
नारी डेस्क : टीवी और बॉलीवुड अभिनेत्री हिना खान इन दिनों तुर्किए में छुट्टियां मना रही हैं। वह लगातार अपनी वेकेशन की खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कर रही हैं, लेकिन इस बार ये तस्वीरें उनके लिए खुशी के बजाय ट्रोलिंग की वजह बन गई हैं। तुर्किए में वेकेशन मनाने को लेकर हिना खान को सोशल मीडिया पर जमकर निशाना बनाया जा रहा है।
इस्तांबुल की सुकून भरी सुबह ने बटोरी सुर्खियां
हिना खान ने हाल ही में अपनी इस्तांबुल ट्रिप से कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह एक शांत सुबह का आनंद लेती नजर आ रही हैं। तस्वीरों में हिना नाश्ते की मेज पर बैठी हुई हैं, उनके आसपास पक्षी मंडरा रहे हैं और वह मुस्कुराते हुए उन्हें दाना खिलाती दिख रही हैं। बैकग्राउंड में हागिया सोफिया और ब्लू मस्जिद की भव्यता साफ नजर आ रही है।

सादगी में छुपी खुशी
इन तस्वीरों के साथ हिना ने कैप्शन में लिखा कि सच्ची खुशी शोर-शराबे या बड़ी उपलब्धियों में नहीं, बल्कि रोजमर्रा के छोटे-छोटे पलों में छिपी होती है। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक शहर इस्तांबुल के बीच बिताई गई यह सुबह उनके लिए बेहद खास और सुकून देने वाली रही। हिना के मुताबिक यह सिर्फ एक ट्रैवल मोमेंट नहीं, बल्कि दिल को छू लेने वाला अनुभव था।
परिवार संग भी शेयर की थीं तुर्किए ट्रिप की झलकियां
इससे पहले भी हिना खान ने अपने पति रॉकी जैसवाल, मां और परिवार के साथ तुर्किए ट्रिप की तस्वीरें शेयर की थीं। उन्होंने वहां के पारंपरिक तुर्की नाश्ते, मेहमाननवाजी और माहौल की जमकर तारीफ की थी। हिना ने तुर्किए के अनुभव को “दिल छू लेने वाला” बताते हुए कहा था कि एक बार वहां जाना जिंदगी भर की याद बन जाता है।

क्यों हो रही है हिना खान की ट्रोलिंग?
इन पोस्ट्स के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने हिना खान को जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि एक भारतीय नागरिक होने के नाते उन्हें तुर्किए को बॉयकॉट करना चाहिए था। यूजर्स ने याद दिलाया कि पिछले साल पहलगाम हमले के बाद तुर्किए ने भारत के बजाय पाकिस्तान का समर्थन किया था।
सोशल मीडिया पर यूजर्स का गुस्सा
एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, मैं हमेशा आपके काम की सराहना करता रहा हूं, लेकिन इस समय तुर्की पर्यटन का प्रचार करना सही नहीं लगता। एक भारतीय होने के नाते आपसे उम्मीद थी कि आप हमारे देश के खिलाफ जाने वाली किसी चीज का समर्थन नहीं करेंगी। वहीं कई अन्य यूजर्स ने लिखा कि भारत के खिलाफ रुख अपनाने वाले देशों के पर्यटन को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए और पहलगाम जैसी घटनाओं को भुलाया नहीं जा सकता।

फैंस से जुड़ी रहती हैं हिना खान
हिना खान सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के बेहद करीब रहती हैं। उन्होंने अपनी कैंसर से जंग के दौरान भी फैंस से दूरी नहीं बनाई और समय-समय पर अपनी सेहत से जुड़ी हर अपडेट साझा की। हालांकि इस बार उनकी तुर्किए ट्रिप की तस्वीरें जहां कुछ लोगों को पसंद आईं, वहीं कई लोग इसे लेकर नाराज भी नजर आए।