
नारी डेस्क: बॉलीवुड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी के निधन से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। बीते मंगलवार दोपहर 75 साल की उम्र में कृष्णा मुखर्जी ने अंतिम सांस ली। मां के निधन की खबर सामने आने के बाद रानी के करीबी दोस्त और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोग उनके घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना देते नजर आए। रानी मुखर्जी के साथ कई फिल्मों में काम कर चुके आमिर खान भी इस मुश्किल वक्त में उनका साथ देने पहुंचे। आमिर अपनी पत्नी गौरी स्प्रैट के साथ रानी के घर पहुंचे। दोनों को घर के बाहर स्पॉट किया गया। इस दौरान आमिर ने रानी और उनके परिवार से मुलाकात की और कृष्णा मुखर्जी को अंतिम विदाई दी।
शाहरुख खान-गौरी खान भी पहुंचे
कृष्णा मुखर्जी के निधन की खबर सुनकर रानी के कई करीबी बॉलीवुड सितारे उनके घर पहुंचे। शाहरुख खान और गौरी खान भी रानी और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताने पहुंचे। मुश्किल वक्त में दोस्तों और साथी कलाकारों का इस तरह उनके साथ खड़ा होना रानी के लिए भावुक पल रहा होगा।
परिवार ने मांगी प्राइवेसी
कृष्णा मुखर्जी के निधन के बाद परिवार की ओर से एक बयान जारी किया गया। इसमें परिवार ने उनके निधन की जानकारी देते हुए लोगों से इस मुश्किल समय में निजता बनाए रखने की अपील की। परिवार ने अपने बयान में कहा कि वे इस दुख की घड़ी में मिल रहे प्यार और सपोर्ट के लिए सभी के आभारी हैं और लोगों से परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करने की गुजारिश करते हैं।
खुद भी सिनेमा से जुड़ी थीं कृष्णा मुखर्जी
कृष्णा मुखर्जी का फिल्म इंडस्ट्री से रिश्ता सिर्फ रानी मुखर्जी की मां होने तक सीमित नहीं था। वह खुद भी प्लेबैक सिंगिंग से जुड़ी हुई थीं। साल 1982 में रिलीज हुई फिल्म ‘तीसरी आंख’ के गाने ‘ईद के दिन गले मिल ले राजा’ को उन्होंने अपनी आवाज दी थी। इस गाने के लिए उन्हें खास तौर पर याद किया जाता है।
फिल्ममेकर राम मुखर्जी से हुई थी शादी
कृष्णा मुखर्जी की शादी फिल्ममेकर राम मुखर्जी से हुई थी। राम मुखर्जी फिल्मालय स्टूडियो की स्थापना से जुड़े प्रमुख लोगों में शामिल थे। उन्होंने ‘हम हिंदुस्तानी’ और ‘लीडर’ जैसी फिल्मों में भी काम किया था। कृष्णा और राम मुखर्जी के दो बच्चे हैं। उनकी बेटी रानी मुखर्जी बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं, जबकि बेटे राजा मुखर्जी फिल्ममेकर और प्रोड्यूसर हैं। कृष्णा मुखर्जी के निधन से परिवार और उनके करीबी लोगों के बीच शोक का माहौल है।