
नारी डेस्क : ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शनिवार का दिन भारत के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। भारतीय खिलाड़ियों ने एक ही दिन में 8 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य सहित कुल 16 पदक अपने नाम किए। यह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में भारत का एक दिन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। सबसे शानदार प्रदर्शन मुक्केबाजी में देखने को मिला, जहां भारतीय मुक्केबाजों ने 7 गोल्ड मेडल जीतकर नया इतिहास रच दिया।

दिन की शुरुआत प्रीती पवार ने महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर की। इसके बाद भारतीय मुक्केबाजों ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड की झड़ी लगा दी। खास बात यह रही कि बॉक्सिंग में मिले 7 गोल्ड में से 5 स्वर्ण महिला मुक्केबाजों ने जीते। पुरुष वर्ग में सचिन सिवाच और अंकुश पंघाल ने भारत को गोल्ड दिलाया। दिन का आखिरी स्वर्ण भी अंकुश पंघाल ने अपने नाम किया। बॉक्सिंग के अलावा सोमन राणा ने पैरा एथलेटिक्स के पुरुष शॉट पुट F57 वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर भारत की उपलब्धियों में एक और गोल्ड जोड़ा। इसी स्पर्धा में शुभम जुयाल ने रजत पदक हासिल किया।
शनिवार को भारत के स्वर्ण पदक विजेता
प्रीती पवार – बॉक्सिंग (महिला 54 किग्रा)
जैस्मीन लैंबोरिया – बॉक्सिंग (महिला 57 किग्रा)
सोमन राणा – पैरा एथलेटिक्स (पुरुष शॉट पुट F57)
साक्षी चौधरी – बॉक्सिंग (महिला 51 किग्रा)
प्रिया घंघास – बॉक्सिंग (महिला 60 किग्रा)
अरुंधति चौधरी – बॉक्सिंग (महिला 70 किग्रा)
सचिन सिवाच – बॉक्सिंग (पुरुष 60 किग्रा)
अंकुश पंघाल – बॉक्सिंग (पुरुष 80 किग्रा)

शनिवार को रजत पदक जीतने वाले भारतीय
प्रवीण चित्रवेल – एथलेटिक्स (पुरुष ट्रिपल जंप)
जदुमणि सिंह – बॉक्सिंग (पुरुष 55 किग्रा)
शुभम जुयाल – पैरा एथलेटिक्स (पुरुष शॉट पुट F57)
लवलीना बोरगोहेन – बॉक्सिंग (महिला 75 किग्रा)
नरेंद्र बेरवाल – बॉक्सिंग (पुरुष 90+ किग्रा)
शनिवार को कांस्य पदक जीतने वाले भारतीय
सेल्वा प्रभु – एथलेटिक्स (पुरुष ट्रिपल जंप)
उन्नति शर्मा – जूडो (महिला 63 किग्रा)
गुलवीर सिंह – एथलेटिक्स (पुरुष 5000 मीटर)

मेडल टैली में भारत की बड़ी छलांग
शनिवार की शुरुआत में भारत मेडल टैली में 10वें स्थान पर था, लेकिन एक दिन में 8 स्वर्ण सहित 16 पदक जीतने के बाद भारतीय दल ने शानदार छलांग लगाते हुए चौथा स्थान हासिल कर लिया। अब भारत के खाते में कुल 39 पदक हैं, जिनमें 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज शामिल हैं।