
नारी डेस्क: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और टीवी एक्ट्रेस उर्फी जावेद एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार मामला उनके धर्म और पहचान से जुड़ा है, जिस वजह से सोशल मीडिया पर जबरदस्त बहस छिड़ गई है। दरअसल, कुछ सोशल मीडिया पोस्ट्स और वीडियो में यह दावा किया गया कि उर्फी जावेद ने इस्लाम छोड़ दिया है और अपना नाम बदलकर “गीता भारद्वाज” रख लिया है। इन दावों के सामने आते ही इंटरनेट पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलने लगीं।
नाम और धर्म बदलने के दावे पर मचा बवाल
जैसे ही यह खबर वायरल हुई, कुछ लोगों ने इसे उर्फी का निजी फैसला बताते हुए उनका समर्थन किया, तो वहीं कई यूज़र्स ने इस पर सवाल उठाए और आलोचना भी की। आस्था और पहचान से जुड़ा मुद्दा होने की वजह से मामला और ज्यादा संवेदनशील हो गया और लगातार ट्रेंड करने लगा।
उर्फी जावेद ने बताया सच
इन सभी दावों पर अब उर्फी जावेद ने खुद प्रतिक्रिया दी है। आईएएनएस से बातचीत में उर्फी ने साफ कहा कि उन्होंने बहुत पहले ही धर्म को छोड़ दिया था। उन्होंने कहा, “मैं खुद बहुत पहले धर्म छोड़ चुकी हूं। अब ये लोग ऐसी बातें क्यों बना रहे हैं, मुझे समझ नहीं आता।”
‘मैं नास्तिक हूं’ उर्फी का साफ बयान
अपना नाम “गीता भारद्वाज” रखने की खबरों को उर्फी ने पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा, “ये किसने कहा? ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं है। ये लोग खुद ही बातें बना रहे हैं। मैं किसी भी धर्म को नहीं मानती, मैं नास्तिक हूं। जिसे कहीं होना ही नहीं है, उसे आप कहां से निकालेंगे?”
फैजान अंसारी के दावे क्या थे?
दरअसल, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर फैजान अंसारी ने एक वीडियो शेयर कर दावा किया था कि उर्फी जावेद को मुस्लिम समुदाय ने इस्लाम से बाहर कर दिया है और उनका नाम बदल दिया गया है। फैजान ने आरोप लगाया कि उर्फी अपने बयानों और व्यवहार से मुस्लिम समुदाय की छवि खराब कर रही हैं।
उर्फी ने बताया ‘बकवास’
उर्फी जावेद ने फैजान अंसारी के इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें “बकवास” बताया। उन्होंने साफ कहा कि न तो उन्होंने अपना नाम बदला है और न ही किसी धर्म में शामिल होने या छोड़ने जैसा कोई नया फैसला लिया है।
सोशल मीडिया पर जारी है बहस
फिलहाल, उर्फी जावेद का यह बयान सामने आने के बाद भी सोशल मीडिया पर बहस थमती नजर नहीं आ रही है। कोई उनके निजी फैसले का समर्थन कर रहा है, तो कोई इस मुद्दे पर सवाल उठा रहा है। एक बार फिर उर्फी अपने बेबाक अंदाज़ और साफ बयान की वजह से सुर्खियों में हैं।