
नारी डेस्क : फिल्म इंडस्ट्री में आए दिन कलाकार अपने करियर से जुड़े ऐसे अनुभव साझा करते हैं, जो लोगों को हैरान कर देते हैं। हाल ही में अभिनेत्री Priya Bapat ने अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक ऐसा अनुभव साझा किया, जिसे उन्होंने अपनी जिंदगी के सबसे असहज और मुश्किल दौरों में से एक बताया।
करियर की शुरुआत में झेलनी पड़ी असहज स्थिति
एक इंटरव्यू में प्रिया बापट ने बताया कि जब वह इंडस्ट्री में नई थीं, तब एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें एक किसिंग सीन करना पड़ा। उन्होंने कहा कि शुरुआत से ही वह इस सीन को लेकर सहज महसूस नहीं कर रही थीं और उन्होंने कई बार यह सवाल भी उठाया कि कहानी में इस सीन की जरूरत क्या है। हालांकि, करियर के शुरुआती दौर में होने के कारण उन्होंने परिस्थितियों को देखते हुए सीन करने के लिए हामी भर दी। प्रिया ने बताया कि नए कलाकार अक्सर खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं और इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने के लिए कई बार ऐसे काम भी करने पड़ते हैं, जिन्हें वे पूरी तरह से करना नहीं चाहते।

सीन खत्म होने के बाद भी करता रहा Kiss
अभिनेत्री ने दावा किया कि किसिंग सीन पूरा होने के बाद भी उनके सह-कलाकार का व्यवहार उन्हें शर्मिंदा कर रहा था। उनके मुताबिक, सीन के दौरान कई बार अनावश्यक रीटेक लिए गए और सह-कलाकार बार-बार उन्हें किस करता रहा। उस समय वह स्थिति को संभाल नहीं पाईं और खुद को बेहद असहज महसूस करती रहीं। प्रिया ने कहा कि उस दौर में उनके लिए अपनी बात मजबूती से रखना आसान नहीं था, क्योंकि वह इंडस्ट्री में नई थीं और करियर को लेकर कई तरह की चिंताएं थीं।

होटल में भी करता था मैसेज
प्रिया बापट ने यह भी खुलासा किया कि शूटिंग के दौरान उनके एक Co-actor का व्यवहार लगातार परेशान करने वाला था। उन्होंने बताया कि शूटिंग के समय दोनों एक ही होटल में ठहरे हुए थे, हालांकि उनके कमरे अलग-अलग थे। इसके बावजूद वह अभिनेता उन्हें लगातार मैसेज करता था और बार-बार मिलने के लिए कहता था। अभिनेत्री के अनुसार, वह अलग-अलग बहाने बनाकर उन्हें अपने साथ समय बिताने के लिए बुलाता था, लेकिन उन्होंने शुरुआत से ही साफ कर दिया था कि उन्हें ऐसी किसी भी चीज में कोई रुचि नहीं है। प्रिया ने अपनी सीमाएं स्पष्ट रूप से तय कीं और इस तरह के व्यवहार को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।