नारी डेस्क: गर्मियों में चप्पल या सैंडल पहनकर बाहर निकलना आम बात है, लेकिन तेज धूप और धूल-मिट्टी की वजह से पैरों की त्वचा सबसे ज्यादा प्रभावित होती है। अक्सर पैरों का खुला हिस्सा काला पड़ जाता है, जबकि चप्पल की पट्टियों वाली जगह साफ नजर आती है। इससे पैरों पर चप्पल के निशान उभर आते हैं, जो देखने में अच्छे नहीं लगते। धूप, पसीना और धूल की वजह से पैरों की त्वचा बेजान और रूखी दिखने लगती है। कई महिलाएं इससे छुटकारा पाने के लिए महंगे पेडिक्योर का सहारा लेती हैं, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर वही समस्या लौट आती है। ऐसे में कुछ आसान घरेलू उपाय पैरों की टैनिंग हटाने और उन्हें मुलायम बनाए रखने में मदद कर सकते हैं।
स्क्रबिंग से हटाएं टैनिंग
पैरों की जमी गंदगी और डेड स्किन हटाने के लिए स्क्रबिंग बेहद असरदार मानी जाती है। इसके लिए टूथपेस्ट, बेकिंग सोडा और नींबू का इस्तेमाल किया जा सकता है।
कैसे बनाएं पैक?
एक कटोरी में थोड़ा टूथपेस्ट लें। उसमें 1 चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। आधे नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। अब इस पेस्ट को ब्रश की मदद से पैरों पर लगाएं और नींबू के छिलके से हल्के हाथों से स्क्रब करें। 10 मिनट बाद पैरों को साफ पानी से धो लें। हफ्ते में दो बार इसका इस्तेमाल करने से टैनिंग धीरे-धीरे कम होने लगती है। आप चाहें तो कॉफी और शहद मिलाकर भी नेचुरल स्क्रब बना सकते हैं। इससे त्वचा साफ होने के साथ-साथ मुलायम भी रहती है।
नींबू और खीरे का पैक
खीरा त्वचा को ठंडक देता है और नींबू स्किन टोन को साफ करने में मदद करता है। खीरे का रस निकाल लें और उसमें कुछ बूंदें नींबू का रस मिलाएं। कॉटन की मदद से इसे पैरों के टैनिंग वाले हिस्से पर लगाएं। करीब 15 मिनट बाद ठंडे पानी से धो लें। बेहतर परिणाम के लिए इसे हफ्ते में 3 बार इस्तेमाल करें।
आलू और दही का मास्क
यह मास्क डेड स्किन हटाने और पैरों की रंगत निखारने में मदद करता है। एक आलू का रस निकाल लें। उसमें 1 बड़ा चम्मच दही मिलाएं। 1 छोटा चम्मच बेसन डालें। 1 चम्मच नींबू का रस और आधा चम्मच शहद मिलाएं। अब इस पेस्ट को पैरों पर लगाकर आधे घंटे के लिए छोड़ दें। फिर हल्के हाथों से रगड़ते हुए साफ करें और पानी से धो लें। बाद में मॉइस्चराइजर जरूर लगाएं। इसे हफ्ते में 2–3 बार लगाया जा सकता है।
बेसन और दही का घरेलू नुस्खा
दही त्वचा को मॉइस्चराइज करता है, जबकि बेसन टैनिंग हटाने में मदद करता है। दही और बेसन को मिलाकर पेस्ट बना लें और पैरों पर 30 मिनट तक लगाकर रखें। फिर पानी से धो लें। चाहें तो इसमें थोड़ा नींबू रस भी मिला सकते हैं।
टैन रिमूविंग पेस्ट
यह पैक जिद्दी टैनिंग हटाने में मददगार माना जाता है।
सामग्री
गर्म पानी
इनो पाउडर
1 चम्मच नींबू रस
थोड़ा नारियल तेल
शैंपू की कुछ बूंदें
1 चम्मच कॉफी पाउडर
2 चम्मच आटा
इन सभी चीजों को मिलाकर पेस्ट तैयार करें और टैनिंग वाली जगह पर 10 मिनट तक हल्के हाथों से रगड़ें। बाद में साफ पानी से धो लें।
संतरे के छिलके और कच्चे दूध का पैक
संतरे के छिलके में मौजूद विटामिन C त्वचा को साफ और चमकदार बनाने में मदद करता है। 2 चम्मच संतरे के छिलके का पाउडर लें। उसमें 3 चम्मच कच्चा दूध मिलाएं। चाहें तो 1 चम्मच चावल का आटा भी मिला सकते हैं। इस पेस्ट को पैरों पर लगाएं और 30 मिनट बाद धो लें। इससे टैनिंग धीरे-धीरे कम होने लगती है।
पैरों को मॉइस्चराइज करना न भूलें
पैर रोजाना धूप, धूल और गंदगी के संपर्क में आते हैं। इसलिए बाहर से आने के बाद पैरों को गुनगुने पानी से धोना जरूरी है। पैरों को साफ करने के बाद अच्छी क्वालिटी का मॉइस्चराइजर जरूर लगाएं। रात को सोने से पहले पैरों को मॉइस्चराइज करने से त्वचा नरम और मुलायम बनी रहती है।
लेखिका- Shahnaz Husain अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सौंदर्य विशेषज्ञ ‘हर्बल क्वीन’ के नाम से लोकप्रिय हैं।