नारी डेस्क : घर की सफाई के लिए लोग अक्सर महंगे केमिकल क्लीनर का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक साधारण और प्राकृतिक चीज भी जिद्दी दाग-धब्बों को आसानी से साफ कर सकती है? साइट्रिक एसिड (Citric Acid) ऐसा ही एक असरदार घरेलू उपाय है, जो टॉयलेट, बाथरूम, केतली, वॉशिंग मशीन और यहां तक कि जंग लगी धातु की चीजों को भी चमका सकता है। नींबू, संतरा और अन्य खट्टे फलों में पाया जाने वाला साइट्रिक एसिड न सिर्फ सफाई में मदद करता है, बल्कि यह पर्यावरण के लिए भी अपेक्षाकृत सुरक्षित विकल्प माना जाता है। यही वजह है कि आजकल कई लोग केमिकल क्लीनर की जगह इसका इस्तेमाल करना पसंद कर रहे हैं।
क्यों खास है साइट्रिक एसिड?
साइट्रिक एसिड की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह चूने की परत (Limescale), जंग, साबुन के दाग और गंदगी को हटाने में मदद कर सकता है। इसके अलावा यह बैक्टीरिया को कम करने और घर में ताजगी बनाए रखने में भी सहायक माना जाता है।
टॉयलेट के जिद्दी दाग ऐसे करें साफ: अगर टॉयलेट बाउल में पीले या भूरे रंग के दाग जम गए हैं, तो साइट्रिक एसिड कारगर साबित हो सकता है।

कैसे करें इस्तेमाल?
टॉयलेट बाउल में 2 से 3 चम्मच साइट्रिक एसिड डालें।
इसे कम से कम 1 घंटे के लिए छोड़ दें।
पुराने और जिद्दी दागों के लिए रातभर छोड़ सकते हैं।
इसके बाद ब्रश से रगड़ें और फ्लश कर दें।
इससे टॉयलेट की सफाई आसान हो सकती है और दाग हटाने में मदद मिल सकती है।
केतली में जमी सफेद परत होगी साफ
समय के साथ केतली के अंदर सफेद खनिज परत जम जाती है।
इसे हटाने के लिए केतली में आधा पानी भरें।
1 से 2 चम्मच साइट्रिक एसिड मिलाएं।
पानी को उबाल लें।
15-20 मिनट तक छोड़ दें।
बाद में पानी फेंककर केतली को अच्छी तरह धो लें।

वॉशिंग मशीन और डिशवॉशर की सफाई: खारे पानी और लगातार इस्तेमाल से मशीनों के अंदर परत जम सकती है।
सफाई का तरीका
डिटर्जेंट कंपार्टमेंट में 4 से 5 चम्मच साइट्रिक एसिड डालें।
मशीन को खाली हॉट वॉश साइकिल पर चलाएं।
इससे मशीन के अंदर जमा गंदगी और खनिज परत साफ करने में मदद मिल सकती है।
जंग लगी चीजों को भी बना सकता है नया जैसा
अगर लोहे के औजार, सिंक या अन्य धातु की वस्तुओं पर जंग लग गई है, तो साइट्रिक एसिड का इस्तेमाल किया जा सकता है।
कैसे करें इस्तेमाल?
गर्म पानी में 2 से 3 चम्मच साइट्रिक एसिड मिलाएं।
जंग लगी वस्तु को कुछ घंटों तक इसमें भिगो दें।
बाद में ब्रश से साफ करके पानी से धो लें।

नल और शॉवरहेड की चमक लौटाए
नल और शॉवरहेड पर अक्सर मिनरल्स की मोटी परत जम जाती है।
गर्म पानी में साइट्रिक एसिड मिलाएं।
एक कपड़े को इस घोल में भिगोकर नल या शॉवरहेड पर लपेट दें।
लगभग 1 घंटे बाद साफ करें।
इससे उनकी पुरानी चमक वापस लाने में मदद मिल सकती है।
इस्तेमाल से पहले ध्यान रखें इन बातों पर
साइट्रिक एसिड का उपयोग करते समय दस्ताने पहनना बेहतर होता है।
संगमरमर (Marble) और चुरल चीजों पर इसका इस्तेमाल न करें।
उपयोग के बाद सतह को साफ पानी से जरूर धो लें।
अगर आप बिना महंगे केमिकल क्लीनर के घर की सफाई करना चाहते हैं, तो साइट्रिक एसिड एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। यह टॉयलेट के दाग, जंग, चूने की परत और कई घरेलू गंदगियों को हटाने में मदद करता है, जिससे आपका घर साफ और चमकदार नजर आ सकता है।