नारी डेस्क : खीरा (Cucumber) को आमतौर पर हल्का, ठंडा और हाइड्रेटिंग फल माना जाता है, जिसे खासकर गर्मियों में खूब खाया जाता है। इसके कई फायदे हैं, जैसे शरीर को ठंडक पहुंचाना, पाचन सुधारना, वजन नियंत्रित करना और त्वचा के लिए लाभकारी होना। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर किसी के लिए खीरा सुरक्षित नहीं होता? कुछ लोगों को इसे खाने से नुकसान भी हो सकता है। आइए जानते हैं, किन लोगों को खीरा नहीं खाना चाहिए और इसे खाते समय किन सावधानियों का ध्यान रखना जरूरी है।
कफ दोष वाले लोग
आयुर्वेद के अनुसार खीरे की तासीर ठंडी होती है, जिससे शरीर में कफ दोष बढ़ सकता है। इसलिए जिन लोगों को बार-बार जुकाम, खांसी, बलगम या साइनस की समस्या रहती है, उन्हें खीरा खाने से परहेज करना चाहिए, वरना उनकी परेशानी और बढ़ सकती है।

पाचन संबंधी समस्या वाले लोग
खीरे में फाइबर की मात्रा अधिक होती है। इसके ज्यादा सेवन से गैस, ब्लोटिंग और अपच की समस्या हो सकती है। जिन लोगों को पहले से पाचन संबंधी परेशानी है या IBS (Irritable Bowel Syndrome) है, उन्हें खीरा सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए।
जोड़ों और हड्डियों में दर्द वाले लोग
जिन लोगों को हड्डियों और जोड़ों में दर्द या अकड़न रहती है, उन्हें खीरा ज्यादा नहीं खाना चाहिए। आयुर्वेद में भी इसे इन लोगों के लिए उचित नहीं माना गया है।

यूरिन (पेशाब) संबंधी समस्या वाले लोग
खीरा प्राकृतिक रूप से मूत्रवर्धक (diuretic) होता है, जिससे पेशाब की आवृत्ति बढ़ सकती है। इसलिए जिन लोगों को पहले से बार-बार यूरिन आने की समस्या है, उन्हें खीरा सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए, वरना उनकी परेशानी और बढ़ सकती है।
डायबिटीज (Sugar) के मरीज
खीरा डायबिटीज के मरीजों के लिए आमतौर पर फायदेमंद होता है, लेकिन इसके बीज इन लोगों की सेहत के लिए सुरक्षित नहीं माने जाते। खीरे का अत्यधिक सेवन दवा के असर को कम कर सकता है।

किन लोगों के लिए फायदेमंद है खीरा
जिन लोगों को डिहाइड्रेशन या ड्राई स्किन की समस्या रहती है।
वजन कम करना चाहते हैं।
ब्लड शुगर नियंत्रित करना चाहते हैं।
बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल को कम करना चाहते हैं।
खीरा सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है, लेकिन हर किसी के लिए नहीं। अपनी सेहत और बॉडी कंडीशन के अनुसार खीरे का सेवन करें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर या आयुर्वेद विशेषज्ञ से सलाह लें।