
नारी डेस्क: राजस्थान के जयपुर में एक स्कूल में कथित तौर पर आत्महत्या करने वाली नौ साल की अमायरा के माता-पिता ने उसके क्लासरूम का नया CCTV फुटेज जारी किया है। उनका आरोप है कि उनकी बेटी को उसके क्लासमेट्स बार-बार परेशान करते थे। परिवार ने कहा कि मदद मांगने पर उन्हें टीचर से वैसी प्रतिक्रिया नहीं मिली जैसी उन्होंने उम्मीद की थी। उन्होंने जुवेनाइल जस्टिस (बच्चों की देखभाल और सुरक्षा) एक्ट के तहत सभी ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की अपनी मांग दोहराई।

8 महीने बाद स्कूल का फुटेज जारी
PTI न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक लड़की के परिवार ने जो फ़ुटेज जारी किया है, उसे वे इस बात के सबूत के तौर पर पेश कर रहे हैं कि लगातार बुलीइंग (परेशान किए जाने) और स्कूल की तरफ से दखल न देने की वजह से बच्ची की मौत हुई। चौथी क्लास की छात्रा ने कथित तौर पर पिछले साल 1 नवंबर को स्कूल की बिल्डिंग की चौथी मंज़िल से छलांग लगा दी थी। उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के लगभग आठ महीने बाद, राजस्थान पुलिस ने हाल ही में इस मामले में अदालत के सामने चार्जशीट दाखिल की। परिवार के मुताबिक, हाल ही में जारी CCTV फुटेज में घटना से कुछ देर पहले क्लासरूम के अंदर की सारी बातें कैद हैं।
शिकायत करने पर भी स्कूल ने नहीं सुनी बच्ची की बात
परिवार ने दावा किया कि वीडियो में लड़की नॉर्मल तरीके से क्लासरूम में आती है, एक क्लासमेट को नमस्ते करती है और एक डांस एक्टिविटी में हिस्सा लेती है, जिसके बाद कहा जाता है कि दूसरे स्टूडेंट्स उसे बार-बार बुली करते हैं। परिवार ने आरोप लगाया कि परेशानी के साफ निशान होने के बावजूद, टीचरों ने बच्ची को ठीक से रोका या सुरक्षा नहीं दी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित फुटेज में लड़की एक टीचर के पास जाती है और फिर क्लासरूम से बाहर निकलती है, वह साफ तौर पर परेशान दिख रही है। लड़की के माता-पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने कई बार मदद मांगी थी, लेकिन स्कूल ने सही तरीके से कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने मांग की कि जहां भी कानूनी तौर पर ज़रूरी हो, वहां आत्महत्या के लिए उकसाने से जुड़े आरोप भी शामिल किए जाएं और उनकी बेटी की मौत की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच हो।

बच्चों की सुरक्षा पर उठा सवाल
माता-पिता ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल मैनेजमेंट के दबाव में पुलिस ने मामले की ठीक से जांच नहीं की और यह पता लगाने में नाकाम रही कि क्लासरूम के अंदर क्या हुआ था। संयुक्त अभिभावक संघ के राज्य अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने कहा कि इस मामले ने स्कूलों में जवाबदेही को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा की हैं। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा के नियमों को सख्ती से लागू करने, सबूत सुरक्षित रखने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। संगठन के राज्य प्रवक्ता अभिषेक जैन ने कहा कि इस मामले ने प्राइवेट स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा के सिस्टम की कमियों को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्कूलों में एंटी-बुलिंग पॉलिसी, क्वालिफाइड काउंसलर, व्यापक CCTV सर्विलांस और शिकायतों के निपटारे का असरदार सिस्टम होना चाहिए।