नारी डेस्क : सनी देओल स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। साल 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ ने देशभक्ति सिनेमा को एक नई पहचान दी थी। उस फिल्म में सनी देओल के साथ सुनील शेट्टी, अक्षय खन्ना, सुदेश बेरी और कुलभूषण खरबंदा जैसे कलाकार नजर आए थे। अब करीब 29 साल बाद ‘बॉर्डर 2’ के साथ यह कहानी एक नई पीढ़ी के जरिए आगे बढ़ रही है। खास बात यह है कि इस फिल्म में सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी भी अहम भूमिका में दिखाई देंगे।
‘बॉर्डर 2’ में दिखेगा पुराने सितारों का खास कैमियो
‘बॉर्डर 2’ में सुनील शेट्टी, अक्षय खन्ना और सुदेश बेरी कैमियो रोल में नजर आएंगे। फिल्म में इनके जवान दिनों का एक खास सीन दिखाया जाएगा, जिसकी शूटिंग पूरी हो चुकी है। यह सीन दर्शकों के लिए एक भावनात्मक सरप्राइज होने वाला है।
गाने की लॉन्चिंग पर बेटे के सामने रो पड़े सुनील शेट्टी
12 जनवरी को ‘बॉर्डर 2’ के तीसरे गाने ‘जाते हुए लम्हों’ की लॉन्चिंग के दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया। बेटे अहान शेट्टी के सामने ही सुनील शेट्टी अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए और उनकी आंखों में आंसू आ गए।
सुनील शेट्टी ने बेटे अहान को दी खास नसीहत
सुनील शेट्टी ने ‘बॉर्डर’ से जुड़ी यादें साझा करते हुए कहा, बॉर्डर जैसी बड़ी फिल्म मिलना अपने आप में बहुत बड़ी बात है। यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। मैंने अहान से भी कहा था कि इसे हमेशा याद रखना। उन्होंने आगे कहा, आज देश ऊंचाइयां छू रहा है। हमारे देश के बच्चों में जो साहस है, वह हमारे जवानों और ऑफिसर्स की वजह से है। मैं उन्हें दिल से धन्यवाद करता हूं। जो भी करो, दिल से करो।
निधि दत्ता की जमकर तारीफ
सुनील शेट्टी ने फिल्म की प्रोड्यूसर निधि दत्ता की भी खूब सराहना की। उन्होंने कहा कि निधि उनके लिए छोटी बेटी जैसी हैं और इतनी बड़ी फिल्म को लिखना व उसमें अहान को कास्ट करना आसान नहीं था। कार्यक्रम के अंत में सुनील शेट्टी ने ‘मां शक्ति, शक्ति मां’ वाला फेमस डायलॉग बोलकर माहौल और भावुक कर दिया।
‘बॉर्डर 2’ को लेकर वायरल हुआ सुनील शेट्टी का वीडियो
इन दिनों सोशल मीडिया पर सुनील शेट्टी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहते नजर आ रहे हैं, जब मुझे बॉर्डर में मरने वाला सीन मिला था, तब मैं बहुत खुश हुआ था। लेकिन जब बॉर्डर 2 बनी, तो लगा अगर मैं बॉर्डर में नहीं मरा होता, तो आज फिर बॉर्डर 2 में काम कर रहा होता। मुझे यूनिफॉर्म पहनने का बहुत शौक है।”
स्टारकास्ट और रिलीज डेट
‘बॉर्डर 2’ में अहान शेट्टी, वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह कर रहे हैं। यह फिल्म 23 जनवरी 2026 को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होगी।