
नारी डेस्क : Bigg Boss 20 से बाहर होने के बाद रोहेद खान लगातार शो और घर के कंटेस्टेंट्स को लेकर अपनी राय साझा कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने काजी तौकीर के गेम और उनके कथित 'बीमारी वाले एक्ट' पर खुलकर बात की। रोहेद का कहना है कि घर के अंदर उन्हें लगा था कि काजी सच में परेशान हैं, इसलिए वह उनसे बहस करते समय भी अपनी बात खुलकर नहीं रख पाते थे।
'हमें लगा वह सच में बीमारी से जूझ रहे हैं
रोहेद ने बताया कि घर के अंदर उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि काजी कैमरों के सामने एक अलग तरह का गेम खेल रहे हैं। उनके मुताबिक, काजी जब भी किसी बहस के दौरान अपनी बीमारी का जिक्र करते थे तो वह पीछे हट जाते थे। रोहेद ने कहा कि उन्हें लगा कि काजी अपनी स्थिति को लेकर परेशान हैं और इसी वजह से वह उनके साथ खुलकर गेम नहीं खेल पाए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें शुरुआत से पता होता कि काजी इसे गेम के तौर पर कर रहे हैं, तो वह उनसे ज्यादा खुलकर अपनी राय रखते।

बाहर आकर समझ आया कि उनका गेम क्या था
रोहेद ने कहा कि घर से निकलते समय उन्हें काजी के व्यवहार को लेकर बुरा लगा और उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे उनके साथ कुछ छिपाया गया हो। लेकिन बाहर आने के बाद जब उन्होंने पूरी चीजों को दूसरे नजरिए से देखा तो उन्हें काजी का गेम समझ आया। उन्होंने बताया कि उन्होंने काजी से हाथ मिलाया, लेकिन उस समय उन्हें गले नहीं लगाया क्योंकि वह अभी भी उनसे नाराज थे। हालांकि, रोहेद ने कहा कि काजी जब घर से बाहर आएंगे तो वह उनसे बात करेंगे और उन्हें गले भी लगाएंगे।
मैंने कहा था कि तुम बहुत अच्छे एक्टर हो
रोहेद ने एक पुराना किस्सा भी याद किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने मजाक में काजी से कहा था कि वह बहुत अच्छे एक्टर हैं। इसके बाद काजी कथित तौर पर भावुक हो गए और उन्होंने कहा कि रोहेद उनकी बीमारी का मजाक उड़ा रहे हैं। रोहेद के मुताबिक, उस समय उन्हें लगा कि उनकी बात गलत समझी गई और इसी वजह से वह काजी के साथ खुलकर बातचीत नहीं कर पाए।