
नारी डेस्क : बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम एक बार फिर अपने पुराने बयान को लेकर चर्चा में हैं। कन्नड़ गाने की मांग की तुलना पहलगाम आतंकी हमले से करने वाले बयान पर अब उन्होंने कर्नाटक के लोगों से माफी मांग ली है। सिंगर ने वीडियो संदेश साझा कर कहा कि वह कर्नाटक के लोगों से बेहद प्यार करते हैं और उनके साथ अपने रिश्ते को बहुत अहमियत देते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर उनके शब्दों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वह इसके लिए माफी चाहते हैं। यह विवाद ऐसे समय में फिर सुर्खियों में आया है, जब सोनू निगम करीब डेढ़ साल बाद बेंगलुरु में कॉन्सर्ट करने जा रहे हैं।
क्या था सोनू निगम का विवादित बयान?
यह विवाद मई 2025 में बेंगलुरु में हुए सोनू निगम के एक कॉन्सर्ट के दौरान शुरू हुआ था। कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोगों ने उनसे कन्नड़ गाना गाने की मांग की थी। बताया गया कि बार-बार एक ही मांग किए जाने से नाराज होकर सिंगर ने टिप्पणी की, जिसमें उन्होंने कन्नड़ गाने की मांग को पहलगाम आतंकी हमले से जोड़ दिया था। उनके इस बयान पर कर्नाटक में काफी विरोध हुआ था। उनके खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई गई थी और राज्य में उनके कार्यक्रमों पर रोक लगाने की मांग उठी थी।

कॉन्सर्ट से पहले सोनू निगम ने मांगी माफी
पुराने विवाद के बीच सोनू निगम 24 अक्टूबर को बेंगलुरु में एक बार फिर कॉन्सर्ट करने जा रहे हैं। कार्यक्रम से पहले कन्नड़ संगठन कर्नाटक रक्षणा वेदिके (केआरवी) ने पुलिस से उनके कॉन्सर्ट को अनुमति न देने की मांग की थी। संगठन का आरोप था कि सिंगर की टिप्पणी से कन्नड़भाषी लोगों की भावनाएं आहत हुई थीं। विवाद के बीच सोनू निगम ने संगठन के प्रमुख नारायण गौड़ा से बातचीत की और वीडियो संदेश के जरिए कन्नड़ समुदाय से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि कर्नाटक और वहां के लोगों ने हमेशा उन्हें भरपूर प्यार दिया है। वह इस रिश्ते को खराब नहीं होने देना चाहते।
बोले- रिश्ता बनाए रखने के लिए हजार बार भी सॉरी कह सकता हूं
अपने वीडियो संदेश में सोनू निगम ने कहा कि किसी भी रिश्ते को बनाए रखने के लिए अहंकार से ज्यादा समझदारी जरूरी होती है। उन्होंने कहा कि अगर आप किसी से प्यार करते हैं और उस रिश्ते को बनाए रखना चाहते हैं, तो हजार बार भी ‘सॉरी’ कहने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। सिंगर ने कर्नाटक के लोगों को अपना परिवार बताते हुए कहा कि वह उनके साथ अपने संबंधों को बहुत महत्व देते हैं। अगर उनकी किसी बात से किसी भी कन्नड़भाषी व्यक्ति को ठेस पहुंची है, तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं।
नारायण गौड़ा ने कहा- अब विवाद खत्म होना चाहिए
कर्नाटक रक्षणा वेदिके के प्रमुख नारायण गौड़ा ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि सोनू निगम ने उनसे बात की और स्वीकार किया कि उनके बयान से कन्नड़ लोगों की भावनाएं आहत हुई थीं। नारायण गौड़ा ने कहा कि लोग सोनू निगम के गानों को पसंद करते हैं और संगठन के मन में उनके प्रति कोई व्यक्तिगत नफरत या दुश्मनी नहीं थी। विरोध उनके बयान को लेकर था। उन्होंने कहा कि सोनू निगम के माफी मांगने के बाद विवाद को समाप्त कर देना चाहिए। उनके मुताबिक, माफी मांगने वाले को क्षमा करना कन्नड़ संस्कृति और वहां के लोगों की उदारता का हिस्सा है। अब सोनू निगम के 24 अक्टूबर को होने वाले बेंगलुरु कॉन्सर्ट पर सबकी नजरें हैं। माफी के बाद विवाद को खत्म करने की अपील के बीच यह देखना अहम होगा कि कार्यक्रम को लेकर आगे क्या स्थिति बनती है।