
नारी डेस्क: शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट होने वाला है, जिसमें अब बस कुछ ही घंटे बचे हैं। यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में होने वाले इस कॉन्सर्ट के लिए एक विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें बताया गया है कि लोधी रोड और कोटला रेड लाइट के बीच भीष्म पितामह मार्ग पर ट्रैफिक से जुड़ी पाबंदियां रहेंगी।
दर्शकों को मेट्रो से आने की अपील
दिल्ली पुलिस ने कॉन्सर्ट में जाने वालों से मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है, क्योंकि JLN स्टेडियम मेट्रो स्टेशन काफी पास है और वेन्यू (कार्यक्रम स्थल) पर पार्किंग की सुविधा नहीं है। DCP ने कहा- "कॉन्सर्ट के लिए हमने लोगों के लिए एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। लोधी रोड से कोटला रेड लाइट तक भीष्म पितामह मार्ग पर असर पड़ेगा। सड़क मार्ग से आने वालों के लिए हमने कई पिकअप और ड्रॉप-ऑफ पॉइंट बनाए हैं। वेन्यू पर पार्किंग की कोई सुविधा नहीं है, इसलिए हमने लोगों से अपील की है कि वे ज़्यादातर मेट्रो से आएं। JLN स्टेडियम मेट्रो स्टेशन यहा से बहुत करीब है। अगर कोई अपनी गाड़ी या कैब से आ रहा है, तो वे पिकअप और ड्रॉप-ऑफ पॉइंट का इस्तेमाल कर सकते हैं।
कहीं भी गाड़ियां पार्क ना करने की नसीहत
इन पिकअप और ड्रॉप पॉइंट की जानकारी ओला (Ola), उबर (Uber) और गूगल मैप्स (Google Maps) को दे दी गई है। DCP ने कहा- "जब भी लोग JLN स्टेडियम सर्च करेंगे, तो उन्हें अपना गेट नंबर डालना होगा। गेट नंबर के हिसाब से ओला (Ola), उबर (Uber) और गूगल (Google) पर सबसे नज़दीकी पिकअप और ड्रॉप-ऑफ लोकेशन दिखाई देगी। इसके अलावा, हमारी लोगों से अपील है कि वे सड़क पर कहीं भी अपनी गाड़ियां पार्क न करें - चाहे वह बीपी मार्ग हो, लाला लाजपत राय मार्ग हो या बारापुल्ला - क्योंकि ये मुख्य रास्ते हैं जहाँ से लोग आएंगे। कड़ी सुरक्षा के बीच, प्रशंसक स्टेडियम की ओर पहुंचने लगे हैं। एक प्रशंसक ने शो को लेकर अपना उत्साह ज़ाहिर किया। उन्होंने कहा- "मैंने दिलजीत के कई कॉन्सर्ट देखे हैं, लेकिन इस बार यहां बहुत भारी भीड़ आ रही है। मैनेजमेंट ने सख्त निर्देश दिए हैं कि लोग समय पर पहुंचें और यहां पूरी चेकिंग होगी। हम मजलिस पार्क से आए हैं, यहां सुरक्षा बहुत कड़ी है।"
चर्चा में दिलजीत दोसांझ का दिल्ली कॉन्सर्ट
हाल ही में दिलजीत दोसांझ का दिल्ली कॉन्सर्ट तब चर्चा में आ गया था, जब ऐसी खबरें आईं कि दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा खतरों, बहुत कम समय की सूचना और त्योहारों के मौसम में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की व्यस्तताओं का हवाला देते हुए, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में उनके शो की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। हालांकि, एक दिन बाद दिल्ली पुलिस ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिलजीत के कॉन्सर्ट के लिए अनुमति दे दी। यह फैसला दिल्ली पुलिस के अधिकारियों और आयोजकों के बीच कई दौर की बैठकों के बाद लिया गया, जिसमें आयोजकों ने सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को दूर करने के लिए विस्तृत सुरक्षा योजनाएं पेश कीं। दिल्ली के शो के बाद, इस टूर के तहत आगे के कार्यक्रम इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु और लखनऊ में होंगे। चंडीगढ़ भी इस टूर का हिस्सा होगा, जिसके शो की जानकारी बाद में दी जाएगी।