
नारी डेस्क : टीवी और बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री मौनी रॉय एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर उनका नाम टीवी अभिनेता अर्जुन बिजलानी के साथ जोड़ा जाने लगा। दोनों का एक वीडियो सामने आने के बाद डेटिंग की अफवाहों ने जोर पकड़ लिया। हालांकि अब अर्जुन बिजलानी ने इन खबरों पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए साफ कर दिया है कि इन दावों में कोई सच्चाई नहीं है।
रेस्टोरेंट से बाहर आते दिखे दोनों, शुरू हुई चर्चाएं
दरअसल, एक पैपराजी पेज ने मौनी रॉय और अर्जुन बिजलानी का वीडियो शेयर किया, जिसमें दोनों मुंबई के एक रेस्टोरेंट से बाहर निकलते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर कई लोगों ने दोनों के रिश्ते को लेकर कयास लगाने शुरू कर दिए और इसे डेटिंग से जोड़कर पेश किया जाने लगा।
अर्जुन बिजलानी ने दिया करारा जवाब
इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए अर्जुन बिजलानी ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उनकी और मौनी रॉय की दोस्ती 15 साल से भी ज्यादा पुरानी है, लेकिन कुछ क्लिकबेट पेज सिर्फ व्यूज बटोरने के लिए हर दोस्ती को रोमांटिक रिश्ता बनाकर पेश कर देते हैं।
अर्जुन ने लिखा कि
"प्रिय क्लिकबेट पेजों, दो लोग जो 15 साल से दोस्त हैं, उन्हें अचानक कपल बना दिया जाता है। सिर्फ वेबसाइट पर व्यूज बढ़ाने के लिए ऐसी अफवाहें फैलाना सही नहीं है। किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी जांच-पड़ताल करना जरूरी है।
हर दोस्ती को रोमांस मत बनाइए
अर्जुन बिजलानी ने आगे कहा कि यह बेहद दुखद है कि कुछ लोग अपने फायदे के लिए किसी भी मुलाकात को झूठी प्रेम कहानी में बदल देते हैं। उन्होंने कहा कि हर दोस्ती को रोमांटिक एंगल देना गलत है और ऐसी खबरें दोनों लोगों की छवि को भी प्रभावित करती हैं।
'नागिन' से शुरू हुई थी दोस्ती
मौनी रॉय और अर्जुन बिजलानी ने कलर्स टीवी के लोकप्रिय शो 'नागिन' में साथ काम किया था। इसी दौरान दोनों की अच्छी दोस्ती हुई, जो आज भी कायम है। दोनों अक्सर एक-दूसरे के साथ नजर आते हैं और सोशल मीडिया पर भी अच्छी बॉन्डिंग शेयर करते हैं।
अर्जुन की शादीशुदा जिंदगी
बता दें कि अर्जुन बिजलानी ने साल 2013 में अपनी लॉन्ग-टर्म गर्लफ्रेंड नेहा स्वामी से शादी की थी। दोनों का एक बेटा भी है और अर्जुन अक्सर अपने परिवार के साथ तस्वीरें और वीडियो साझा करते रहते हैं। ऐसे में मौनी रॉय के साथ उनका नाम जोड़े जाने पर उन्होंने साफ शब्दों में इन अफवाहों को खारिज कर दिया।