने घटना की जानकारी गांव में फैला दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पहुंचे।
गांव वालों ने लगाई दरिंदों की गाड़ी को आग
जब आरोपी पीड़िता को छोड़ने आए तो कुछ लोगों ने उसे देख लिया। वहां भीड़ जमा हो गई, जिसे देखकर आरोपी अपनी गाड़ी वहां पर ही छोड़कर भाग गए।आक्रोशित ग्रामीणों ने उनकी गाड़ी में आग लगा दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जली हुई गाड़ी को कब्जे में लेकर थाने ले आई। इस मामले की शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अन्य की तलाश की जा रही है।