नारी डेस्क: 79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में इस बार सिर्फ बॉलीवुड सितारों ही नहीं, बल्कि कई नए चेहरे भी अपने फैशन और स्टाइल को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच बिहार की करोड़पति बहू और बिजनेसवुमन सीमा सिंह ने भी कान्स के रेड कार्पेट पर शानदार डेब्यू किया। बेटे के साथ उनकी एंट्री ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सीमा ने इस खास मौके पर साड़ी पहनकर भारतीय संस्कृति और मॉडर्न फैशन का ऐसा खूबसूरत मेल दिखाया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। उनका पूरा लुक रॉयल, एलिगेंट और बेहद क्लासी नजर आया।
साड़ी में दिखा ट्रेडिशन और मॉडर्न फैशन का खूबसूरत मेल
कान्स रेड कार्पेट के लिए सीमा सिंह ने आइवरी शेड की मॉडर्न साड़ी चुनी, जिसमें गाउन सिल्हूट का फ्यूजन देखने को मिला। यह आउटफिट पूरी तरह से इंडियन हेरिटेज, क्राफ्टमैनशिप और महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया था। खास बात यह रही कि सीमा ने इस आउटफिट को डिजाइनर डॉली जे के साथ मिलकर खुद डिजाइन किया। उनकी संस्था ‘सीमा सिंह स्वयं शक्ति’ के कारीगरों ने इसे तैयार किया। साड़ी की हर बारीकी भारतीय कला और कारीगरी की खूबसूरती को बखूबी दिखा रही थी।

हैवी एम्ब्रॉयडरी और पर्ल डिटेलिंग ने बढ़ाई खूबसूरती
सीमा की इस साड़ी पर बारीक एम्ब्रॉयडरी, थ्रेडवर्क और सिल्वर सीक्विन्स का खूबसूरत काम किया गया था। आउटफिट में शिमरी इफेक्ट होने के बावजूद उसका लुक बेहद सॉफ्ट और एलिगेंट दिखाई दे रहा था। साड़ी के पल्लू को नेट फैब्रिक में रखा गया था, जिसे उन्होंने बेहद स्टाइलिश तरीके से कैरी किया। इसके साथ पहनी गई पर्ल टैसल्स वाली केप पूरे लुक की सबसे खास हाइलाइट बन गई। इस केप ने उनके ट्रेडिशनल लुक में मॉडर्न ग्लैमर का तड़का लगा दिया।
ब्लाउज में दिखा मॉडर्न टच
साड़ी के साथ मैचिंग ब्लाउज को सिंपल लेकिन स्टाइलिश डिजाइन दिया गया था। राउंड नेक और हाफ स्लीव्स वाले इस ब्लाउज पर भी सिल्वर सीक्विन्स का खूबसूरत वर्क किया गया था। ब्लाउज और साड़ी का सीमलेस फ्लो पूरे आउटफिट को गाउन जैसी फिनिश दे रहा था, जिससे उनका लुक और भी ज्यादा रॉयल नजर आया।

केप में छिपा था खास संदेश
सीमा सिंह की फ्लोर-लेंथ आइवरी केप सिर्फ एक फैशन एलिमेंट नहीं थी, बल्कि उसके पीछे एक खास कॉन्सेप्ट भी जुड़ा था। केप पर सात चक्रों का प्रतीकात्मक डिजाइन बनाया गया था, जो ‘7 चक्र, 1 नेशन, 1 वूमन और 1 एक्स्ट्राऑर्डिनरी पर्पज’ को दर्शाता है। इसके साथ ही केप पर बने ब्रह्म कमल को साहस, उम्मीद और मुश्किल समय में भी खिलते रहने का प्रतीक बताया गया। सीमा के मुताबिक, यह आउटफिट सिर्फ फैशन नहीं बल्कि महिला सशक्तिकरण और भारतीय विरासत को दुनिया के सामने पेश करने की एक कोशिश थी।
पर्ल जूलरी ने बढ़ाया लुक का एलिगेंस
अपने लुक को कंप्लीट करने के लिए सीमा ने डायमंड और पर्ल डिटेलिंग वाली जूलरी चुनी। लेयर्ड नेकपीस, स्टड ईयररिंग्स और पर्ल ब्रेसलेट उनके आउटफिट के साथ बेहद खूबसूरत लग रहे थे। उन्होंने मेकअप को ज्यादा हैवी रखने की बजाय न्यूड ग्लॉसी टोन में रखा, जो उनके आइवरी आउटफिट के साथ परफेक्ट लग रहा था। वहीं सॉफ्ट कर्ल्स वाले खुले बालों ने उनके पूरे लुक को और ज्यादा ग्रेसफुल बना दिया।

बेटे का लुक भी रहा चर्चा में
सीमा सिंह के बेटे ने भी ऑल ब्लैक इंडो-वेस्टर्न आउटफिट पहनकर स्टाइलिश एंट्री ली। उनका लुक बेहद क्लासी और सटल था, जो मां के ग्लैमरस अंदाज को खूबसूरती से कॉम्प्लिमेंट कर रहा था। फैशन एक्सपर्ट्स मानते हैं कि आइवरी और पर्ल्स का कॉम्बिनेशन हमेशा से क्लासी और टाइमलेस माना जाता है। आइवरी का सॉफ्ट और रॉयल टोन जब पर्ल्स की नेचुरल शाइन के साथ मिलता है, तो लुक बेहद एलिगेंट नजर आता है। यही वजह है कि यह कॉम्बो ब्राइडल लुक से लेकर रेड कार्पेट तक हमेशा पसंद किया जाता है। ट्रेडिशनल और मॉडर्न दोनों तरह के आउटफिट्स के साथ पर्ल्स आसानी से मैच हो जाते हैं और पूरे लुक में रिचनेस जोड़ देते हैं।