नारी डेस्क: क्लाइमेट एक्टिविस्ट और शिक्षा सुधारों के पक्षधर सोनम वांगचुक पिछले 17 दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनका यह आंदोलन छात्रों से जुड़े मुद्दों और हाल ही में सामने आए नीट पेपर लीक मामले को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग पर केंद्रित है। इसी बीच बॉलीवुड और फिल्म जगत की कई चर्चित हस्तियां भी उनके समर्थन में सामने आई हैं। सोशल मीडिया से लेकर जंतर-मंतर तक, कई कलाकारों ने वांगचुक के आंदोलन का समर्थन करते हुए उनकी सेहत पर चिंता जताई है और सरकार से इस मामले में जल्द संवाद करने की अपील की है।
प्रकाश राज ने जंतर-मंतर पहुंचकर जताया समर्थन
अभिनेता प्रकाश राज ने सीधे जंतर-मंतर पहुंचकर सोनम वांगचुक से मुलाकात की और उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने उन मांगों का भी समर्थन किया जिनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की बात उठाई जा रही है।
जीनत अमान ने सरकार से बातचीत की अपील की
दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट साझा कर सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवाद सबसे प्रभावी रास्ता होता है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह जल्द से जल्द सोनम वांगचुक से बातचीत करे ताकि इस गतिरोध का शांतिपूर्ण समाधान निकल सके।
ओमी वैद्य बोले 'मैं नहीं चाहता कि यह व्यक्ति मर जाए'
फिल्म 3 इडियट्स में 'चतुर' का किरदार निभाकर लोकप्रिय हुए अभिनेता ओमी वैद्य ने भी वीडियो संदेश जारी कर सोनम वांगचुक का समर्थन किया। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि वह नहीं चाहते कि एक ऐसा व्यक्ति, जिसने समाज और शिक्षा के लिए इतना योगदान दिया है, उसकी जान खतरे में पड़े। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी व्यस्त दिनचर्या से थोड़ा समय निकालकर इस आंदोलन और इससे जुड़ी मांगों को समझें और इस मुद्दे पर जागरूकता बढ़ाएं।
आयशा खान ने मीडिया से की व्यापक कवरेज की अपील
अभिनेत्री आयशा खान ने भी सोशल मीडिया के जरिए अपना समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने ओमी वैद्य का वीडियो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा करते हुए सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर चिंता जाहिर की। इसके साथ ही उन्होंने मीडिया से अनुरोध किया कि इस मुद्दे को अधिक से अधिक प्रमुखता से दिखाया जाए, ताकि देशभर के लोगों तक इसकी जानकारी पहुंच सके।
नसीरुद्दीन शाह ने आंदोलनकारियों से की अनशन समाप्त करने की अपील
वरिष्ठ अभिनेता नसीरुद्दीन शाह भी जंतर-मंतर पहुंचे और आंदोलनकारियों से मुलाकात की। उन्होंने सोनम वांगचुक और अन्य प्रदर्शनकारियों से स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की। साथ ही उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का समर्थन किया।
स्वरा भास्कर ने छात्रों के साथ खड़े होने की बात कही
अभिनेत्री स्वरा भास्कर भी जंतर-मंतर पहुंचीं और आंदोलन में शामिल लोगों के साथ अपनी एकजुटता दिखाई। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। स्वरा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि वह छात्रों और आंदोलनकारियों के साथ मजबूती से खड़ी हैं।

अभय देओल ने जवाबदेही की लड़ाई बताया आंदोलन
अभिनेता अभय देओल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सोनम वांगचुक की तस्वीर साझा करते हुए टूटे दिल वाला इमोजी पोस्ट किया। इसके साथ उन्होंने लिखा कि यह आंदोलन केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनी हुई सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करने की लड़ाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मुद्दे का समाधान संवाद और संवेदनशीलता के जरिए निकलेगा।
बढ़ता जा रहा है समर्थन
सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल को लगातार विभिन्न क्षेत्रों से समर्थन मिल रहा है। फिल्मी हस्तियों के खुलकर सामने आने के बाद इस आंदोलन को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई है। कई लोग सरकार और आंदोलनकारियों के बीच जल्द बातचीत की मांग कर रहे हैं, जबकि समर्थकों का कहना है कि छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर समय रहते ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।