नारी डेस्क: एक्ट्रेस अंजलि आनंद इन दिनों अपनी फिल्म धमाल 4 को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि, हाल ही में फराह खान के व्लॉग में अंजलि ने अपनी प्रोफेशनल लाइफ को लेकर ऐसी बात कही, जिसने ध्यान खींचा। उन्होंने बताया कि धमाल 4 के बाद फिलहाल उनके पास कोई नया काम नहीं है। इस दौरान अंजलि ने अपने घर पर फराह खान और उनके कुक दिलीप का स्वागत किया और उन्हें अपना लग्जरी बैग कलेक्शन भी दिखाया। अंजलि को करण जौहर की फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी से पहचान मिली थी। फराह खान के व्लॉग में दोनों ने अंजलि के करियर, उनके घर और महंगे बैग्स को लेकर काफी बातचीत की।
अंजलि ने दिखाया लग्जरी बैग कलेक्शन
व्लॉग के दौरान अंजलि ने फराह को अपनी अलमारी दिखाई, जिसमें कई महंगे और अलग-अलग तरह के हैंडबैग रखे हुए थे। इनमें Gucci, YSL और Birkin जैसे लग्जरी ब्रांड के बैग भी शामिल थे। एक काले रंग के YSL टोट बैग को देखकर फराह ने बताया कि यह कभी उनका ड्रीम बैग हुआ करता था, लेकिन इसकी कीमत काफी ज्यादा थी। इस पर अंजलि ने बताया कि उनके एक करीबी दोस्त ने उन्हें Gucci का बैग गिफ्ट किया था। उन्होंने बताया कि वह बैग उन्हें उस समय मिला था, जब वह रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के लिए करण जौहर से मिलने जा रही थीं।
Birkin बैग देखकर फराह खान रह गईं हैरान
अंजलि के कलेक्शन में एक महंगा Birkin टोट बैग भी था। बैग की कीमत का जिक्र होते ही फराह खान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर वे अपनी दो कारें बेच दें, तब जाकर शायद यह बैग खरीद पाएंगी। फराह ने मजाक करते हुए दिलीप से यह तक कहा कि बैग बेचकर बड़ा घर खरीद लेना चाहिए। इस दौरान अंजलि ने भी बताया कि उन्हें बैग्स का बहुत शौक है और वह अलग-अलग जगहों से बैग खरीदती रहती हैं।
कैसे मिला करण जौहर की फिल्म में काम
फराह ने अंजलि से यह भी पूछा कि उन्हें अपने करियर की शुरुआत में ही करण जौहर की फिल्म में काम करने का मौका कैसे मिला। अंजलि ने बताया कि करण जौहर ने उनकी तस्वीर देखी थी और उन्हें एक रोल के लिए पसंद किया। उस किरदार के लिए कई इन्फ्लुएंसर्स पर भी विचार किया गया था, लेकिन करण एक एक्टर को कास्ट करना चाहते थे।
अंजलि ने अपने मुश्किल दौर को याद करते हुए बताया कि 2020 उनके लिए काफी मुश्किल साल था। उस समय वह एक्टिंग छोड़कर विदेश जाने के बारे में भी सोच रही थीं। लॉकडाउन के दौरान काम नहीं मिलने की वजह से उनकी पूरी सेविंग खत्म हो गई थी। वह किराए के घर में अकेली रहती थीं और आर्थिक परेशानियों से गुजर रही थीं। इसी दौरान उनके दोस्तों ने उन्हें गोवा जाने के लिए कहा था। वहीं उन्हें कास्टिंग डायरेक्टर शानू शर्मा का फोन आया। अंजलि ने बताया कि इससे पहले जब भी वह शानू से मिलती थीं, तो वह उनसे कहती थीं कि वजन कम करने के बाद साथ में कुछ काम करेंगे।
ऐसा है अंजलि आनंद का घर
फराह खान के व्लॉग में अंजलि ने अपने घर की भी झलक दिखाई। वह अपनी मां के साथ रहती हैं। घर में कई चीजें काफी अलग और दिलचस्प नजर आईं। घर में फूलों के डिजाइन वाला वॉश बेसिन, डाइट कोक डिजाइन वाला शीशा, लटका हुआ प्रोजेक्टर और बेडरूम के दरवाजे पर लगा 'प्राइवेट' बोर्ड खास तौर पर ध्यान खींच रहे थे। फराह ने अंजलि की मां से धमाल 4 देखने के बाद उनका रिएक्शन भी पूछा। अंजलि की मां ने फिल्म को ठीक बताया और कहा कि यह एक बार देखने लायक है। जब उनसे पूछा गया कि उन्हें फिल्म में अपनी बेटी कैसी लगी, तो उन्होंने बेहद सादगी से कहा, 'ठीक है।'
फराह ने अंजलि से कहा- 'हमारी लड़की को काम दो'
व्लॉग के आखिर में फराह खान और अंजलि ने मिलकर किचन में कोरियन चिकन राइस नूडल्स भी बनाए। इस दौरान फराह ने अंजलि की लंबाई और उनके लुक्स की तारीफ की। अंजलि ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी खूबसूरती का क्या फायदा, जब उन्हें कोई कास्ट ही नहीं कर रहा। इसके जवाब में फराह ने कहा कि अभी-अभी उनकी एक सुपरहिट फिल्म आई है और इस एपिसोड के बाद उन्हें काम मिल जाएगा।
अंजलि की यह बातचीत उनके फैंस को भी काफी पसंद आ रही है। एक तरफ उनका लग्जरी बैग कलेक्शन चर्चा में है, तो दूसरी तरफ उनके काम को लेकर कही गई बातें भी सुर्खियां बटोर रही हैं।